खेल: ICC आचार संहिता के उल्लंघन पर शेफाली वर्मा को फटकार और मिचेल स्टार्क के नाम टेस्ट क्रिकेट में नया रिकॉर्ड

रायपुर में रविवार को भारत की नौ विकेट से जीत के दौरान 22 वर्ष की शेफाली को आईसीसी आचार संहिता के लेवल एक के उल्लंघन का दोषी पाया गया। ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज खिलाड़ी मिचेल स्टार्क टेस्ट क्रिकेट में 450 विकेट हासिल करने वाले दूसरे ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज बन गए हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
i

आईसीसी आचार संहिता के उल्लंघन पर शेफाली को फटकार

भारतीय उपकप्तान शेफाली वर्मा को जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में एक कैच छूटने के बाद हताशा में मैदान पर गेंद जमीन पर फेंकने के कारण आधिकारिक तौर पर फटकार लगाई गई ।

रायपुर में रविवार को भारत की नौ विकेट से जीत के दौरान 22 वर्ष की शेफाली को आईसीसी आचार संहिता के लेवल एक के उल्लंघन का दोषी पाया गया ।

उन्हें खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिये आईसीसी की आचार संहिता की धारा 2.2 के उल्लंघन का दोषी पाया गया है जो किसी अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान क्रिकेट के उपकरणों या कपड़ों, मैदान के उपकरणों, या साजो सामान के दुरूपयोग से संबंधित है ।

आईसीसी की विज्ञप्ति के अनुसार उन पर एक डिमेरिट अंक भी लगाया गया है ।

टी20 रैंकिंग में नंदनी और क्रांति को बढ़त, वनडे में शट-पेरी ने लगाई छलांग

जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच जिताऊ प्रदर्शन के बाद, भारत की नंदनी शर्मा और क्रांति गौड़ को आईसीसी महिला टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में फायदा मिला है। वहीं, बांग्लादेश के खिलाफ 3-0 से क्लीन स्वीप के बाद, ऑस्ट्रेलिया की मेगन शट, एलिस पेरी और एनाबेल सदरलैंड ने वनडे रैंकिंग में अपनी स्थिति बेहतर की है।

भारतीय गेंदबाजों में नंदनी ने सबसे बड़ी छलांग लगाई। जिम्बाब्वे के खिलाफ शुरुआती दो टी20 मुकाबलों में तीन विकेट लेने के बाद, वह 26 स्थान ऊपर चढ़कर 45वें नंबर पर पहुंच गई हैं। इस दाएं हाथ की तेज गेंदबाज ने पहले मैच में 11 रन देकर दो विकेट लिए थे और अब वह अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ 507 रेटिंग प्वाइंट्स तक पहुंच गई हैं। वहीं, क्रांति ने पहले दो मैचों में एक-एक विकेट चटकाए। वह नौ स्थानों की छलांग लगाकर 43वें नंबर पर पहुंच गई हैं।

भारत की बल्लेबाजी रैंकिंग में भी बदलाव देखने को मिला है। दूसरे टी20 में 25 गेंदों पर 55 रन बनाने के बाद, शेफाली वर्मा चौथे स्थान पर बनी हुई हैं। वहीं, सीरीज के पहले मैच में 37 गेंदों पर 49 रन बनाने के बाद, दीप्ति शर्मा एक स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 37वें नंबर पर आ गई हैं।


स्टार्क के नाम रिकॉर्ड, 450 टेस्ट विकेट पूरे करने वाले दूसरे ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज बने

ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज खिलाड़ी मिचेल स्टार्क टेस्ट क्रिकेट में 450 विकेट हासिल करने वाले दूसरे ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज बन गए हैं। स्टार्क ने यह उपलब्धि दूसरे टेस्ट की पहली पारी में हासिल की, जब तीसरे दिन की शुरुआत में उन्होंने वियान मुल्डर को आउट किया। 

इसी के साथ स्टार्क टेस्ट करियर में 450 विकेट हासिल करने वाले ग्लेन मैक्ग्रा के बाद दूसरे ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज और कुल मिलाकर चौथे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बन गए हैं।

ऑस्ट्रेलिया की तरफ से 450 विकेट हासिल करने वाले खिलाड़ियों में दिग्गज स्पिनर शेन वॉर्न शीर्ष पर हैं, जिन्होंने अपने टेस्ट करियर में 708 विकेट चटकाए। वहीं, स्पिनर नाथन लियोन 573 विकेट के साथ इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं। तेज गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्रा (563) लिस्ट में तीसरे पायदान पर हैं।

मिचेल स्टार्क ने सिर्फ 109 मुकाबलों में 450 टेस्ट विकेट का आंकड़ा छुआ। इसी के साथ स्टार्क सबसे कम मुकाबलों में इस आंकड़े को छूने वाले ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की लिस्ट में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। ग्लेन मैक्ग्रा ने ऐसा 100वें टेस्ट मैच में किया था, जबकि शेन वॉर्न ने यहां तक पहुंचने के लिए 101 मुकाबले खेले।

 वैश्विक स्तर पर बात करें, तो मुथैया मुरलीधरन इस लिस्ट में शीर्ष पर हैं, जिन्होंने 80 टेस्ट मुकाबलों में यह आंकड़ा छुआ था। वहीं, भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन (89) इस फेहरिस्त में दूसरे पायदान पर मौजूद हैं। अश्विन के हमवतन अनिल कुंबले ने यहां तक पहुंचने के लिए 93 टेस्ट मैच खेले थे।

वनडे ट्राई सीरीज: अटल की शतकीय पारी, राशिद का चला जादू, अफगानिस्तान ने जिम्बाब्वे को 158 रनों से रौंदा

अफगानिस्तान ने वनडे ट्राई सीरीज के दूसरे मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को 158 रनों से रौंदा। अफगानिस्तान से मिले 295 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की पूरी टीम सिर्फ 136 रन बनाकर ऑलआउट हुई।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। बेन करन बिना खाता खोले फजलहक फारूकी का शिकार बने। इसके बाद ताफदजवा त्सिगा भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हुए। ब्रेंडन टेलर अनलकी रहे और सिर्फ एक रन बनाकर रनआउट हुए। ब्रायन बेनेट 40 गेंदों में 31 रन बनाने के बाद पवेलियन लौटे।

कप्तान सिकंदर रजा अच्छी लय में दिखाई दिए, लेकिन वह बढ़िया शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके और 48 रन बनाकर आउट हुए। रयान बर्ल 63 गेंदों का सामना करने के बाद 31 रन बनाकर आउट हुए, जबकि वेस्ली माधेवेरे 5 रन ही बना सके। ब्रैड इवांस 14 रन बनाकर मोहम्मद नबी की गेंद पर इब्राहिम जादरान को कैच देकर पवेलियन लौटे। जिम्बाब्वे के छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सके और पूरी टीम सिर्फ 136 रन बनाकर ढेर हुई। अफगानिस्तान की तरफ से राशिद खान ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 8 ओवर में 17 रन देकर 4 विकेट चटकाए। वहीं, फजलहक फारूकी ने 15 रन देकर 2 विकेट लिए।

 इससे पहले, अफगानिस्तान की पूरी टीम 294 रन बनाकर ऑलआउट हुई। टीम को रहमानुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान ने सधी हुई शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 50 रन जोड़े। गुरबाज 25 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, इसके बाद इब्राहिम जादरान और सेदिकुल्लाह अटल ने दूसरे विकेट के लिए 140 रन जोड़े। जादरान शतक से चूक गए और 96 गेंदों में 90 रन बनाकर आउट हुए।


आस्ट्रेलियाई अंपायर बेन ट्रेलोर दो रणजी मैचों में अंपायरिंग करेंगे

आस्ट्रेलियाई अंपायर बेन ट्रेलोर दो रणजी मैचों में अंपायरिंग करेंगे जबकि भारत के पाराशर जोशी दो शेफील्ड शील्ड मैचों और एक वनडे कप मैच में अंपायरिंग के लिये आस्ट्रेलिया जायेंगे।

क्रिकेट आस्ट्रेलिया की विज्ञप्ति के अनुसार दोनों बोर्ड के बीच आदान प्रदान कार्यक्रम के तहत ट्रेलोर 18 से 21 अक्टूबर तक दिल्ली में गुजरात के खिलाफ रणजी मैच में अंपायरिंग करेंगे । इसके बाद 26 से 29 अक्टूबर तक हरियाणा और मुंबई के मैच में अंपायर होंगे ।

वहीं जोशी 11 से 14 नवंबर तक गाबा पर तस्मानिया और क्वींसलैंड के बीच मैच में अंपायरिंग करेंगे । इसके बाद वह 16 नवंबर को उसी मैदान पर वनडे कप के मैच में अंपायर होंगे । फिर 22 से 25 नवंबर तक सिडनी में न्यू साउथवेल्स और क्वींसलैंड के बीच शेफील्ड शील्ड मैच में अंपायरिंग करेंगे ।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए