खेल: श्रेयस अय्यर ने की जापान की तारीफ और इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड ने इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया संन्यास
भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर प्लेयर ऑफ द मैच रहे। अय्यर ने मैच के बाद जापान टीम की तारीफ की। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है।
एशियन गेम्स: प्लेयर ऑफ द मैच रहे श्रेयस अय्यर ने की जापान की तारीफ, कहा- उनका प्रदर्शन शानदार रहा
एशियन गेम्स 2026 में मंगलवार को सानो इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और जापान का रोमांचक मुकाबला खेला गया। बारिश और गीले मैदान की वजह से मैच 20-20 ओवरों की जगह 5-5 ओवरों का खेला गया। भारतीय टीम ने 2 रन से यह मैच जीता। भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर प्लेयर ऑफ द मैच रहे। अय्यर ने मैच के बाद जापान टीम की तारीफ की।
मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने जाने के बाद श्रेयस ने कहा, "सच कहूं तो, यह बल्लेबाजी के लिए बहुत मुश्किल विकेट था। हमने ओपनर्स को भी देखा, जो लगातार रन बनाने के आदी हैं, स्पिन की पेस को समझ नहीं पा रहे थे। मैं जब अंदर आया तो मैंने तय किया कि सिंगल्स और डबल्स लेना और जितना हो सके स्ट्राइक रोटेट करना जरूरी है। मैंने अपने साथ आए बल्लेबाज से भी बात की, लेकिन वह भी करना मुश्किल था। मैंने बस यह तय किया कि मैं गेंद की मेरिट पर खेलूंगा और देखूंगा, उसी के हिसाब से प्लान बनाऊंगा। अगर बॉल घूम ले रही है और थोड़ी रुक रही है, तो मैं बस बॉल की पेस का इस्तेमाल करूंगा और खुद को पीछे रोककर देखूंगा कि मैं सिंगल्स और डबल्स ले सकूं। तो यह काफी अच्छा रहा।"
अय्यर ने कहा, "मैं हमेशा कहता रहता हूं कि पांच ओवर का गेम कहीं भी जा सकता है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप कितनी अच्छी टीम हैं, क्योंकि विरोधी भी प्रतियोगी हैं, और जापानी टीम ने आज जो एटीट्यूड और अप्रोच दिखाया, वह शानदार था। उन्हें शाबाशी देना चाहूंगा। मुझे यकीन है कि वे अभी सही रास्ते पर हैं, और उनके पास अफगानिस्तान और नेपाल के खिलाफ कुछ और मैच हैं। वे शानदार होंगे। हमारे लिए भी विकेट के बारे में जानना एक बढ़िया अभ्यास था।"
इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड ने इंटरनेशनल क्रिकेट से किया संन्यास का ऐलान
इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। वुड इंग्लैंड की दो बार विश्व कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे हैं।
वुड ने साल 2015 में लॉर्ड्स के मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना डेब्यू किया था। उन्होंने अपने इंटरनेशनल करियर में कुल 38 टेस्ट मैच खेले और इस दौरान 19 विकेट चटकाए। वहीं, 70 वनडे मुकाबलों में वुड ने 80 विकेट निकाले जबकि 38 टी20 इंटरनेशनल मैचों में उन्होंने कुल 54 विकेट चटकाए।
वुड साल 2019 में इंग्लैंड की वनडे विश्व कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे। इसके साथ ही जोस बटलर की कप्तानी में साल 2022 में टी20 विश्व कप जीतने वाली इंग्लिश टीम में भी वुड शामिल रहे। 36 साल के वुड ने चार एशेज सीरीज में हिस्सा लिया और 2015 में अपनी पहली सीरीज के दौरान ट्रेंट ब्रिज में ट्रॉफी वापस पाने के लिए इंग्लैंड की ओर से निर्णायक विकेट लिया था। 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हेडिंग्ले में उनके शानदार स्पेल ने भी इंग्लैंड को 2-0 से पिछड़ने के बाद वापसी करने और सीरीज ड्रॉ कराने में अहम भूमिका निभाई।
भारत की चार गुणा 100 मीटर मेडले रिले टीम फाइनल में आखिरी स्थान पर रही
भारतीय तैराकों का एशियाई खेलों में निराशाजनक प्रदर्शन मंगलवार को भी जारी रहा जहां पुरुषों की चार गुणा 100 मीटर मेडले रिले टीम फाइनल में सबसे निचले स्थान पर रही।
उत्कर्ष पाटिल, दानुष सुरेश, रोहित बेनेडिक्टन और आकाश मणि की चौकड़ी ने 3:44.26 मिनट का समय निकालकर आठवां स्थान हासिल किया। यह समय स्वर्ण पदक विजेता चीन से 16.37 सेकंड अधिक था। चीन ने 3:27.89 के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता।
भारतीय टीम ने हीट में बेहतर प्रदर्शन करते हुए 3:40.41 का समय निकाला था और 16 टीमों में सातवां स्थान हासिल कर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था।
इससे पहले आर्यन नेहरा पुरुषों की 1500 मीटर फ्रीस्टाइल फाइनल बी स्पर्धा में 15:34.71 मिनट के समय के साथ चौथे स्थान पर रहे।
साक्षी ने ओलंपिक पदक विजेता को हराया, जादुमणि भी जीते
भारतीय मुक्केबाज साक्षी चौधरी ने मंगलवार को एशियाई खेलों में महिलाओं के 51 किलोग्राम वर्ग में पेरिस ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता फिलीपींस की ऐरा विलेगास को 5-0 से हराकर बड़ा उलटफेर करते हुए प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया जबकि पुरुष वर्ग में जादुमणि सिंह (55 किलोग्राम) भी आगे बढ़ने में सफल रहे।
भिवानी की 26 वर्षीय मुक्केबाज साक्षी ने अपनी लंबाई और अच्छी पहुंच का फायदा उठाते हुए शुरुआत से ही विलेगास को दूर रखा और उन्हें हावी नहीं होने दिया।
जादुमणि ने भी नेपाल के चंद्र बहादुर थापा पर 5-0 की शानदार जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की और अंतिम 16 में जगह बनाई जहां उनका सामना फिलिपींस के तोक्यो ओलंपिक के रजत पदक विजेता कार्लो पालाम से होगा।
एशियाड में बैडमिंटन: भारतीय पुरुष टीम ने पदक पक्का किया, महिला टीम बाहर
भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने मंगलवार को यहां क्वार्टरफाइनल में जापान को 3-0 से हराकर पदक पक्का कर दिया जबकि महिला टीम को मेजबान टीम से 1-3 से हारकर एशियाई खेलों से बाहर हो गई।
भारतीय पुरुष टीम ने पिछले चरण में रजत पदक जीता था। उसके लिए लक्ष्य सेन ने वापसी करते हुए शानदार जीत हासिल की, उनके अलावा सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी, चिराग शेट्टी और आयुष शेट्टी की जीत ने टीम को सफलता दिलाई। अब बुधवार को सेमीफाइनल में भारत का सामना मौजूदा चैंपियन चीन और कोरिया के बीच होने वाले दूसरे क्वार्टर फाइनल के विजेता से होगा।
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
