खेल: एम्बाप्पे मेसी के साथ ‘गोल्डन बूट’ की दौड़ में अब भी बरकरार और अर्जेंटीना के कोच का बड़ा दावा
फ्रांस के स्टार स्ट्राइकर किलियन एम्बाप्पे का लगातार तीसरी बार विश्व कप फाइनल खेलने का सपना टूट गया। अर्जेंटीना के कोच लियोनेल स्कालोनी का कहना है कि उनकी टीम को बड़े टूर्नामेंटों में खेलने के अनुभव का फायदा इंग्लैंड के खिलाफ मिलेगा।

एम्बाप्पे लगातार तीसरे विश्व कप फाइनल से चूके, ‘गोल्डन बूट’ की दौड़ में मेस्सी की बराबरी बरकरार
फ्रांस के स्टार स्ट्राइकर किलियन एम्बाप्पे का लगातार तीसरी बार विश्व कप फाइनल खेलने का सपना टूट गया लेकिन चार साल पहले गोल्डन बूट जीतने वाले एम्बाप्पे इस बार भी अर्जेंटीना के दिग्गज लियोनेल मेस्सी के साथ टूर्नामेंट के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में संयुक्त रूप से शीर्ष पर बने हुए हैं।
विश्व कप सेमीफाइनल में स्पेन के खिलाफ 0-2 की हार के दौरान एम्बाप्पे अपनी टीम के लिए ज्यादा मौके नहीं बना सके। उनके और मेस्सी के नाम अब तक आठ-आठ गोल दर्ज हैं।
मेस्सी और मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना बुधवार को दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ मैदान में उतरेंगे। इस मुकाबले को जीतने वाली टीम फाइनल में स्पेन के खिलाफ खेलेगी।
फ्रांस अब शनिवार को फ्लोरिडा के मियामी गार्डन्स में तीसरे स्थान के मुकाबले में दूसरे सेमीफाइनल में हारने वाली टीम से भिड़ेगा।
स्पेन के खिलाफ मुकाबले के पहले हाफ में एम्बाप्पे ने सभी फॉरवर्ड खिलाड़ियों में सबसे कम केवल 15 बार गेंद को छुआ। उनका सबसे उल्लेखनीय क्षण वह रहा, जब उन्होंने रेफरी इवान बार्टन को यह समझाने की कोशिश की कि स्पेन को मिली पेनल्टी को नहीं दिया जाना चाहिए था। स्पेन के मिकेल ओयारजाबाल ने इसे गोल में बदल कर टीम का खाता खोला।
अपने अनुभव का हमें इंग्लैंड के खिलाफ फायदा मिलेगा: लियोनेल स्कालोनी
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना की भिड़ंत इंग्लैंड से होनी है। अर्जेंटीना के कोच लियोनेल स्कालोनी का कहना है कि उनकी टीम को बड़े टूर्नामेंटों में खेलने के अनुभव का फायदा इंग्लैंड के खिलाफ मिलेगा। उनका मानना है कि लगातार बड़े मैच खेलने से खिलाड़ियों में आत्मविश्वास और धैर्य बढ़ता है।
अर्जेंटीना बुधवार को इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में पहुंचने के इरादे से मैदान पर उतरेगा। यह टीम के लिए पिछले पांच बड़े टूर्नामेंटों में पांचवां सेमीफाइनल मुकाबला होगा। कतर में हुए फीफा वर्ल्ड कप को जीतने के बाद अर्जेंटीना की निगाहें अपने खिताब का बचाव करने पर होगी।
कोच स्कालोनी ने सेमीफाइनल मैच से पहले कहा, "हमें ऐसे बड़े मुकाबले खेलने का अनुभव है। यह जरूरी नहीं कि अनुभव हमेशा जीत दिलाए, लेकिन इससे खिलाड़ियों को शांत रहने में मदद मिलती है। एक टीम के रूप में यह हमारा पांचवां सेमीफाइनल है और इससे हमें आत्मविश्वास मिलता है। खिलाड़ी शांत हैं और इस चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार हैं।"
आईसीसी वनडे रैंकिंग: गिल नंबर वन बल्लेबाज बनने के करीब, जो रूट ने लगाई लंबी छलांग
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) द्वारा जारी ताजा वनडे रैंकिंग में भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल वनडे फॉर्मेट में नंबर वन बल्लेबाज बनने के और करीब पहुंच गए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में 80 रन की पारी खेलने वाले गिल नंबर वन बनने से 12 अंक पीछे हैं। फिलहाल वह दूसरे स्थान पर हैं।
वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में पहले स्थान पर न्यूजीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज डेरिल मिशेल पहले स्थान पर हैं। भारत के विराट कोहली तीसरे और रोहित शर्मा चौथे स्थान पर हैं। अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान पांचवें स्थान पर हैं।
वेस्टइंडीज के शे होप छठे और पाकिस्तान के बाबर आजम सातवें स्थान पर हैं। होप को एक स्थान का फायदा हुआ है, जबकि बाबर आजम को एक स्थान का घाटा हुआ है। आयरलैंड के हैरी टैक्टर आठवें, श्रीलंका के चरिथ असलांका नौवें और श्रीलंका के कुसाल मेंडिस दसवें स्थान पर हैं। मेंडिस को 2 स्थान का फायदा हुआ है। दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डिकॉक एक स्थान ऊपर चढ़कर 12वें और इंग्लैंड के जो रूट 6 स्थान ऊपर चढ़कर 13वें स्थान पर आ गए हैं।
टी20 विश्व कप में बदलाव, पुरुषों के वनडे विश्व कप में तीन स्टेज का फॉर्मेट, एलिमिनेटर के साथ 'सुपर 10' होगा
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने पुरुषों के इवेंट्स में बड़े बदलाव की घोषणा की है। नए बदलाव के तहत 14 टीमों के वनडे विश्व कप के लिए तीन स्टेज का फॉर्मेट लाना और टी20 विश्व कप के दूसरे स्टेज को एलिमिनेटर के साथ 'सुपर 10' फॉर्मेट में बढ़ाना शामिल है।
चीफ एग्जीक्यूटिव्स कमेटी (सीईसी) की सिफारिशों के बाद, "एडिनबर्ग में आईसीसी की सालाना कॉन्फ्रेंस के दौरान इन फैसलों को अंतिम रूप दिया गया। गवर्निंग बॉडी ने कहा कि इसका मकसद "ज्यादा रोचकता बनाना, प्रतियोगी स्तर को ऊपर उठाना और एथलीट और फैंस के लिए अनुभव को बेहतर बनाना है।"
हालांकि आईसीसी पुरुषों के क्रिकेट वर्ल्ड कप में 14 टीमें शामिल होती रहेंगी, लेकिन टूर्नामेंट का फॉर्मेट पुराने फॉर्मेट से अलग होगा। इसमें तीन स्टेज का कॉम्पिटिशन होगा जो फाइनल तक जाएगा। सबसे कम रैंक वाली तीन टीमें (टीम 12, 13, और 14) शुरू में ‘सुपर सीरीज’ नाम के राउंड वन में आमने-सामने होंगी, जिसमें सिर्फ टॉप टीम ही मेन स्टेज में जाएगी।
राउंड 2 में 12 टीमें होंगी, जिन्हें छह-छह टीमों के दो ग्रुप में बांटा जाएगा। हर ग्रुप की टॉप तीन टीमें, दोनों ग्रुप में अगली सबसे ऊंची रैंक वाली टीम के साथ, 'सुपर 7' नाम के नए सात-टीम राउंड-रॉबिन स्टेज में आगे बढ़ेंगी। सुपर 7 स्टेज से टॉप चार टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी।
इस बीच, 2026 पुरुष टी20 वर्ल्ड कप एडिशन में उभरते देशों के परफॉर्मेंस से उत्साहित होकर, आईसीसी ने 20-टीम इवेंट के दूसरे स्टेज को आठ से बढ़ाकर दस टीमें करने का फैसला किया है।
टेस्ट से रिटायरमेंट के बाद बेन स्टोक्स की डरहम के लिए वापसी
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी के लिए तैयार हैं। स्टोक्स वनडे कप के शुरुआती राउंड में डरहम की तरफ से डर्बीशायर के खिलाफ खेलेंगे। यह पिछले महीने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से रिटायरमेंट के बाद उनका पहला मैच होगा।
35 वर्षीय ऑलराउंडर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ इंग्लैंड के तीसरे टेस्ट के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेकर सभी को चौंकाया था। अब वे उसी दिन घरेलू वनडे क्रिकेट में वापसी करेंगे, जिस दिन 'द हंड्रेड' का नया सीजन शुरू हो रहा है।
लंदन के नाइटक्लब में हुई एक घटना की जांच के चलते बेन स्टोक्स न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरा टेस्ट नहीं खेल सके थे। इंग्लैंड की टीम से दूर रहने के दौरान, स्टोक्स ने काउंटी चैंपियनशिप में नॉर्थम्प्टनशायर के खिलाफ डरहम की तरफ से खेला था।
'बीबीसी स्पोर्ट' के अनुसार, स्टोक्स ने कहा, "जब मैं दूसरे टेस्ट में नहीं खेल रहा था और डरहम वापस लौटा, तो मुझे खेल के प्रति एक नई ऊर्जा महसूस हुई, लेकिन दुर्भाग्य से मैं उस एहसास को फिर से नहीं पा सका। मैं भविष्य में जो करने जा रहा हूं, उसे लेकर बहुत उत्साहित हूं। मैं अपने बचपन के क्लब डरहम के लिए खेलने वापस जा रहा हूं। मैं अभी बहुत जोश में हूं। इस हफ्ते कुछ पल ऐसे भी आए जो वाकई बहुत मुश्किल थे। मैंने सही फैसला लिया है।"
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
