खेल: U-19 टीम के जश्न पर शोएब अख्तर को बड़ा बयान और रोहित की खराब लय ने चयन समिति के प्रमुख ओझा की मुश्किलें बढ़ाई

भारतीय टीम के सेलिब्रेशन पर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शोएब अख्तर ने अपनी राय रखी है। इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला से पहले तत्कालीन मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के कहने पर रोहित से मुलाकात करने वाले ओझा ही थे।

फोटो: सोशल मीडिया
i

रोहित की खराब लय ने चयन समिति के प्रमुख ओझा की मुश्किलें बढ़ाई

जूनियर क्रिकेट के दिनों में पनपी दोस्ती इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) और तत्कालीन राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) के प्रशिक्षण शिविरों के दौरान और गहरी हुई लेकिन आज रोहित शर्मा और प्रज्ञान ओझा एक ऐसी पेचीदा परिस्थिति में खड़े हैं, जिसका समाधान भारत को अगले साल होने वाले विश्व कप से पहले तलाशना होगा।

राष्ट्रीय चयन समिति के प्रमुख ओझा भारतीय टीम के अलावा आईपीएल में डेक्कन चार्जर्स और फिर मुंबई इंडियन्स के लिए रोहित साथ खेल चुके है। ओझा के सामने यह मुश्किल स्थिति रोहित शर्मा का बल्ले से लगातार गिरता प्रदर्शन और इसके बावजूद खेलते रहने का उनका दृढ़ संकल्प है।

ओझा के सामने अब यह कठिन सवाल है कि क्या केवल रोहित का खेलने का जज्बा ही उन्हें दक्षिण अफ्रीका में होने वाले एकदिवसीय क्रिकेट के इस सबसे बड़े आयोजन के लिए भारतीय टीम में जगह दिलाने के लिए पर्याप्त होगा?

न्यूजीलैंड की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने चार वनडे पारियों में महज 30 रन बना पाये।

इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला से पहले तत्कालीन मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के कहने पर रोहित से मुलाकात करने वाले ओझा ही थे। इस मुलाकात का मकसद यह जानना था कि क्या रोहित लॉर्ड्स में संन्यास लेने के प्रस्ताव पर विचार करने को तैयार हैं।

रोहित को हालांकि यह प्रस्ताव रास नहीं आया। उन्होंने भारतीय क्रिकेट के शीर्ष अधिकारियों तक अपनी नाराजगी भी पहुंचा दी। इसका नतीजा अगरकर के साथ बेहद तल्ख विदाई के रूप में सामने आया।

अगरकर के जाने के बाद अब पूरी जिम्मेदारी ओझा के कंधों पर आ गई है।

'एग्रेसन दिखाओ, मुझे पसंद आया', भारतीय अंडर-19 टीम के जश्न को लेकर बोले शोएब अख्तर

भारत की अंडर-19 टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए एशिया कप 2026 के खिताब को अपने नाम किया। रोमांच से भरे फाइनल मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को एक विकेट से हराया। खिताब जीतने के बाद भारतीय टीम आक्रामक अंदाज में जश्न मनाती हुई दिखाई दी। इस बीच, भारतीय टीम के सेलिब्रेशन पर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शोएब अख्तर ने अपनी राय रखी है।

शोएब अख्तर ने कहा कि उन्हें भारतीय टीम का एग्रेसन पसंद आया। उन्होंने कहा, "भारत की अंडर-19 टीम के खिलाड़ियों के लिए मेरा संदेश है कि एग्रेसन जरूर दिखाएं। मुझे यह अच्छा लगा। मगर पाकिस्तान एक कहीं बेहतर टीम थी, पूरे टूर्नामेंट में वह बहुत शानदार रहे। पता नहीं क्यों, वह दबाव नहीं झेल पाए। हमेशा की तरह, भारत को पता है कि अहम मौकों पर दबाव को कैसे संभालना है। भारत को बधाई। उन्होंने कमाल का क्रिकेट खेला। भारत में दम था, भरोसा था और ऐसे खिलाड़ी थे जो मैच खत्म कर सकते थे।"

अख्तर ने कहा कि उनके संबंध आज भी कुछ भारतीय खिलाड़ियों से बहुत अच्छे हैं और वह उनकी तारीफ करते हैं। उन्होंने कहा, "हमें सिर्फ क्रिकेट ही नहीं खेलना है, बल्कि हमें मूल्यों को भी साथ लेकर चलना है। आज भी, मैं सचिन तेंदुलकर के बारे में अच्छी बातें ही कहता हूं। मुझे अभी भी लगता है कि वह दुनिया के सबसे बेहतरीन बल्लेबाज हैं। वीरेंद्र सहवाग और सौरव गांगुली—हम सब अच्छे दोस्त हैं। हमने कभी भी एक-दूसरे के खिलाफ इस तरह की कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।"


जय शाह दूसरे कार्यकाल के लिए आईसीसी चेयरमैन नियुक्त

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने सोमवार को घोषणा की कि जय शाह को दो साल के दूसरे कार्यकाल के लिए फिर से निर्विरोध चेयरमैन नियुक्त किया गया है। आईसीसी ने कहा कि इससे ‘‘खेल के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ पर निरंतरता’’ सुनिश्चित होगी।

अंतरराष्ट्रीय संस्था में जगह बनाने से पहले भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव रह चुके 38 वर्षीय शाह ने दिसंबर 2024 में आईसीसी अध्यक्ष का पद संभाला था। उन्हें यहां रविवार को संपन्न हुई वैश्विक संस्था की बोर्ड बैठकों के दौरान दूसरे कार्यकाल के लिए फिर से नियुक्त किया गया। वह इस पद पर चुने जाने वाले सबसे युवा प्रशासक हैं।

आईसीसी ने एक बयान में कहा, ‘‘यह फैसला शाह के नेतृत्व में बोर्ड के विश्वास को दर्शाता है और खेल के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ पर निरंतरता सुनिश्चित करता है। वैश्विक विस्तार, प्रशंसकों की संख्या में वृद्धि और व्यावसायिक विकास हमारी रणनीतिक योजना के प्रमुख केंद्र में हैं।’’

क्रिकेट 2028 में लॉस एंजिलिस खेलों के जरिए ओलंपिक में वापसी की तैयारी भी कर रहा है।

तीन खिलाड़ियों के साथ हुए अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई, पैसे की जरूरत नहीं : ख्वाजा

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने 2018 के सैंडपेपरगेट (रेगमाल से गेंद की स्थिति बदलने से जुड़ा मामला) विवाद को लेकर किए गए खुलासों पर सफाई देते हुए कहा है कि उनका मकसद इससे आर्थिक लाभ कमाना नहीं था और वह सिर्फ यह चाहते थे कि पूरी टीम उस घटना की जिम्मेदारी ले जिसके कारण डेविड वार्नर, स्टीव स्मिथ और कैमरन बेनक्रॉफ्ट को ‘‘बेहद कठोर’’ सजा झेलनी पड़ी।

वर्ष 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट मैच के दौरान गेंद से छेड़छाड़ की कोशिश में भूमिका के लिए वार्नर, स्मिथ और बेनक्रॉफ्ट पर अलग-अलग अवधि का प्रतिबंध लगाया गया था। स्मिथ और वार्नर को नेतृत्व की भूमिकाओं से भी प्रतिबंधित कर दिया गया था।

हालांकि ख्वाजा ने अपनी किताब ‘सब्र’ में दावा किया है कि पूरी टीम को इस साजिश की जानकारी थी। मौजूदा कप्तान पैट कमिंस ने इस दावे को ‘‘पूरी तरह बकवास’’ बताते हुए खारिज किया है।

एंटोनेट लट्टूफ के पॉडकास्ट ‘वी यूज्ड टू बी...’ में बातचीत के दौरान ख्वाजा ने कहा कि उन्होंने इस घटना का जिक्र वार्नर से किए गए वादे को पूरा करने के लिए किया।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने उनसे काफी समय पहले वादा किया था क्योंकि उन्हें पिछले आठ साल से इसका बोझ उठाना पड़ा है। अपनी किताब में क्या लिखा है यह मैंने डेविड वार्नर को दो महीने पहले तक नहीं बताया था।’’


रबाडा को पांच विकेट, तौहीद के शतक से बांग्लादेश ने छह विकेट पर 327 रन बनाए

तौहीद हृदय की 137 रन की शानदार पारी की मदद से बांग्लादेश ने रविवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन वापसी करते हुए छह विकेट पर 327 रन बनाए।

तौहीद ने अपने चौथे टेस्ट में दूसरा शतक जड़ा। उन्होंने 227 गेंद की पारी में 14 चौके और एक छक्का लगाया। उन्होंने वांडरर्स मैदान पर लिटन दास के साथ छठे विकेट के लिए 206 रन की साझेदारी करके बांग्लादेश की पारी को संभाला।

तौहीद दिन की आखिरी गेंद पर आउट हुए। वह 84वें ओवर में मार्को यानसन की फुलटॉस पर पगबाधा हुए।

लिटन 138 गेंद में 12 चौकों की मदद से 92 रन बनाकर खेल रहे हैं।

तौहीद और लिटन ने दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कागिसो रबाडा के छह ओवर के तूफानी स्पेल में 16 रन पर तीन विकेट लेने के बाद पारी को संभाला।

रबाडा 17 ओवर में 51 रन देकर पांच विकेट चटका चुके हैं।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ