खेल: सिराज बोले- ब्रेक ने मेरी गेंदबाजी को प्रभावित किया और ईशान किशन ने DRS को लेकर वैभव सूर्यवंशी पर कसा तंज

सिराज का मानना है कि श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले उनको मिले 2 महीने के ब्रेक ने उनकी गेंदबाजी को प्रभावित किया है। ईशान किशन ने सफल डिसीजन रिव्यू सिस्टम (डीआरएस) कॉल का श्रेय लेने को लेकर युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी से बात की।

सिराज बोले- ब्रेक ने मेरी गेंदबाजी को प्रभावित किया
i

ब्रेक ने मेरी गेंदबाजी को प्रभावित किया, दलीप ट्रॉफी फाइनल के बाद मोहम्मद सिराज का बयान 

दलीप ट्रॉफी 2026 का फाइनल मुकाबला ईशान किशन की कप्तानी वाली ईस्ट जोन और तिलक वर्मा की कप्तानी वाली साउथ जोन के बीच एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला गया। ईस्ट जोन विजेता रही। साउथ जोन की तरफ से खेल रहे भारतीय टीम के सीनियर तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज इस मुकाबले में प्रभावी नहीं रहे।

मोहम्मद सिराज ने मैच में कुल 41ओवर गेंदबाजी की और महज 1 विकेट ले पाए। इस दौरान उन्होंने 187 रन लुटाए। सिराज के गेंदों की गति भी 125-130 किलोमीटर/घंटा के बीच रही। भारतीय टेस्ट टीम के नियमित और प्रभावी तेज गेंदबाज सिराज का यह प्रदर्शन निराशाजनक और क्रिकेट विश्लेषकों और फैंस के लिए चौंकाने वाला था।

सिराज का मानना है कि श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले उनको मिले 2 महीने के ब्रेक ने उनकी गेंदबाजी को प्रभावित किया है। इसी वजह से श्रीलंका सीरीज के दौरान गाले और कोलंबो में हुए टेस्ट मैचों में उनकी गेंदबाजी की गति भी कम रही।

दलीप ट्रॉफी फाइनल की समाप्ति के बाद सिराज ने कहा, "मैं पूरी तरह से एक रिदम गेंदबाज हूं। अगर मैं अपने रंग में नहीं हूं, तो मैं क्रीज से तेजी से नहीं निकल सकता। श्रीलंका में यही मुश्किल थी – मेरा रन-अप बिखरा हुआ लग रहा था। कुछ स्ट्राइड बहुत छोटे थे, कुछ बहुत लंबे, और इससे मेरा फ्लो टूट गया। इससे मेरी गति पर असर पड़ा।"

हर डीआरएस का श्रेय लेना चाहता था वैभव: ईशान किशन

ईशान किशन की कप्तानी वाली ईस्ट जोन ने तिलक वर्मा की कप्तानी वाली साउथ जोन को हराकर दलीप ट्रॉफी का खिताब जीत लिया है। मैच में दोहरा शतक सहित 350 रन बनाने वाले ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन प्लेयर ऑफ द मैच रहे।

मैच के बाद ईशान किशन ने सफल डिसीजन रिव्यू सिस्टम (डीआरएस) कॉल का श्रेय लेने को लेकर युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी से बात की। बता दें कि वैभव ईस्ट जोन के उपकप्तान थे।

 किशन ने शुक्रवार को बीसीसीआई के घरेलू सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा एक वीडियो में कहा, "मैं बहुत खुश हूं कि वैभव ने हर जगह रिव्यू का सारा श्रेय लिया है। बेशक मैं रिव्यू लेने वाला था, वह आया और इतने आत्मविश्वास से कहा, 'मैं आपके पास आऊंगा।' फिर इंटरनेट पर ऐसा होगा, वैभव।"

इसके जवाब में वैभव ने कहा, "जब मैदान के बाहर जा रहे थे तब कौन ले रहा था रिव्यू? यह भी तो बता दीजिए।"

बता दें कि ईशान की मैदान पर गैरमौजूदगी के दौरान वैभव ने कुछ समय के लिए कप्तानी भी की थी।


भारत के खिलाफ ऐतिहासिक टी20 मैच से देश में क्रिकेट को बढ़ावा मिलेगा : जापान के कप्तान

जापान के कप्तान केंडल कादोवाकी-फ्लेमिंग और युवा आल राउंडर चार्ली हारा-हिंजे का मानना है कि भारत के खिलाफ 22 सितंबर को होने वाला ऐतिहासिक टी20 मुकाबला सिर्फ एक यादगार मौका नहीं होगा बल्कि बेसबॉल के प्रति जुनूनी देश में क्रिकेट के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण शुरुआत साबित हो सकता है।

भारतीय टीम दोनों देशों के बीच पहले पुरुष अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए जापान का दौरा करेगी और सानो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैदान पर होने वाला यह मुकाबला आइची-नागोया में एशियाई खेलों से पहले होगा।

कादोवाकी-फ्लेमिंग के लिए एशियाई खेलों में भारत के साथ अफगानिस्तान और नेपाल की मेजबानी करना इस बात का प्रमाण है कि जापान में क्रिकेट ने कम समय में कितनी प्रगति की है।

उन्होंने पीटीआई वीडियो से कहा, ‘‘यह बेहद रोमांचक है। और मुझे लगता है कि अफगानिस्तान और नेपाल जैसे देशों का जापान आना यहां क्रिकेट के लिए बहुत बड़ा विकास है। कुछ साल पहले तक हमने शायद सोचा भी नहीं होगा कि इसे आयोजित करना संभव होगा। ’’

हालांकि यह मौका ऐतिहासिक होगा लेकिन जापान के कप्तान का कहना है कि उनकी टीम सिर्फ इस मौके का जश्न मनाने के लिए मैदान पर नहीं उतरेगी।

न्यूजीलैंड टेस्ट में केएल राहुल के प्रदर्शन पर रहेगी नजरें : बोल्ट

न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट का कहना है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ 19 नवंबर से शुरू हो रही दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला में के एल राहुल भारत के प्रमुख बल्लेबाज साबित होंगे ।

राहुल की बल्लेबाजी के कायल बोल्ट का मानना है कि वह श्रृंखला के प्रमुख खिलाड़ियों में होंगे ।

टेस्ट क्रिकेट में 317 विकेट ले चुके 37 वर्ष के बोल्ट ने यूरोपीय टी20 प्रीमियर लीग द्वारा कराये गए बोल्ट के इंटरव्यू में कहा ,‘‘ मैं केएल राहुल की बल्लेबाजी का बड़ा प्रशंसक हूं । वह भारतीय बल्लेबाजी क्रम में शीर्षक्रम का प्रमुख खिलाड़ी हैं । जायसवाल भी टीम में है । दो शानदार बल्लेबाजों को खेलते देखना रोचक होगा ।’’


यूएस ओपन: राजीव राम ने पुरुष डबल्स सेमीफाइनल में हार के बाद लिया संन्यास 

पूर्व डबल्स वर्ल्ड नंबर 1 राजीव राम ने टेनिस को अलविदा कह दिया है। राम और जो सैलिसबरी की जोड़ी को छठी सीड वाली जर्मन जोड़ी ने यूएस ओपन 2026 के डबल्स के सेमीफाइनल में हराया। इस हार के साथ ही राजीव राम ने टेनिस को अलविदा कहा।

2021 से 2023 तक हर साल यूएस ओपन डबल्स का खिताब जीतने वाली राम और सैलिसबरी की जोड़ी को केविन क्राविएट्ज और टिम पुएट्ज से 6-3, 6-4 से हार का सामना करना पड़ा।

यूएसटीए के सीईओ क्रेग टिली और यूएस ओपन टूर्नामेंट के निदेशक एरिक बुटोरैक ने राजीव राम को उनके बेहतरीन करियर के लिए बधाई दी। बता दें कि टिली, इलिनोइस यूनिवर्सिटी में राम के कॉलेज कोच हैं, जबकि एरिक उनके पूर्व डबल्स पार्टनर रहे हैं। 

 राम और उनके लंबे समय के डबल्स पार्टनर सैलिसबरी टूर्नामेंट के इतिहास में अकेले ऐसे जोड़ी हैं जिन्होंने मेन्स डबल्स में तीन बार जीत हासिल की है। इंडियाना के रहने वाले राम ने लगातार 26 बार यूएस ओपन पुरुष डबल्स खेला है। यह अपने आप में ऐतिहासिक है। 

आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए