खेलः ICC ने PCB से 'बैक-चैनल बातचीत' शुरू की और नॉर्वे चेस 2026 में खेलेंगे मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन गुकेश

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने 'पद्म श्री' से सम्मानित होने पर आभार जताते हुए इसे अपने और परिवार के लिए एक खास पल बताया है। रोहित का कहना है कि वह भारत के लिए मैच जीतना जारी रखेंगे।

ICC ने PCB से 'बैक-चैनल बातचीत' शुरू की और नॉर्वे चेस 2026 में खेलेंगे मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन गुकेश
i
user

नवजीवन डेस्क

ICC ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से 'बैक-चैनल बातचीत' शुरू की

पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को खेले जाने वाले मुकाबले का बहिष्कार किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान के इस फैसले के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के बीच संभावित वित्तीय नुकसान को लेकर चिंताओं के बीच 'बैक-चैनल बातचीत' शुरू हो गई है। पाकिस्तान ग्रुप ए में भारत, नामीबिया, नीदरलैंड और यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका (यूएसए) के साथ है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 भारत और श्रीलंका की सह-मेजबानी में खेला जाना है, लेकिन पाकिस्तान अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलेगा। रविवार को पाकिस्तानी सरकार ने घोषणा की थी कि उसकी नेशनल क्रिकेट टीम 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में भारत के विरुद्ध टी20 वर्ल्ड कप ग्रुप-स्टेज मैच नहीं खेलेगी।

रिपोर्ट के अनुसार, इस फैसले के चलते विश्व क्रिकेट को 250 मिलियन डॉलर से ज्यादा का नुकसान हो सकता है। आईसीसी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से समझौता करना चाहता है। 'द डॉन' की रिपोर्ट के अनुसार, कुछ अन्य क्रिकेट बोर्ड ने इसके लिए आईसीसी को सपोर्ट दिया है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इस कदम के लिए पाकिस्तान पर बैन लगाया जाएगा या नहीं, लेकिन आईसीसी ने स्पष्ट तौर पर पीसीबी से कहा है कि अगर भारत के खिलाफ मुकाबले का बॉयकॉट होता है, तो इसके व्यापक और दूरगामी परिणामों पर विचार करें।

पाकिस्तानी सरकार की घोषणा के बाद आईसीसी ने रविवार को बयान जारी करते हुए पीसीबी से आपसी सहमति के साथ समाधान खोजने का आग्रह करते हुए चेतावनी दी थी कि चुनिंदा भागीदारी ग्लोबल कॉम्पिटिशन के सिद्धांतों को कमजोर करती है। आईसीसी ने अपने बयान में कहा था कि आईसीसी, पीसीबी से आधिकारिक बातचीत का इंतजार कर रहा है। चुनिंदा भागीदारी की यह स्थिति एक ग्लोबल स्पोर्ट्स इवेंट के मूल सिद्धांत के साथ मेल नहीं खाती है, जहां सभी टीमों से इवेंट शेड्यूल के अनुसार समान शर्तों पर कॉम्पिटिशन करने की उम्मीद की जाती है। आईसीसी ने उम्मीद जताई है कि पीसीबी अपने देश में क्रिकेट के लिए बड़े और लंबे समय तक चलने वाले नतीजों पर विचार करेगा, क्योंकि इससे ग्लोबल क्रिकेट इकोसिस्टम पर असर पड़ने की संभावना है, जिसका वह खुद एक सदस्य और लाभार्थी है।

नॉर्वे चेस 2026 में खेलेंगे मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन गुकेश

मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन गुकेश डोमाराजू नॉर्वे चेस 2026 में हिस्सा लेकर दुनिया के सबसे मजबूत शतरंज टूर्नामेंट्स में से एक में प्रतिस्पर्धा करते नजर आएंगे। भारतीय स्टार ओस्लो में शतरंज के इतिहास के सबसे युवा निर्विवाद विश्व चैंपियन के रूप में उतरेंगे। गुकेश ने साल 2024 में कैंडिडेट्स टूर्नामेंट जीता था, जिसके बाद तत्कालीन वर्ल्ड चैंपियन डिंग लिरेन को हराकर महज 18 साल की उम्र में विश्व खिताब अपने नाम किया। गुकेश ने कहा, "नॉर्वे चेस में एक बार फिर हिस्सा लेकर मुझे बेहद खुशी हो रही है। हमेशा की तरह यहां मजबूत खिलाड़ियों का शानदार मैदान होता है और मैं सभी रोमांचक मुकाबलों का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।"

गुकेश की तेजी से आगे बढ़ने में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां शामिल हैं। इन उपलब्धियों में 2,750 रेटिंग का आंकड़ा पार करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बनना और 12 साल की उम्र में ग्रैंडमास्टर का टाइटल जीतना शामिल है। यह चेस के इतिहास में तीसरा सबसे कम उम्र का टाइटल है। इंटरनेशनल लेवल पर भारत की हालिया सफलता में भी उनका अहम रोल रहा है। इसके बाद 2024 में उन्होंने बोर्ड वन पर टीम गोल्ड और इंडिविजुअल गोल्ड दोनों जीते। नॉर्वे चेस में गुकेश डी के करियर के अहम पल पहले ही आ चुके हैं। साल 2025 एडिशन में, वह तीसरे नंबर पर रहे और एक रोमांचक गेम में मैग्नस कार्लसन पर अपनी पहली क्लासिकल जीत हासिल की, जिससे टेबल-स्लैम मोमेंट शुरू हुआ और यह जल्द ही टूर्नामेंट के सबसे चर्चित मुकाबलों में से एक बन गया।

नॉर्वे चेस के सीओओ बेनेडिक्ट वेस्ट्रे स्कोग ने कहा, "गुकेश डी का नॉर्वे चेस में मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन के तौर पर वापस आना हमारे लिए सच में बहुत कीमती है। भारत आज दुनिया के सबसे मजबूत चेस देशों में से एक बन गया है। हम जानते हैं कि कई फैंस गुकेश डी को करीब से फॉलो करेंगे। हमें उम्मीद है कि भारत के चेस ऑडियंस 2026 में ओस्लो में उनके मुकाबले को देखेंगे।" कुल मिलाकर, शतरंज के इतिहास के सबसे ज्यादा रेटिंग वाले 18 खिलाड़ियों ने नॉर्वे शतरंज में हिस्सा लिया है। गैरी कास्पारोव अब तक के महान खिलाड़ियों में अकेले अपवाद हैं, हालांकि वह दो बार इस इवेंट में आ चुके हैं।


पद्म श्री से सम्मानित होने पर रोहित ने जताया आभार

पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने 'पद्म श्री' से सम्मानित होने पर आभार जताते हुए इसे अपने और परिवार के लिए एक खास पल बताया है। रोहित का कहना है कि वह भारत के लिए मैच जीतना जारी रखेंगे। 'पद्म श्री' से सम्मानित होने को रोहित शर्मा ने खास पल बताते हुए उन सभी लोगों को धन्यवाद दिया है, जिन्होंने क्रिकेट करियर में उनका साथ दिया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर दूरदर्शन स्पोर्ट्स की ओर से शेयर किए गए वीडियो में रोहित ने कहा, "पद्म श्री मिलना मेरे और मेरे परिवार के लिए बहुत खास पल है। मैं इस सम्मान के लिए भारत सरकार का धन्यवाद करता हूं। मैं उन सभी लोगों का भी आभारी हूं, जिन्होंने मेरे करियर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अपने देश के लिए मैच और ट्रॉफियां जीतने की मेरी कोशिश हमेशा जारी रहेगी। धन्यवाद। जय हिंद।"

रोहित शर्मा ने साल 2007 में इंटरनेशनल डेब्यू किया था। पिछले 19 वर्षों में वह तीनों फॉर्मेट में भारत के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक रहे। उन्होंने बतौर बल्लेबाज और कप्तान, भारतीय क्रिकेट में एक महत्वपूर्ण छाप छोड़ी है। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 की ट्रॉफी जीतकर सबसे छोटे फॉर्मेट में आईसीसी खिताब का लंबा इंतजार खत्म किया। अगले ही साल भारत को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब भी जिताया। रोहित शर्मा ने अपने टेस्ट करियर में 67 मैच खेले, जिसकी 116 पारियों में 40.57 की औसत के साथ 4,301 रन बनाए। इस दौरान 12 शतक और 18 अर्धशतक लगाए। इसके अलावा, उन्होंने 282 वनडे मुकाबलों में 48.84 की औसत से 11,577 रन बनाए। इस दौरान 33 शतक और 61 अर्धशतक लगाए। रोहित शर्मा भारत की तरफ से 159 टी20 मैच खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 5 शतक और 32 अर्धशतकों के साथ 4,321 रन जुटाए, जिससे वह इस फॉर्मेट के सबसे सफल बल्लेबाजों में से एक बन गए हैं। भले ही रोहित शर्मा टेस्ट और टी20 फॉर्मेट से रिटायरमेंट ले चुके हैं, लेकिन वह अभी भी वनडे में टीम के लिए शानदार रन बना रहे हैं। फैंस चाहते हैं कि रोहित वनडे वर्ल्ड कप 2027 खेलें।

अपने पहले टी20 विश्व कप में छाप छोड़ने के लिए तैयार है इटली

फुटबॉल के दीवाने इटली में क्रिकेट की शुरुआत 18वीं शताब्दी में हो गई थी लेकिन यह खेल हमेशा वहां हाशिये पर ही रहा लेकिन दो सदियों के बाद अब लगता है कि इस देश में क्रिकेट गुमनामी से बाहर निकल आएगा। वेन मैडसन की अगुवाई वाली इटली की टीम आगामी टी20 विश्व कप में छाप छोड़ने के लिए तैयार है और यह सिर्फ बयानबाजी तक सीमित नहीं है।

पिछले महीने आयरलैंड के खिलाफ द्विपक्षीय टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला में चार विकेट से मिली जीत टेस्ट खेलने वाले देश के खिलाफ इटली की पहली जीत थी। इसे विडंबना ही कहा जाएगा कि इस ऐतिहासिक जीत के सूत्रधारों में से एक सहायक कोच केविन ओब्रायन थे जो आयरलैंड के मशहूर पूर्व ऑलराउंडर हैं। इटली ने ओब्रायन के अलावा कनाडा के पूर्व बल्लेबाज जॉन डेविसन को मुख्य कोच के रूप में अपने सहयोगी स्टाफ में शामिल किया है। इंग्लैंड के लिए 25 वनडे और दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच तथा वारविकशर के लिए 209 प्रथम श्रेणी के मैच खेलने वाले डौगी ब्राउन टीम के दूसरे सहायक कोच हैं।

इटली क्रिकेट महासंघ (आईसीएफ) की अध्यक्ष लोरिया हाज़ पाज़ ने पीटीआई से कहा, ‘‘हमारे सहयोगी स्टाफ के पास अंतरराष्ट्रीय अनुभव है और वे जानते हैं कि विश्व कप में खेलने के लिए क्या जरूरी होता है। यह हमारे लिए वास्तव में बेहद महत्वपूर्ण है। हमारे युवा खिलाड़ी उनसे इस तरह की बड़ी प्रतियोगिताओं में दबाव झेलने के लिए काफी कुछ सीख सकते हैं। उम्मीद है कि हमारी टीम टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करेगी।’’ इटली की टीम: वेन मैडसन (कप्तान), मार्कस कैंपोपियानो, जियान पिएरो मीडे, ज़ैन अली, अली हसन, क्रिस्चन जॉर्ज, हैरी मैनेंटी, एंथोनी मोस्का, जस्टिन मोस्का, सैयद नकवी, बेंजामिन मैनेंटी, जसप्रीत सिंह, जे जे स्मट्स, ग्रांट स्टीवर्ट, थॉमस ड्रेका।


मैच का बहिष्कार, मगर पीसीबी ने आईसीसी को नहीं दी जानकारी

भले ही पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया पर भारत के खिलाफ 15 फरवरी को खेले जाने वाले वर्ल्ड कप मुकाबले के बहिष्कार का ऐलान कर दिया, लेकिन एक न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) अपना यह फैसला आधिकारिक तौर पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) को बताने के लिए तैयार नहीं है। टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट्स ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि पीसीबी ने भारत के खिलाफ वर्ल्ड कप मैच के बॉयकॉट के मुद्दे पर अपनी लड़ाई जारी रखने का फैसला किया है और अपने आगे के एक्शन पर सस्पेंस बनाए रखने के लिए आईसीसी को यह फैसला नहीं बताएगा। सूत्रों ने टेलीकॉमएशियाडॉटनेट को बताया, "चूंकि यह सरकार का फैसला है और इसे आधिकारिक प्लेटफॉर्म के जरिए बताया गया है, इसलिए आईसीसी को लिखने की कोई जरूरत नहीं है।"

शरीफ ने रविवार को लाहौर में नकवी से मिलने से पहले पीसीबी के पूर्व चीफ नजम सेठी से भी मुलाकात की। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया, "सेठी ने पीएम को भारत के खिलाफ सख्त एक्शन लेने की भी सलाह दी, क्योंकि सेठी की चेयरमैनशिप में भारत 2016 में एक एग्रीमेंट से भी पीछे हट गया था।" भारत और श्रीलंका की सह-मेजबानी में टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होगी। शाहबाज शरीफ सरकार ने रविवार विश्व कप में पाकिस्तान के हिस्सा लेने को मंजूरी दे दी, लेकिन यह भी ऐलान किया कि पाकिस्तानी टीम भारत के खिलाफ 15 फरवरी को खेले जाने वाले मुकाबले में नहीं उतरेगा।

हालांकि, आईसीसी को आधिकारिक तौर पर पत्र के जरिए फैसला न बताने के फैसले को इस मामले को दबाए रखने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। स्पष्ट है कि पीसीबी मैच के बॉयकॉट से बचने के लिए आपसी सहमति से हल निकालने की आईसीसी की किसी भी अपील पर ध्यान नहीं देगा क्योंकि यह फैसला उसकी सरकार ने लिया है। अगर भारत-पाक मैच नहीं खेला जाता है, तो आईसीसी के ऑफिशियल ब्रॉडकास्टर को भारी आर्थिक नुकसान होगा। पूरी उम्मीद है कि वह इस मामले को कोर्ट में ले जाएगा। आईसीसी ने जवाब में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) को गंभीर नतीजों के बारे में बताते हुए उन्हें चेतावनी दी है कि चुनिंदा हिस्सेदारी स्वीकार नहीं की जाएगी। हालांकि, सोर्स ने टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट को बताया कि पाकिस्तान सरकार ने नतीजों पर कानूनी सलाह ली है और आईसीसी के किसी भी संभावित फैसले के खिलाफ बोर्ड का साथ देगी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia