खेलः अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भारत और रोनाल्डिन्हो 11 साल बाद करेंगे पेशेवर फुटबॉल में वापसी

ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उनकी पत्नी बेकी उनसे गुस्से में बात करती नजर आ रही हैं। पंजाब किंग्स के सह-मालिक नेस वाडिया ने हार्दिक पंड्या को एक साबित मैच-विनर बताया है।

अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भारत और रोनाल्डिन्हो 11 साल बाद करेंगे पेशेवर फुटबॉल में वापसी
i

अंडर-19 एशिया कप फाइनल में भारत, पाकिस्तान से होगी भिड़ंत

भारतीय टीम ने शान से एसीसी मेंस अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। फाइनल मुकाबले में भारत की भिड़ंत शनिवार (14 नवंबर) को पाकिस्तान से होगी। गुरुवार को अल अमेरत क्रिकेट ग्राउंड पर टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान को 8 विकेट से हराया। भारत ने अफगानिस्तान से मिले 228 रनों के लक्ष्य को आसानी से 2 विकेट खोकर 36.5 ओवर में हासिल कर लिया।

भारतीय टीम की शुरुआत एक बार फिर शानदार रही। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी और आर्यवीर सहवाग ने मिलकर पहले विकेट के लिए महज 16.6 ओवर में 117 रन जोड़े। आर्यवीर अच्छी लय में दिखाई दिए और 57 गेंदों में 51 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस पारी में आर्यवीर ने 4 चौके और चार छक्के लगाए। इसके बाद वीके विनीत के रूप में लक्ष्य को एक और अच्छा जोड़ीदार मिला और दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 89 गेंदों में 77 रन जोड़े। हालांकि, लक्ष्य अपने शतक से चूक गए और 90 गेंदों में 93 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस पारी में भारतीय कप्तान ने 13 चौके और एक छक्का लगाया। विनीत ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 62 गेंदों में 5 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 57 रन बनाए। वहीं, यशवर्धन चौहान 16 रन बनाकर नाबाद रहे।

इससे पहले, अफगानिस्तान ने 50 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 227 रन बनाए। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और फरीदुल्लाह एहसास सिर्फ 13 रन नबाकर आउट हुए। वहीं, आबिदुल्लाह नादरजन भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और वो 14 रन बनाकर पवेलियन लौटे। सुभान जखाइल अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और वो 31 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, इसके बाद नोमान सलारजई और शाह फैजल रहीमी ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली। नोमान ने 2 चौके और दो छक्कों की मदद से 78 गेंदों में 51 रन बनाए, जबकि शाह फैजल 72 गेंदों में 51 रन बनाकर ईशान सूद का शिकार बने। अंत के ओवरों में कप्तान सोहेल खान ने महत्वपूर्ण नाबाद 36 रन बनाए, जिसके चलते अफगानिस्तान की टीम 200 का आंकड़ा पार करने में सफल रही। भारत की तरफ से गेंदबाजी में ईशान सूद ने 9 ओवर में 43 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि आर्यन सावसानी ने 29 रन देकर 2 विकेट निकाले।

रोनाल्डिन्हो 11 साल बाद करेंगे पेशेवर फुटबॉल में वापसी

ब्राजील के पूर्व दिग्गज फुटबॉलर रोनाल्डिन्हो करीब एक दशक तक पेशेवर फुटबॉल से दूर रहने के बाद फिर से मैदान पर वापसी के लिए तैयार हैं। 46 साल के रोनाल्डिन्हो इटली के थर्ड टियर में रेवेना एफसी के लिए खेलेंगे। रोनाल्डिन्हो 15 नवंबर को फोर्ली के खिलाफ सीरी सी डर्बी में रेवेना के लिए खेलते हुए दिखेंगे। क्लब ने रोनाल्डिन्हो की वापसी की तारीख अक्टूबर में ही कन्फर्म किया था। रोनाल्डिन्हो रेवेना एफसी के साथ एक खिलाड़ी और एक शेयरहोल्डर के तौर पर जुड़ रहे हैं। ब्राजील के इस दिग्गज ने जून में इटैलियन क्लब के लिए साइन किया था और बाद में टीम में हिस्सेदारी खरीदी।

वर्ष 2015 में पेशेवर फुटबॉल में ब्राजीलियन क्लब फ्लूमिनेंस के लिए आखिरी बार खेलने वाले रोनाल्डिन्हो ने 2018 में आधिकारिक तौर पर संन्यास लिया था। संन्यास से वापसी के बाद रोनाल्डिन्हो के नाम एक बड़ी उपलब्धि जुड़ सकती है। पेशेवर फुटबॉल में उनके नाम 299 गोल दर्ज हैं। एक और गोल मारते ही उनके नाम 300 गोल दर्ज हो जाएंगे। क्लब रेवेना ने ऐलान किया है कि पेशेवर फुटबॉल में रोनाल्डिन्हो की वापसी दुनियाभर के फुटबॉल प्रेमियों का ध्यान स्टेडियम की तरफ खींचेगी, साथ ही क्लब की लोकप्रियता भी बढ़ेगी।

रोनाल्डिन्हो भी फील्ड पर उतरने के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि वह फिर से बॉल के साथ खेलने और क्लब के साथ एक नई कहानी लिखने का इंतजार नहीं कर सकते। फुटबॉल हमेशा से मेरे लिए खुशी का विषय रहा है और रेवेना में, मैं वही भावना लाने की उम्मीद करता हूं।

1999 से 2013 तक ब्राजील फुटबॉल टीम के लिए खेलने वाले रोनाल्डिन्हो ने 97 मैचों में 33 गोल किए थे। वह 2002 में फीफा विश्व कप फुटबॉल जीतने वाली ब्राजील टीम का हिस्सा थे। पेशेवर करियर में रोनाल्डिन्हो पेरिस सेंट जर्मेन, बार्सिलोना, एसी मिलान जैसे बड़े क्लबों का हिस्सा रहे हैं। अपनी ड्रिब्लिंग, क्रिएटिविटी, जबरदस्त स्किल्स और खास मुस्कान से फैंस को हैरान करने वाले इस खिलाड़ी ने बार्सिलोना में शानदार प्रदर्शन के बाद 2005 में बैलन डी'ओर जीता था। 2000 के दशक के बीच बार्सिलोना क्लब को मशहूर बनाने में उनका अहम योगदान रहा था। उनके रहते क्लब ने दो ला लीगा खिताब और 2006 में यूईएफए चैंपियंस लीग जीती थी।


पैट कमिंस और पत्नी के बीच बहस का वीडियो वायरल

ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कमिंस का ये वीडियो उस्मान ख्वाजा के बॉल-टैम्परिंग विवाद पर उनके प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की घोषणा की चर्चा के बीच वायरल है। वीडियो में वह अपनी पत्नी बेकी के साथ बात करते हुए नजर आ रहे हैं। द ऑस्ट्रेलियन द्वारा बुधवार को प्रकाशिक वीडियो फुटेज के मुताबिक, कमिंस और बेकी को पास की एक प्रॉपर्टी में जाने से पहले बातचीत करते हुए देखा गया। टी-शर्ट और शॉर्ट्स पहने, ऑस्ट्रेलियाई कप्तान इस बातचीत के दौरान काफी शांत दिखे। वहीं, उनकी पत्नी गुस्सैल अंदाज में नजर आ रही थीं। हालांकि, दोनों के बीच क्या बातचीत हो रही थी, इसकी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।

उस्मान ख्वाजा की हाल में प्रकाशित किताब 'सब्र' में बॉल-टैम्परिंग विवाद पर किए गए उनके दावों पर कमिंस प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले हैं। इसकी घोषणा कमिंस ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर की है। कमिंस ने एक्स पर लिखा, "मैं कल सुबह क्रिकेट सेंट्रल में ट्रेनिंग कर रहा हूं, इससे पहले कि ब्लूज शील्ड मैच खेलें। इस सप्ताह की घटनाओं के बारे में सुबह 9.30 बजे किसी भी और सभी मीडिया से बात करके खुशी होगी। मैंने उस्मान के आरोपों की लंबी सूची और पूरे विषय को बेहतर ढंग से समझने के लिए कुछ समय लिया है ताकि मैं ठीक से जवाब दे सकूं।" उन्होंने लिखा, "इसके बाद कृपया रुकें और ब्लूज को सपोर्ट करें। मैं क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) से डिटेल्स भेजने के लिए कहूंगा।"

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने अपनी किताब 'सब्र' में 2018 में केपटाउन में दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए टेस्ट में हुए बॉल-टैंपरिंग विवाद का जिक्र किया है। ख्वाजा ने कहा है कि इस घटना के लिए डेविड वॉर्नर, स्टीव स्मिथ और कैमरन बैनक्रॉफ्ट को जिम्मेदार ठहराया गया था, जबकि पूरी टीम को इसकी जानकारी थी। बॉल-टैंपरिंग मामले की जानकारी पूरी टीम को होने के ख्वाजा के दावे ने विवाद खड़ा कर दिया है। कमिंस उस टेस्ट का हिस्सा थे, इसलिए उनके बयान का क्रिकेट फैंस को इंतजार है।

नेस वाडिया ने हार्दिक को बताया मैच विनर

पंजाब किंग्स के सह-मालिक नेस वाडिया ने हार्दिक पंड्या को एक साबित मैच-विनर बताया है जो फ्रेंचाइजी की खिताब जीतने की उम्मीदों को मजबूत कर सकते हैं। उन्होंने अर्शदीप सिंह के टीम में योगदान को भी माना, जो अब ट्रेड डील के तहत मुंबई इंडियंस का हिस्सा हैं। नेस वाडिया ने कहा, "हार्दिक एक साबित मैच-विनर हैं। अलग-अलग रोल में योगदान देने की उनकी क्षमता उन्हें पंजाब किंग्स टीम के लिए एक कीमती चीज बनाती है। अपने नाम तीन आईसीसी आईसीसी ट्रॉफी और पांच आईपीएल खिताब के साथ, वह एक बेहतरीन स्तर का अनुभव और चैंपियनशिप वाली सोच लाते हैं क्योंकि हम चैंपियन बनने के अपने लक्ष्य की ओर काम कर रहे हैं। हमें परिवार में उनका स्वागत करते हुए खुशी हो रही है।"

वाडिया ने पंजाब किंग्स के साथ अर्शदीप के जुड़ाव पर भी बात की और तेज गेंदबाज की तरक्की को फ्रेंचाइजी के लिए गर्व की बात बताया। उन्होंने कहा, "पंजाब किंग्स के लिए अर्शदीप का सफर खास रहा है। हमें उन सभी चीजों पर बहुत गर्व है जो उन्होंने फ्रेंचाइजी और भारतीय क्रिकेट दोनों के लिए हासिल की हैं। हालांकि हमें उनके दूसरी टीम से जुड़ने का दुख है, लेकिन हम चाहते हैं कि उनकी नई फ्रेंचाइजी के साथ उनकी सफलता बनी रहे। हम अर्शदीप और समरीन को भी अपनी शुभकामनाएं देते हैं क्योंकि वे रोमांचक नए अध्याय की शुरुआत एक साथ कर रहे हैं।"

पंड्या के ट्रेड के साथ एमआई के साथ उनका दूसरा कार्यकाल समाप्त हो गया है। वह पहली बार 2015 में इस एमआई के साथ जुड़े थे। 2015 से 2021 के बीच एक ऑलराउंडर के तौर पर उनका कार्यकाल शानदार रहा और टीम को 4 खिताब जीताने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई। 2022 और 2023 में हार्दिक गुजरात टाइटंस में चले गए। अपनी कप्तानी में हार्दिक ने गुजरात टाइटंस को 2022 में चैंपियन बनाया था। 2024 में हार्दिक बतौर कप्तान मुंबई में लौटे और 2026 तक रहे। आईपीएल 2027 में हार्दिक के आईपीएल करियर में एक नई शुरुआत होगी। ट्रेड डील के तहत हार्दिक मुंबई इंडियंस (एमआई) से पंजाब किंग्स में और अर्शदीप पंजाब किंग्स से मुंबई इंडियंस में गए हैं। दोनों 18-18 करोड़ की फीस में गए हैं। अर्शदीप पंजाब किंग्स से 2019 से जुड़े थे।


दिल्ली कैपिटल्स के सामने कप्तान चुनना होगा बड़ी चुनौती

पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने लखनऊ सुपर जायंट्स से ऋषभ पंत को ट्रेड करने के बाद दिल्ली कैपिटल्स की लीडरशिप योजनाओं पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आगामी आईपीएल सीजन से पहले फ्रेंचाइजी के सामने कप्तानी को लेकर अनिश्चितता और तेज गेंदबाजी अटैक को दो बड़ी चुनौतियां बताया है। चोपड़ा का मानना ​​है कि टीम की कप्तानी के लिए केएल राहुल एक प्रमुख विकल्प हो सकते हैं। इसके साथ ही, पंत की बैटिंग पोजीशन भी अहम होगी ताकि उनकी वापसी का पूरा फायदा उठाया जा सके। दिल्ली के पास मौजूद विकल्पों पर बात करते हुए चोपड़ा ने कहा कि कई दावेदार हैं, लेकिन फ्रेंचाइजी का अंतिम फैसला अभी भी साफ नहीं है।

'जियोस्टार' से बातचीत में चोपड़ा ने कहा, "असल में कई सवाल हैं। यह एक तरह का बहुविकल्पीय प्रश्न बन गया है कि कप्तान कौन होगा? ऋषभ पंत कप्तानी के दावेदार रहे हैं, केएल राहुल भी एक विकल्प हैं, और मैंने सुना है कि अक्षर पटेल कप्तान नहीं बनना चाहते। ऐसे में इन सब बातों को देखते हुए यह पता ही नहीं है कि टीम की कप्तानी कौन करेगा। फिलहाल के लिए केएल राहुल एक मजबूत विकल्प हो सकते हैं।" उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि अगर दिल्ली को इस ट्रेड का पूरा फायदा उठाना है, तो पंत को बैटिंग ऑर्डर में ऊपर भेजना होगा। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर इस विकेटकीपर-बल्लेबाज को वापस लाकर भी नीचे के क्रम में ही खिलाना है, तो फिर ऐसा करने का क्या मतलब है?

उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि इस ट्रेड से शायद लखनऊ को ज्यादा फायदा हुआ है। उन्होंने आगे कहा, "ऋषभ पंत को, जिन्हें आपने ट्रेड किया है उन्हें टॉप 4 में बल्लेबाजी करनी चाहिए। अगर आप उन्हें इससे नीचे खिलाते हैं, तो आप उनकी पूरी क्षमता का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे। मुझे लगता है कि इस ट्रेड में एलएसजी (लखनऊ सुपर जायंट्स) ज्यादा फायदे में रही, क्योंकि उस पिच के लिए कुलदीप जैसे स्तर के गेंदबाज से बेहतर कुछ और नहीं हो सकता था।"

हालांकि, दिल्ली की बल्लेबाजी काफी मजबूत नजर आ रही है, लेकिन चोपड़ा ने गेंदबाजी यूनिट को एक संभावित कमजोरी बताया है, खासकर इसलिए क्योंकि मिचेल स्टार्क की उपलब्धता अभी भी अनिश्चित है। उन्होंने तेज गेंदबाजी के विकल्पों पर किए गए भारी निवेश और उनके हालिया प्रदर्शन पर उठ रहे सवालों का भी जिक्र किया। उन्होंने दिल्ली की टीम द्वारा तेज गेंदबाजों को शामिल करने की रणनीति पर बात करते हुए कहा कि कुछ सस्ते खिलाड़ियों ने तो बहुत अच्छा प्रदर्शन किया, जबकि महंगे खिलाड़ियों की उपलब्धता और फॉर्म चिंता का विषय बनी हुई है।

आकाश ने कहा, "आशुतोष, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल और फिर मिलर - यह एक काफी अच्छा सेटअप है। उनके लिए सबसे बड़ी समस्या उनका गेंदबाजr विभाग होगा। मिचेल स्टार्क को ही ले लीजिए - क्या वह खेलेंगे? यह एक बड़ा सवाल है कि क्या वह खेलने के लिए उपलब्ध होंगे या नहीं। इस सीजन में उन्हें तेज गेंदबाजी को लेकर दिक्कतें आ सकती हैं, और वे इससे कैसे निपटेंगे, मुझे नहीं पता।" पूर्व भारतीय क्रिकेट ने आगे कहा, "मुकेश 8 करोड़ में हैं, आकिब नबी 8.4 करोड़ में, और फिर मिचेल स्टार्क लगभग 12 करोड़ में हैं - यानी काफी बड़ी रकम खर्च हुई है। लुंगी एनगिडी सस्ते पड़े, जिन्हें सिर्फ 2 करोड़ में लिया गया - यह एक बेहतरीन सौदा साबित हुआ। दुष्मंथा चमीरा और काइल जैमीसन भी उतने महंगे नहीं थे। मगर जो खिलाड़ी महंगे हैं, हो सकता है कि वे उपलब्ध ही न हों। उनका अनुभव और मौजूदा फॉर्म अभी भी अनिश्चित है, और मुकेश कुमार के टी20 आंकड़े भी थोड़े गिरे हैं।"

औकिब नबी को रोहित, विराट और गिल ने दी खास सलाह

भारत के तेज गेंदबाज औकिब नबी ने कहा कि रोहित शर्मा, विराट कोहली और शुभमन गिल से उन्हें न्यूजीलैंड में सफेद गेंद से गेंदबाजी करते समय स्विंग के बजाय सीम मूवमेंट पर भरोसा करने की सलाह मिली थी। नबी ने कहा कि रोहित, विराट और गिल का मानना है कि सबसे ऊंचे स्तर के बल्लेबाज हिलती हुई गेंद को संभालने में काफी अच्छे होते हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में नबी ने कहा, "यह न्यूजीलैंड में मेरा पहली बार गेंदबाजी करने का अनुभव है। यहां थोड़ा अलग है। आपको सीम मूवमेंट पर ज्यादा निर्भर रहना पड़ता है क्योंकि टॉप लेवल के बल्लेबाज स्विंग खेल सकते हैं। यह उनका फीडबैक था। अगर आप स्क्रैम्बल्ड सीम बॉल करते हैं या डेक पर हिट करते हैं, तो यहां ज्यादा विकेट लेने का मौका है।"

नबी ने कहा, "न्यूजीलैंड के हालात जम्मू और कश्मीर में उनके अपने घर से बहुत अलग नहीं हैं। मुझे लगता है कि मौसम के मामले में भी ऐसा ही है क्योंकि वहां भी मौसम ऐसा ही है। बस बात यह है कि विरोधी टीम थोड़ी अलग है। यह इंटरनेशनल लेवल है, वह डोमेस्टिक लेवल है। बाकी के लिए, आपको एक जैसे विकेट मिलते हैं।" तेज गेंदबाज ने कहा, "घरेलू क्रिकेट के अच्छे स्तर ने उन्हें इंटरनेशनल लेवल पर आगे बढ़ने में मदद की। अगर आपके पास गति है, तो यह बहुत अच्छा है। लेकिन मैं अपनी स्किल पर भरोसा करता हूं। मैंने वहां अच्छा किया है। यहां, मैं स्किल पर आया हूं। जाहिर है, अगर गति है, तो यह एक प्लस फैक्टर है। लेकिन मैं अपनी स्किल पर भरोसा करता हूं। मैंने घरेलू स्तर पर जो अच्छा किया है, वह यहां भी काम आएगा।"

उन्होंने कहा कि पिच कैसी भी हो, अनुशासन जरूरी है। आप जिस भी विकेट पर हों, आपको अच्छी गेंद डालनी होती है, चाहे वह मददगार सरफेस हो या फ्लैट विकेट। आपका मकसद गेंद को अच्छे एरिया में डालना होता है। उम्मीद है, जब विकेट से फायदा हो, तो आपको उस पर भी बहुत ध्यान देना होगा क्योंकि अगर आप अनुशासित नहीं हैं, तो आप उस पर भी रन दे सकते हैं। नबी ने कहा, "हम गेंदबाज एक-दूसरे से बात करते हैं कि किस विकेट पर कैसे गेंद डालनी है। क्योंकि न्यूजीलैंड में बहुत सारे ड्रॉप-इन विकेट हैं। मेरा रिकॉर्ड अच्छा है। मैंने जम्मू-कश्मीर के लिए व्हाइट-बॉल भी खेला है। सच कहूं तो, मुझे व्हाइट-बॉल में बुलावे की उम्मीद नहीं थी। मुझे रेड-बॉल में बुलावे की उम्मीद थी। यह मेरे लिए अपनी स्किल्स दिखाने का एक अच्छा मौका है।"

दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने कहा, "न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज नए खिलाड़ियों के लिए 2027 मेन्स वनडे वर्ल्ड कप के लिए अपनी क्षमता दिखाने का एक मंच है। मैं अपने देश का प्रतिनिधित्व करके बहुत खुश हूं। यह हमेशा से मेरा सपना रहा है।" उन्होंने उन क्षेत्रों के युवा क्रिकेटरों के लिए भी एक संदेश दिया जहां संसाधन कम हैं और जो इंडिया के लिए खेलना चाहते हैं। नबी ने कहा, "जो कोई भी मुझसे कहता है कि उनके पास सुविधा नहीं हैं, मैं उनसे कहता हूं कि चाहे आपकी सुविधा कितनी भी कम क्यों न हों, आपको इसके लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। एक खिलाड़ी को बस कड़ी मेहनत करनी होती है। बाकी सब कुछ अपने आप हो जाता है। मैं उनसे कहता हूं कि चाहे कुछ भी हो जाए, कड़ी मेहनत करें।"

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए