खेल: सहवाग के बेटे आर्यवीर ने 24 बाउंड्री के साथ जड़े 160 रन और अब UAE के लिए खेलेगा ये भारतीय विकेटकीपर

आर्यवीर सहवाग ने अंडर-19 एशिया कप 2026 में मंगलवार को यूएई के खिलाफ विस्फोटक पारी खेली। भरत यूएई की टीम के जरिए शीर्ष स्तर के क्रिकेट में वापसी की योजना बना रहे हैं।

सहवाग के बेटे आर्यवीर ने 24 बाउंड्री के साथ जड़े 160 रन
i

अंडर-19 एशिया कप: आर्यवीर ने दिखाए पिता वीरेंद्र सहवाग वाले 'तेवर', यूएई के खिलाफ 24 बाउंड्री के साथ जड़े 160 रन

आर्यवीर सहवाग ने अंडर-19 एशिया कप 2026 में मंगलवार को यूएई के खिलाफ विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने पिता वीरेंद्र सहवाग के अंदाज ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 168 गेंदों में 7 छक्कों और 17 चौकों के साथ 160 रन कूटे।

अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड (मिनिस्ट्री टर्फ 2) में जारी इस मुकाबले में भारत ने टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी चुनी। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी के साथ आर्यवीर बतौर सलामी बल्लेबाज मैदान पर उतरे। इस जोड़ी के बीच 83 गेंदों में 62 रन की साझेदारी हुई।

लक्ष्य रायचंदानी 32 गेंदों में 2 चौकों के साथ 17 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद आर्यवीर ने वीके विनीत के साथ दूसरे विकेट के लिए 183 गेंदों में 193 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 255 के स्कोर तक पहुंचा दिया।

टीम को आर्यवीर सहवाग के रूप में दूसरा झटका लगा, जिन्होंने 168 गेंदों में 7 छक्कों और 17 चौकों के साथ 160 रन की पारी खेली, जबकि वीके विनीत ने 69 गेंदों में 67 रन बनाए। उनकी इस पारी में 3 छक्के और इतने ही चौके शामिल रहे।

 यूएई की तरफ से नसीम खान ने 10 ओवरों में 48 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि हिदायतुल्लाह खान, नूरुल्लाह अयोबी और कप्तान अयान मिस्बाह ने 1-1 विकेट हासिल किया।

क्रिस गेल इटालिया टी10 लीग में 'वेनिस लाइववायर्स' से जुड़े  

'इटालिया टी10 लीग' में वेस्टइंडीज के दिग्गज खिलाड़ी और पूर्व क्रिकेटर क्रिस गेल 'वेनिस लाइववायर्स' टीम से जुड़ गए हैं। 'यूनिवर्स बॉस' के नाम से मशहूर गेल, लीग के पहले संस्करण के लिए इस फ्रेंचाइजी से जुड़ने को लेकर काफी उत्साहित हैं। 

उन्होंने कहा, "मैं इटालिया टी10 लीग में 'वेनिस लाइववायर्स' का हिस्सा बनने के लिए उत्साहित हूं। क्रिकेट के नए मौकों से जुड़ना और दुनिया भर के फैंस से मिलना हमेशा शानदार होता है। टी10 क्रिकेट रोमांचक, तेज और मनोरंजन से भरपूर है। मैं 'वेनिस लाइववायर्स' के साथ इस सफर का हिस्सा बनने के लिए उत्सुक हूं। आइए, इटली में कुछ मनोरंजन और भरपूर ऊर्जा लाते हैं।"

पूर्व भारतीय क्रिकेटर और पूर्व मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद इस फ्रेंचाइजी के टीम डायरेक्टर हैं। वे गेल के टीम से जुड़ने पर काफी खुश हैं। प्रसाद ने कहा, "क्रिस गेल का आना 'वेनिस लाइववायर्स' के लिए एक बहुत बड़ा प्रोत्साहन है। उच्चतम स्तर पर खेलने और दुनिया की सबसे बड़ी फ्रेंचाइजी लीगों में खेलने का उनका अनुभव हमारी टीम के लिए बेहद मूल्यवान है। अपनी तूफानी बल्लेबाजी के अलावा, उन्हें दबाव वाली स्थितियों की अच्छी समझ है और वे अपने साथियों को प्रेरित करने की क्षमता भी रखते हैं। उनकी मौजूदगी हमारे क्रिकेट माहौल को और मजबूत बनाएगी। हम इतने बड़े कद के खिलाड़ी का अपनी फ्रेंचाइजी में स्वागत करते हुए बहुत खुश हैं।"


पंत मैच जैसी परिस्थितियों में कर रहे अभ्यास, 12 नवंबर को न्यूजीलैंड रवाना होने की उम्मीद

स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट शृंखला से पहले भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ से फिटनेस मंजूरी मिलने की उम्मीद है।

पंत फिटनेस संबंधी मंजूरी मिलने के बाद बृहस्पतिवार को न्यूजीलैंड के लिए रवाना हो सकते हैं। उनकी मौजूदगी टेस्ट टीम को मजबूती प्रदान करेगी।

पंत को शेष भारत की ओर से ईरानी कप में खेलते समय साइड स्ट्रेन (मांसपेशियों में खिंचाव) की चोट लग गई थी। इसके बाद उन्हें शुरुआत में फिटनेस के आधार पर एक अनौपचारिक टेस्ट मैच के लिए भारत ए टीम में शामिल किया गया था। वह सीओई से जरूरी 'आरटीपी' (रिटर्न टू प्ले) यानी खेलों में वापसी से जुड़ा प्रमाणपत्र हासिल नहीं कर सके थे।

इस घटनाक्रम से जुड़े बीसीसीआई के एक सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई को बताया, ‘‘ पंत पूरी तरह फिट हैं। वह आज सीओई में मैच सिमुलेशन (मैच जैसी परिस्थिति) अभ्यास कर रहे हैं। बुधवार को उनका एक और सिमुलेशन सत्र निर्धारित है। दोनों सत्र सफलतापूर्वक पूरे करने के बाद पंत 12 नवंबर को वेलिंगटन के लिए रवाना हो जाएंगे।’’

गौरतलब है कि मौजूदा भारतीय टीम में पंत उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्हें न्यूजीलैंड की धरती पर टेस्ट क्रिकेट खेलने का अनुभव है। भारतीय टीम ने पिछली बार 2020 में न्यूजीलैंड का दौरा किया था और पंत उस दौरे का हिस्सा थे।

यूएई के जरिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की तैयारी में केएस भरत

भारत के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज केएस भरत ने मंगलवार को कहा कि उनकी नजरें फरवरी 2027 में अनिवार्य ब्रेक का समय (कूलिंग ऑफ पीरियड) समाप्त होने के बाद संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की राष्ट्रीय टीम के जरिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी पर टिकी हैं।

भरत ने 2023 से 2024 के बीच भारत के लिए सात टेस्ट मैच खेले थे। उन्होंने इस साल जून में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी जिसके बाद वह दुनिया भर की टी20 लीग में खेलने के पात्र हो गए थे।

अबुधाबी टी10 में एमिरेट्स ईगल्स की ओर से खेल रहे भरत ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘देश के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलना सबसे शानदार एहसास होता है। इसकी बराबरी कोई नहीं कर सकता। लेकिन एक खिलाड़ी के तौर पर आप सिर्फ खेलना चाहते हैं। मैं पिछले कई वर्षों से घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन कर रहा हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन कहीं ना कहीं मुझे महसूस हुआ कि मेरे अंदर अब भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने की क्षमता बाकी है। इसी वजह से मुझे जून में संन्यास जैसा कठिन फैसला लेना पड़ा।’’

अब भरत यूएई की टीम के जरिए शीर्ष स्तर के क्रिकेट में वापसी की योजना बना रहे हैं।


ख्वाजा के दावों को स्टार्क ने खारिज करते हुए कहा, हमें सैंडपेपरगेट की जानकारी नहीं थी

ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने अपने पूर्व साथी खिलाड़ी उस्मान ख्वाजा के इस दावे को खारिज कर दिया है कि 2018 के ‘सैंडपेपरगेट’ (रेगमाल से गेंद की सतह खुरदरी करने का मामला) विवाद की साजिश में पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम शामिल थी जबकि इस मामले में केवल तीन खिलाड़ियों को सजा दी गई थी।

स्टार्क ने कहा, ‘‘मेरी स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया है।’’

जल्द प्रकाशित होने वाली अपनी किताब में ख्वाजा ने कहा है कि तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ, उपकप्तान डेविड वार्नर और सलामी बल्लेबाज कैमरन बैनक्रॉफ्ट को क्रिकेट प्रशासकों ने बलि का बकरा बनाया था जबकि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट के दौरान गेंद की स्थिति बदलने के लिए रेगमाल के इस्तेमाल की योजना के बारे में पूरी टीम को जानकारी थी।

इस मामले में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने स्मिथ और वार्नर पर एक साल के प्रतिबंध के अलावा नेतृत्व संबंधी प्रतिबंध भी लगाए थे।

उस टीम का हिस्सा रहे स्टार्क ने कहा कि वह 2021 में दिए गए अपने उस बयान पर कायम हैं जिसमें उन्होंने इस मामले में अपनी अनभिज्ञता जाहिर की थी।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए