खेल: शुभमन गिल ने रचा इतिहास और यादगार शतकीय पारी खेलने के बाद क्या बोले केएल राहुल?
शुभमन गिल डब्ल्यूटीसी में भारत की ओर से 3 हजार रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। राहुल ने कहा कि वह कभी' भी बहुत ज्यादा जोश में नहीं आते, और उनका बस यही लक्ष्य था कि न्यूजीलैंड में मिले अपने पहले टेस्ट के मौके को वह हाथ से न जाने दें।

शुभमन गिल ने रचा इतिहास, डब्ल्यूटीसी में यह मुकाम हासिल करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट मैच बेसिन रिजर्व में खेला जा रहा है। टेस्ट के तीसरे दिन भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 98 रनों की दमदार पारी खेली। हालांकि, वह अपने शतक से महज 2 रनों से चूक गए। हालांकि, अपनी इस पारी के दौरान गिल ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली है।
शुभमन गिल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) में भारत की ओर से 3 हजार रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने 98 रनों की अपनी पारी में यह खास मुकाम हासिल किया। गिल ने 146 गेंदों का सामना करते हुए अपनी इस पारी में 9 चौके और 2 छक्के लगाए। उन्होंने केएल राहुल के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 91 और ऋषभ पंत संग चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी निभाई। गिल तीसरे दिन के आखिरी ओवर में जैकब डफी की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए।
गिल के साथ-साथ ऋषभ पंत ने भी डब्ल्यूटीसी में 3 हजार रन पूरे कर लिए हैं। वह यह मुकाम हासिल करने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बने हैं। पंत टेस्ट के तीसरे दिन अच्छी लय में दिखाई दिए और उन्होंने 55 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 62 गेंदों में 55 रन बनाकर नाबाद हैं। पंत अपनी इस इनिंग में अब तक 5 चौके और 2 छक्के लगा चुके हैं।
'इसमें काफी तैयारी, लगन और होमवर्क शामिल था', यादगार शतकीय पारी खेलने के बाद बोले केएल राहुल
न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी पहले टेस्ट में केएल राहुल ने तीसरे दिन 136 रनों की शानदार पारी खेली। इस पारी के साथ ही वह सेना देशों (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में शतक लगाने वाले पहले भारतीय सलामी बल्लेबाज बने। राहुल ने इस उपलब्धि के पीछे किसी खास जज्बात की बात को साफतौर पर खारिज किया है।
राहुल ने कहा कि वह कभी' भी बहुत ज्यादा जोश में नहीं आते, और उनका बस यही लक्ष्य था कि न्यूजीलैंड में मिले अपने पहले टेस्ट के मौके को वह हाथ से न जाने दें। न्यूजीलैंड में अपने पहले टेस्ट शतक (136 रन) की बदौलत राहुल ने भारत को बेसिन रिजर्व में खेले जा रहे पहले टेस्ट के तीसरे दिन स्टंप्स तक 486/4 के स्कोर तक पहुंचाने में मदद की, जिससे भारत को 118 रनों की बढ़त मिल गई है। राहुल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "मुझे नहीं लगता कि मैं बहुत ज्यादा जोश में था। मुझे नहीं लगता कि मैं कभी ऐसा होता हूं, लेकिन यह एक ऐसा मौका था जिसे मैं गंवाना नहीं चाहता था।"
राहुल ने आगे कहा, "जाहिर है कि जब आप लंबे समय तक टेस्ट क्रिकेट खेलते हैं और अपने करियर के अंत की ओर होते हैं, तो आप चाहते हैं कि आपको अलग-अलग देशों में खुद को चुनौती देने और बेहतरीन गेंदबाजी आक्रमणों का सामना करने का मौका मिले। न्यूजीलैंड एक ऐसा देश रहा है जहां मुश्किल परिस्थितियों में कई बल्लेबाजों को रन बनाने के लिए संघर्ष करना पड़ा है। इसी कारण मैं यहां एक टेस्ट मैच खेलना चाहता था। मैं और भी ज्यादा मैच खेलना चाहता था, लेकिन बदकिस्मती से इससे पहले मुझे यहां खेलने का मौका नहीं मिला था। इसी कारण जब मुझे यह मौका मिला, तो मैं इसका पूरा फायदा उठाना चाहता था।"
सैंडरपेपर विवाद के कारण फॉक्स क्रिकेट ने ख्वाजा और वॉर्नर को कमेंट्री से हटाया
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ओपनर उस्मान ख्वाजा और डेविड वॉर्नर को फॉक्स क्रिकेट की कमेंट्री टीम से हटा दिया गया है। 2018 के बॉल-टैम्परिंग को लेकर मचा बवाल अभी भी थमता नहीं दिख रहा है।
फॉक्स स्पोर्ट्स ने कहा कि यह कदम दोनों खिलाड़ियों को इस विवाद के दबाव से बचाने के लिए उठाया गया है, लेकिन उनकी वापसी की कोई तारीख तय नहीं की गई है। ऑस्ट्रेलिया को शनिवार को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में इंग्लैंड के खिलाफ पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज का पहला मैच खेलना है।
फॉक्स स्पोर्ट्स के मैनेजिंग डायरेक्टर स्टीव क्रॉली ने एक बयान में कहा, "हाल की घटनाओं को देखते हुए उस्मान और वॉर्नर को अगले कुछ हफ्तों तक हमारे प्रसारण (ब्रॉडकास्ट) से दूर रखा जाएगा। हम अपनी कमेंट्री टीम के सभी सदस्यों का समर्थन करते हैं और अलग-अलग विचारों का स्वागत करते हैं, जो हमारे 'समर ऑफ क्रिकेट' (क्रिकेट सीजन) की एक खासियत है। हालांकि, हम यह भी समझते हैं कि हर नई टिप्पणी का जवाब देने के दबाव में वे कैसा महसूस कर रहे होंगे।"
उन्होंने आगे कहा, "हमें लगता है कि मौजूदा हालात के बीच खेल पर ध्यान केंद्रित करना मुश्किल होता जा रहा है और दोनों कमेंटेटरों को ऐसी स्थिति में डालना उनके साथ नाइंसाफी होगी। हमारा मुख्य फोकस अपने दर्शकों को ऑस्ट्रेलिया के 'समर ऑफ क्रिकेट' का बेहतरीन प्रसारण उपलब्ध कराना है। हम स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखेंगे।"
ओरम ने काफी रन लुटाने वाले तेज गेंदबाज डफी का समर्थन किया
न्यूजीलैंड के गेंदबाजी कोच जैकब ओरम ने शनिवार को जैकब डफी का समर्थन किया, जो भारत के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में काफी महंगे साबित हुए। डफी ने 29 ओवरों में 180 रन दिए और सिर्फ एक विकेट लिया।
ओरम ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘जब चीजें अच्छी चल रही हों तो हम बहुत ज्यादा खुश नहीं होते और जब चीजें हमारे पक्ष में नहीं हों तो हम बहुत ज्यादा निराश भी नहीं होते।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप केवल स्कोर बोर्ड पर ही ध्यान देंगे तो यह उसका दिन नहीं था। पिछले दो सत्र में उसने कई बार अच्छा प्रदर्शन किया है। इसलिए एक दिन के खराब प्रदर्शन से उसकी आलोचना करना ठीक नहीं है।’’
ओरम ने कहा, ‘‘वह जानता है कि उसे कुछ क्षेत्रों में सुधार करने की जरूरत है लेकिन वह ड्रेसिंग रूम में अकेला नहीं है।’’
डफी ने पिछले सत्र में अपने अच्छे प्रदर्शन के लिए ‘सर रिचर्ड हैडली मेडल और प्लेयर्स कैप’ जीता था। उनके शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें आईपीएल में खेलने का मौका भी मिला था।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कहा, टेस्ट कप्तान बने रहेंगे कमिंस
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने सैंडपेपर विवाद से जुड़े सनसनीखेज आरोपों के बीच शनिवार को फिर से पैट कमिंस का समर्थन करते हुए स्पष्ट किया कि वह टेस्ट टीम के कप्तान बने रहेंगे।
माना जा रहा था कि पूर्व सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा के अपनी आत्मकथा में 2018 के दक्षिण अफ्रीका के दौरे के दौरान गेंद से छेड़छाड़ की घटना के बारे में किए गए खुलासों से कप्तान के रूप में कमिंस की स्थिति अस्थिर हो गई है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बयान में कहा, ‘‘ऑस्ट्रेलिया की पुरुष टीम के 2018 के दक्षिण अफ्रीका के दौरे के संबंध में चल रही अटकलों को देखते हुए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया बोर्ड ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट की साख और इससे जुड़े सभी लोगों के हितों की रक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने के लिए बैठक की।’’
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अध्यक्ष डेविड बून और सीईओ टॉड ग्रीनबर्ग ने कमिंस से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य, टीम को जरूरी मदद और दिसंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली आगामी श्रृंखला सहित कई मुद्दों पर चर्चा की।
बयान के अनुसार, ‘‘इस बैठक में बोर्ड ने पैट कमिंस को कप्तान के रूप में अपना पूरा समर्थन देने का फैसला किया, ताकि उनकी स्थिति को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग सके।’’
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
