खेल की खबरें: 'आईसीसी को पाकिस्तान पर कार्रवाई करनी चाहिये' और टी20 वर्ल्ड कप वार्म-अप शेड्यूल की पुष्टि
हरभजन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा ,‘‘ पहले उन्हें कोई दिक्कत नहीं थी लेकिन बांग्लादेश के मसले के बाद वे इसमें कूद पड़े । इस फैसले का असर आईसीसी पर पड़ सकता है लिहाजा आईसीसी को कानूनी कार्रवाई करने का पूरा अधिकार है । इससे पूरे टूर्नामेंट पर असर पड़ सकता है ।’’
भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर का अनुमान है कि पाकिस्तान ‘यू टर्न’ लेगा लेकिन उन्होंने कहा कि भारत के खिलाफ 15 फरवरी को टी20 विश्व कप के मैच का बहिष्कार करने पर आईसीसी को उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करनी चाहिये ।
पाकिस्तान सरकार ने फैसला किया है कि उसकी टीम कोलंबो में भारत के खिलाफ यह मैच नहीं खेलेगी और इसका कोई आधिकारिक कारण भी नहीं दिया । ऐसा माना जा रहा है कि बांग्लादेश के साथ एकजुटता दिखाने के लिये यह कदम उठाया गया है ।
बांग्लादेश को विश्व कप से बाहर कर दिया गया है जिसने सुरक्षा कारणों से भारत में खेलने से इनकार किया था। गावस्कर ने ‘इंडिया टुडे’ से कहा ,‘‘ मुझे लगता है कि अगले चार या पांच दिन में दुनिया भर से प्रतिक्रिया आने लगेगी तो संभव है कि पाकिस्तान अपना फैसला बदल ले ।’’ टूर्नामेंट सात फरवरी से शुरू होगा और पाकिस्तान को सारे मैच श्रीलंका में खेलने हैं ।
गावस्कर ने कहा ,‘‘इसमें क्या नया है । हम सभी को पता है कि पाकिस्तानी क्रिकेटर रिटायर होते हैं और चार दिन बाद फैसला बदलकर कहते हैं कि हमारे प्रशंसकों ने और खेलने के लिये कहा है ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने मिसाल कायम की है । वे संन्यास का फैसला बदलते रहते हैं लिहाजा 15 फरवरी से पहले ऐसा कुछ हो सकता है ।’’ गावस्कर और हरभजन सिंह दोनों ने कहा कि अगर आईसीसी पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई करती है तो यह सही होगा ।
उन्होंने कहा ,‘‘ पाकिस्तान के पास भारत के खिलाफ बड़े मैच से पीछे हटने का कोई कारण नहीं है । अनुबंध का उल्लंघन करने का कारण नहीं बता पाने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिये ।’’
हरभजन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा ,‘‘ पहले उन्हें कोई दिक्कत नहीं थी लेकिन बांग्लादेश के मसले के बाद वे इसमें कूद पड़े । इस फैसले का असर आईसीसी पर पड़ सकता है लिहाजा आईसीसी को कानूनी कार्रवाई करने का पूरा अधिकार है । इससे पूरे टूर्नामेंट पर असर पड़ सकता है ।’’
टी20 वर्ल्ड कप वार्म-अप शेड्यूल की पुष्टि, 2-6 फरवरी के बीच इन वेन्यू पर होंगे मैच
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने सोमवार को मेंस टी20 वर्ल्ड कप वार्म-अप मुकाबलों के शेड्यूल की पुष्टि कर दी है। 2 से 6 फरवरी के बीच कुल 16 वार्म-अप मैच खेले जाएंगे।
7 फरवरी से भारत और श्रीलंका की सह-मेजबानी में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन होगा, जिससे पहले वार्म-अप मैच भी इन्हीं देशों में खेले जाएंगे। भारतीय सरजमीं पर बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) ग्राउंड 1 और नवी मुंबई में डीवाई पाटिल स्टेडियम और चेन्नई में एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में वार्म-अप मैच खेले जाएंगे। दूसरी ओर, श्रीलंका में एसएससी क्रिकेट ग्राउंड और कोलंबो क्रिकेट क्लब ग्राउंड में वार्म-अप मैच आयोजित होंगे।
2 फरवरी को वार्म-अप मैच में भारत-ए का सामना यूएसए से होगा। इसके बाद भारतीय टीम 4 फरवरी को साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में उतरेगी। 6 फरवरी को भारत-ए की टीम नामीबिया के विरुद्ध वार्म-अप मुकाबला खेलेगी। भारत और इंडिया 'ए' के मैच देश में स्टार स्पोर्ट्स और जियो हॉटस्टार पर लाइव प्रसारित किए जाएंगे।
वार्म-अप मुकाबलों का शेड्यूल
2 फरवरी:
अफगानिस्तान बनाम स्कॉटलैंड: बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड 1, बेंगलुरु (दोपहर 3 बजे से)
यूएसए बनाम इंडिया 'ए': डीवाई पाटिल स्टेडियम, नवी मुंबई (शाम 5 बजे से)
कनाडा बनाम इटली: एमए चिदंबरम स्टेडियम, चेन्नई (शाम 7 बजे से)
3 फरवरी:
ओमान बनाम श्रीलंका 'ए': कोलंबो क्रिकेट क्लब ग्राउंड, कोलंबो (दोपहर 1 बजे से)
नीदरलैंड बनाम जिम्बाब्वे: आर. प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो (दोपहर 3 बजे से)
नेपाल बनाम यूएई: एमए चिदंबरम स्टेडियम, चेन्नई (शाम 5 बजे से)
4 फरवरी:
स्कॉटलैंड बनाम नामीबिया: बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड 2, बेंगलुरु (दोपहर 1 बजे से)
अफगानिस्तान बनाम वेस्टइंडीज: बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड 1, बेंगलुरु (दोपहर 3 बजे से)
पाकिस्तान बनाम आयरलैंड: एसएससी क्रिकेट ग्राउंड, कोलंबो (शाम 5 बजे से)
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका: डीवाई पाटिल स्टेडियम, नवी मुंबई (शाम 7 बजे से)
5 फरवरी:
जिम्बाब्वे बनाम ओमान: कोलंबो क्रिकेट क्लब ग्राउंड, कोलंबो (सुबह 11 बजे से)
नेपाल बनाम कनाडा: एमए चिदंबरम स्टेडियम, चेन्नई (दोपहर 1 बजे से)
ऑस्ट्रेलिया बनाम नीदरलैंड: आर. प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो (शाम 5 बजे से)
न्यूजीलैंड बनाम यूएसए: डीवाई पाटिल स्टेडियम, नवी मुंबई (शाम 7 बजे से)
6 फरवरी:
इटली बनाम यूएई: एमए चिदंबरम स्टेडियम, चेन्नई (दोपहर 3 बजे से)
इंडिया 'ए' बनाम नामीबिया: बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड 1, बेंगलुरु (शाम 5 बजे से)
गुजरात जायंट्स के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स की नजरें लगातार चौथी बार फाइनल में पहुंचने पर
लगातार तीन बार उपविजेता रही दिल्ली कैपिटल्स की टीम महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के एलिमिनेटर मुकाबले में मंगलवार को यहां जब पहली बार प्लेऑफ में पहुंची गुजरात जायंट्स के खिलाफ उतरेगी तो उसकी कोशिश चौथी बार फाइनल में पहुंचने की होगी।
डब्ल्यूपीएल के छोटे से इतिहास में सबसे निरंतर प्रदर्शन करने वाली टीमों में शामिल दिल्ली कैपिटल्स ने एक बार फिर लीग चरण को सफलतापूर्वक पार करते हुए शीर्ष तीन में जगह बनाई। इसके साथ ही वह अब तक के सभी चार सत्रों में प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने वाली एकमात्र टीम बन गई है।
मौजूदा सत्र में हालांकि दिल्ली का अभियान उतार-चढ़ाव भरा रहा है, जिसमें दबदबे वाले प्रदर्शन के साथ-साथ गिरावट भी देखने को मिली। टीम ने अब तक चार मैच जीते हैं और उसे इतने में हार का सामना करना पड़ा है।
टीमें:
दिल्ली कैपिटल्स: जेमिमा रोड्रिग्स (कप्तान), तानिया भाटिया, चिनेल हेनरी, लिजेल ली, निकी प्रसाद, शेफाली वर्मा, लौरा वोल्वार्ड्ट, लुसी हैमिल्टन, मारिजेन कैप, अलाना किंग, स्नेह राणा, प्रगति सिंह, मिन्नू मणि, नंदिनी शर्मा, श्री चरणी, एड्डला स्रुजना।
गुजरात जायंट्स : एशले गार्डनर (कप्तान), कनिका आहूजा, सोफी डिवाइन, भारती फुलमाली, किम गार्थ, काशवी गौतम, राजेश्वरी गायकवाड़, हैप्पी कुमारी, जिंतिमनी कलिता, तनुजा कंवर, बेथ मूनी (विकेटकीपर), रेणुका सिंह, अनुष्का शर्मा, शिवानी सिंह, आयुषी सोनी, जॉर्जिया वेयरहम, डैनी व्याट-हॉज।
मैच शाम 07:30 बजे शुरू होगा।
हरमनप्रीत, मंधाना और दिव्या ‘2025 बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमन अवार्ड्स’ के लिए नामांकित
भारत की महिला विश्व कप 2025 की ऐतिहासिक जीत में अहम भूमिका निभाने वाली कप्तान हरमनप्रीत कौर और उप-कप्तान स्मृति मंधाना तथा शतरंज की प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिव्या देशमुख ‘2025 बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ द ईयर’ पुरस्कारों के लिए नामांकित हैं।
पिस्टल निशानेबाजी में सनसनी मचाने वाली सुरुचि सिंह और ट्रैक एवं फील्ड एथलीट ज्योति याराजी इस प्रतिष्ठित वार्षिक पुरस्कार के लिए नामांकित अन्य दो खिलाड़ी हैं।
बीबीसी न्यूज की अंतरिम वैश्विक निदेशक फियोना क्रैक ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘ ‘इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ द ईयर’ पुरस्कार पूरे भारत में महिलाओं की खेल प्रतिभाओं के एक वर्ष का प्रतीक है और बीबीसी विश्व सेवा अन्य किसी भी मीडिया प्रदाता की तुलना में इन प्रयासों को प्रदर्शित करने और उनका जश्न मनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम इन महिलाओं को भारत और दुनिया भर के दर्शकों के सामने अपनी मेहनत से हासिल की गई उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए एक मंच प्रदान करके रोमांचित हैं।’’
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत ने नवंबर 2025 में देश को आईसीसी महिला विश्व कप का पहला खिताब दिलाया था।
उन्होंने घरेलू सरजमीं पर खेले गये विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में 339 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए 88 गेंदों में 89 रनों की शानदार पारी खेली।
हरमनप्रीत की 2017 में इसी प्रतिद्वंदी के खिलाफ एक अन्य विश्व कप सेमीफाइनल में 171 रनों की नाबाद पारी को आज भी महिला क्रिकेट की महानतम पारियों में से एक माना जाता है।
उन्हें टाइम पत्रिका की 2023 की शीर्ष 100 उभरते नेतृत्वकर्ताओं की सूची और बीबीसी की 100 सबसे प्रेरणादायक महिलाओं की सूची में शामिल किया गया है।
इसी टीम की उप कप्तान 29 साल की मंधाना पहले से ही क्रिकेट के सर्वकालिक महान खिलाड़ियों में अपना नाम दर्ज करा चुकी हैं।