खेल: सौरव गांगुली की सुरक्षा घटाई गई और कोहली, रोहित और गिल के साथ खेलने को लेकर उत्साहित हैं हर्ष दुबे

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की सुरक्षा घटा दी गई है। युवा भारतीय ऑलराउंडर हर्ष दुबे का मानना है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा के साथ वनडे ड्रेसिंग रूम साझा करना उनके लिए बड़ी उपलब्धि होगी।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

कोहली, रोहित और गिल के साथ खेलने को लेकर उत्साहित हैं हर्ष दुबे

 युवा भारतीय ऑलराउंडर हर्ष दुबे का मानना है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा के साथ वनडे ड्रेसिंग रूम साझा करना उनके लिए बड़ी उपलब्धि होगी और वह इसके साथ ही अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी घरेलू श्रृंखला में टेस्ट कप्तान शुभमन गिल की नेतृत्व शैली को समझने के लिए भी उत्सुक हैं।

बाएं हाथ के स्पिनर 23 वर्षीय दुबे को टेस्ट और वनडे दोनों टीम में चुना गया है। उन्होंने कहा कि जब उन्हें पहली बार राष्ट्रीय टीम में चुने जाने की जानकारी मिली तब से सब कुछ एक सपने जैसा लग रहा है।

दुबे ने जिओस्टार से कहा, ‘‘मैं तब हवाई अड्डे पर था जब मुझे किसी व्यक्ति का फोन आया कि वनडे श्रृंखला के लिए भारतीय टीम में चुने जाने पर मुझे कैसा लग रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘लाउंज में शोर और नेटवर्क की समस्या के कारण मुझे लगा कि वह श्रीलंका में भारत ए टीम की वनडे त्रिकोणीय श्रृंखला की बात कर रहे हैं। इसलिए मैंने कहा कि ऐसा लग रहा है जैसे मैं अपना सपना सच करने के करीब पहुंच गया हूं।’’

दुबे ने कहा, ‘‘लेकिन मैंने जैसे ही फोन बंद किया संदेश आने लग गए कि मुझे टेस्ट और वनडे दोनों टीम में चुना गया है। मैंने ऑनलाइन खबर देखी तो सच कहूं मुझे ऐसा लगा जैसे कि मैं सपना देख रहा हूं।’’

हम टी20 विश्व कप में अंतिम एकादश को लेकर काफी हद तक स्पष्ट हैं: हरमनप्रीत

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि उनकी टीम महिला टी20 विश्व कप में अपनी अंतिम एकादश को लेकर काफी हद तक स्पष्ट है तथा वह इससे पहले दो अभ्यास मैच का उपयोग कुछ और संयोजन आजमाने तथा राधा यादव और भारती फुलमाली जैसी खिलाड़ियों को अवसर देने के लिए करेगा।

भारत महिला टी20 विश्व कप का पहला खिताब जीतने के लंबे इंतजार को खत्म करने की उम्मीद से इंग्लैंड पहुंचा है लेकिन वह मेजबान इंग्लैंड से तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला 2-1 से हार गया जिससे आईसीसी के इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट से पहले उसकी तैयारियों को झटका लगा।

हरमनप्रीत ने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि हम अपनी अंतिम एकादश को लेकर काफी हद तक स्पष्ट हैं। मुझे लगता है कि हम पूरी तरह से तैयार हैं। विश्व कप से पहले हमें दो अभ्यास मैच खेलने हैं जिनमें हम अन्य संयोजनों को आजमाने के बारे में सोच सकते हैं।’’


सिराज और प्रसिद्ध ने भीषण गर्मी में भी किया जमकर अभ्यास

भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने अफगानिस्तान के खिलाफ छह जून से शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से पहले बुधवार को यहां भीषण गर्मी के बावजूद लगभग 25 मिनट तक जमकर अभ्यास किया।

इस एकमात्र टेस्ट मैच के बाद भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैच की वनडे श्रृंखला खेली जाएगी।

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में दो महीने तक व्यस्त रहने के बाद गेंदबाजों के कार्यभार को लेकर कुछ सवाल उठ रहे थे, लेकिन चिलचिलाती धूप में सिराज की शानदार गेंदबाजी से स्पष्ट हो गया कि इस सीनियर तेज गेंदबाज की फिटनेस को लेकर किसी तरह की चिंता नहीं है।

अगर सिराज फिट नहीं होते तो उनके लिए चिलचिलाती धूप में अपनी पूरी ताकत से गेंदबाजी करना आसान नहीं होता। लेकिन उनकी गेंदबाजी को देखकर लगता है कि वह इस टेस्ट मैच में भारतीय गेंदबाजी की अगुवाई करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।

अभ्यास सत्र के दौरान छह फुट पांच इंच लंबे दाएं हाथ के तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ ने भी सबका ध्यान आकर्षित किया, जिन्होंने अच्छी लेंथ से तेज उछाल हासिल की।

कम से कम दो मौकों पर उनकी गेंद केएल राहुल के बल्ले का बाहरी किनारा लेकर पीछे गई। राहुल इसके अलावा अभ्यास के दौरान तकनीकी रूप से काफी कुशल नजर आए।

सौरव गांगुली की सुरक्षा घटाई गई, जेड की जगह अब मिलेगी वाई श्रेणी की सुरक्षा

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के पूर्व अध्यक्ष और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (कैब) के मौजूदा अध्यक्ष सौरव गांगुली की सुरक्षा घटा दी गई है। गांगुली को अब 'जेड श्रेणी' की जगह 'वाई श्रेणी' की सुरक्षा मिलेगी।

पश्चिम बंगाल की नवनियुक्त बीजेपी सरकार ने पूर्व भारतीय कप्तान की सुरक्षा को कम करने का फैसला लिया है। राज्य सरकार ने यह फैसला राज्य की सुरक्षा ईकाइयों द्वारा सौरव गांगुली की सुरक्षा का विश्लेषण करने के बाद लिया है। गांगुली की सुरक्षा कम करते हुए वाई श्रेणी की कर दी गई है।

राज्य के नए सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत, गांगुली की मौजूदा सुरक्षा विश्लेषण के मुताबिक उन्हें 'जेड' श्रेणी की सुरक्षा की जरूरत नहीं है। इसी वजह से उनकी सुरक्षा को कम करते हुए वाई श्रेणी में तब्दील कर दी गई है। राज्य के अधिकारियों ने साफ किया कि पूर्व कप्तान की सुरक्षा में कमी राज्य भर में वीआईपी सुरक्षा के पुनरीक्षण के बाद लिया गया फैसला है।

2023 में उनकी सुरक्षा को वाई श्रेणी से जेड श्रेणी में बदला गया था।


फीफा विश्व कप में खेलेंगे भारतीय मूल के चार खिलाड़ी

भारत के लिए फीफा विश्व कप में खेलना अब भी दूर की कौड़ी बनी हुई है लेकिन अमेरिका में 11 जून से शुरू होने वाले फुटबॉल के सबसे बड़े टूर्नामेंट में भारतीय मूल के चार खिलाड़ी अपना जलवा दिखाने के लिए तैयार हैं।

यह चार खिलाड़ी सरप्रीत सिंह, सैमुअल मौतौसामी, निशान वेलुपिल्ले और तहसीन मोहम्मद हैं जो फ्रांस के मिडफील्डर विकास धोरासू के नक्शेकदम पर चल रहे हैं।

धोरासू जर्मनी में 2006 के विश्व कप में खेले थे। धोरासू के पूर्वज आंध्र प्रदेश के विजयनगरम की रहने वाले थे। 

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia