खेल: ICC टेस्ट रैंकिंग में बुमराह शीर्ष पर और जीटी, RCB IPL के शीर्ष दो की दौड़ में

जसप्रीत बुमराह ने बुधवार को जारी आईसीसी की नवीनतम टेस्ट रैंकिंग में गेंदबाजों की सूची में अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा है। गत चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और गुजरात टाइटंस का प्लेआफ में पहुंचना तय लग रहा है ।

ICC टेस्ट रैंकिंग में बुमराह शीर्ष पर
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

आईसीसी टेस्ट रैंकिंग: बुमराह शीर्ष पर बरकरार, जायसवाल और गिल शीर्ष 10 में

भारत के तेज गेंदबाजी आक्रमण के अगुआ जसप्रीत बुमराह ने बुधवार को जारी आईसीसी की नवीनतम टेस्ट रैंकिंग में गेंदबाजों की सूची में अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा है।

यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल बल्लेबाजों की सूची में क्रमश: आठवें और नौवें स्थान पर हैं जबकि इंग्लैंड के पूर्व टेस्ट कप्तान जो रूट 880 अंक के साथ शीर्ष पर हैं।

जायसवाल के 750 अंक हैं। गिल को एक स्थान का फायदा हुआ है और उनके 730 अंक हैं। हैरी ब्रूक इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं जबकि उनके बाद ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड और स्टीव स्मिथ का नंबर आता है।

भारत ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत 2026 में अब तक एक भी मैच नहीं खेला है। टीम ने अपनी पिछली श्रृंखला स्वदेश में नवंबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली थी।

गेंदबाजों की सूची में शीर्ष पर चल रहे बुमराह के 879 अंक हैं। इस सूची में अगला सर्वश्रेष्ठ भारतीय गेंदबाज मोहम्मद सिराज हैं जो 12वें पायदान पर हैं। रविंद्र जडेजा और कुलदीप यादव क्रमश: 14वें और 15वें स्थान पर हैं।

आईपीएल प्लेआफ : जीटी, आरसीबी शीर्ष दो की दौड़ में, चेन्नई के पास भी मौका

चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के सही समय पर फॉर्म में लौटने के बाद इंडियन प्रीमियर लीग प्लेआफ के चार स्थानों के लिये अब आठ टीमें दौड़ में हैं जबकि लीग चरण के दस दिन बाकी हैं ।

गत चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और गुजरात टाइटंस का प्लेआफ में पहुंचना तय लग रहा है । सनराइजर्स हैदराबाद ने भी धीमी शुरूआत के बाद अच्छा प्रदर्शन किया है ।

लेकिन सबसे हैरानी की बात पंजाब किंग्स का अचानक खराब प्रदर्शन है । अच्छी शुरूआत के बाद टीम लगातार चार मैच हार चुकी है ।

मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जाइंट्स बाहर हो चुके हैं ।


इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने नये चयनकर्ता और नयी टेस्ट टीम का ऐलान किया

एशेज श्रृंखला में हार के मद्देनजर आत्ममंथन के दौर के बाद इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने पहली बार विदेशी राष्ट्रीय चयनकर्ता नियुक्त किया है और नयी टेस्ट टीम चुनी है ।

आस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज मार्कस नॉर्थ को चयनकर्ता बनाया गया है जो 2018 के बाद से छह इंग्लिश काउंटी टीमों के लिये खेल चुके हैं और डरहम के क्रिकेट निदेशक भी रहे हैं जहां उन्होंने इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स के साथ काम किया है ।

इंग्लैंड के पास ब्रेंडन मैकुलम जैसा विदेशी मुख्य कोच है ।

नॉर्थ अब ल्यूक राइट की जगह लेंगे जो तीन साल इस पद पर रहे ।

एशेज श्रृंखला में मिली 1 . 4 से हार के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ चार जून से शुरू हो रही श्रृंखला के लिये सलामी बल्लेबाज जैक क्राउली और तीसरे नंबर के बल्लेबाज ओली पोप को टीम में जगह नहीं मिली है ।

जोफ्रा आर्चर टी20 व्यस्तताओं के कारण उपलब्ध नहीं हैं जबकि ब्रायडन कार्स और मार्क वुड चोटिल है ।

एशिया के नंबर एक ट्रैप निशानेबाज जोरावर एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम से बाहर

एशिया में नंबर एक और विश्व रैंकिंग में छठे नंबर के ट्रैप निशानेबाज जोरावर सिंह संधू को इस वर्ष के आखिर में होने वाले एशियाई खेलों के लिए भारत की संभावित शॉटगन टीम में शामिल नहीं किया गया है जबकि वह देश के शीर्ष ट्रैप निशानेबाजों में से एक हैं और उन्होंने पिछले वर्ष विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था।

राष्ट्रीय चैंपियनशिप और घरेलू चयन ट्रायल के दौरान जोरावर का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। विश्व चैंपियनशिप और विश्व कप फाइनल्स की तैयारी में व्यस्त होने के बावजूद उनके लिए इन प्रतियोगिताओं में भाग लेना अनिवार्य था।

राष्ट्रीय ट्रायल्स में निराशाजनक प्रदर्शन के कारण उन्हें एशियाई खेलों के लिए संभावित टीम में जगह नहीं मिली है। वह एक महीने पहले तक विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर थे।

जोरावर ने भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) से अपने फैसले पर फिर से विचार करने का आग्रह किया है। उन्होंने तर्क दिया है कि पिछले छह महीनों में भारतीय ट्रैप निशानेबाजों में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ स्कोर हासिल किया है।

एनआरएआई ने हालांकि स्पष्ट किया है कि वह ‘‘डेढ़ साल पहले लागू की गई चयन नीति का सख्ती से पालन करेगा।’’


थाईलैंड ओपन: सिंधु, श्रीकांत जीते, आयुष बाहर

थाईलैंड ओपन में बुधवार का दिन भारत के लिए मिला-जुला रहा। स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु और किदांबी श्रीकांत ने जहां दूसरे राउंड में आसानी से अपनी जगह बनाई, वहीं उभरते हुए स्टार आयुष शेट्टी को पहले राउंड से ही बाहर होना पड़ा।

 पूर्व वर्ल्ड चैंपियन सिंधु ने चीनी ताइपे की तुंग सिउ-टोंग को महज 33 मिनट में 21-9, 21-12 से हरा दिया। छठी सीड सिंधु ने शुरू से ही रैलियों पर नियंत्रण रखा और तेज प्लेसमेंट के साथ आक्रामक कोर्ट कवरेज को मिलाकर सीजन की अपनी सबसे तेज जीत में से एक हासिल की।

पीवी सिंधु का अगला मुकाबला डेनमार्क की अमाली शुल्ज के साथ होगा। दोनों पहली बार आमने-सामने होंगी।

श्रीकांत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2021 वर्ल्ड चैंपियनशिप फाइनल के रीमैच में सिंगापुर के लोह कीन यू को 21-14, 21-15 से हराकर राउंड ऑफ 16 में जगह बनाई।

 2013 में थाईलैंड ओपन का खिताब जीतने वाले भारतीय खिलाड़ी पूरे समय आत्मविश्वास में दिखे और दूसरे गेम में थोड़ी देर की चुनौती के बावजूद आठवें सीड वाले खिलाड़ी को खेल पर हावी नहीं होने दिया।

पूर्व वर्ल्ड नंबर 1 खिलाड़ी अब क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए चीनी ताइपे के सू ली यांग से भिड़ेंगे।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia