खेल: श्रेयस अय्यर ने दिया पंजाब किंग्स को मंत्र और टिम डेविड ने ट्रेविस हेड का तोड़ा रिकॉर्ड
आईपीएल में अभी तक अपराजेय हो लेकिन कप्तान श्रेयस अय्यर का मानना है कि फोकस वर्तमान में रहने पर होना चाहिये। टिम डेविड ने आईपीएल में एक हजार रन पूरे कर लिए हैं। डेविड इस लीग में गेंदों के लिहाज से सबसे तेज एक हजार रन पूरे करने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं।
वर्तमान में रहें, जज्बात में नहीं बहें : श्रेयस अय्यर का पंजाब किंग्स को मंत्र
पिछले सत्र की उपविजेता पंजाब किंग्स भले ही शानदार शुरूआत करके आईपीएल में अभी तक अपराजेय हो लेकिन कप्तान श्रेयस अय्यर का मानना है कि फोकस वर्तमान में रहने पर होना चाहिये।
कोलकाता नाइट राइडर्स को 2024 आईपीएल खिताब जिताने के बाद पिछले साल पंजाब किंग्स से जुड़े अय्यर ने कोच रिकी पोंटिंग के साथ टीम की तकदीर बदल दी है ।
पिछले सत्र में फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू से हारी पंजाब टीम पांच में से चार मैच जीत चुकी है जबकि केकेआर के खिलाफ मैच बारिश में धुल गया था ।
अय्यर ने जियोस्टार से कहा ,‘‘ मिशन खिताब जीतना है । लेकिन मेरा मानना है कि वर्तमान में और नियंत्रण में रहने से आप सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकते हैं । बहुत आगे की सोचने की जरूरत नहीं है । मैं अपनी टीम से भी यही कहता हूं कि हम अपने लिये खेल रहे हैं, विरोधी टीम के लिये नहीं । हमें रोज प्रदर्शन में सुधार करना है ।’’
फुटबॉल कोच की तरह हैं आशीष नेहरा : हरभजन
भारत के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने गुजरात टाइटंस के मुख्य कोच आशीष नेहरा की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी ऊर्जा फुटबॉल कोच की तरह है और उन्होंने टीम में एकजुटता भरी है ।
हरभजन ने जियोस्टार से कहा कि खिलाड़ियों से नेहरा का लगातार संवाद और खेल की गहरी समझ ने गुजरात टाइटंस की सफलता में अहम भूमिका निभाई है।
उन्होंने एक विज्ञप्ति में कहा ,‘‘ आशीष नेहरा अकेला ऐसा इंसान है जो कहीं भी, कभी भी माहौल को सहज बना सकते हैं । वह जहां भी जाते हैं , अपने आसपास सभी लोगों को सहज बना देते हैं।’’
मैचों के दौरान नेहरा की भूमिका के बारे में हरभजन ने कहा ,‘‘ वह फुटबॉल कोच की तरह है। कभी भी शांत नहीं बैठता । पूरे मैच में किसी खिलाड़ी को पकड़कर उससे बात करता रहेगा।’’
आईपीएल 2026: टिम डेविड ने ट्रेविस हेड का तोड़ा रिकॉर्ड, सहवाग-साल्ट को भी छोड़ा पीछे
आईपीएल 2026 के 26वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की भिड़ंत शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स के साथ हो रही है। एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में टिम डेविड ने 17 गेंदों में 26 रनों की पारी खेलने के साथ ही खास मुकाम हासिल कर लिया है।
टिम डेविड ने आईपीएल में एक हजार रन पूरे कर लिए हैं। डेविड इस लीग में गेंदों के लिहाज से सबसे तेज एक हजार रन पूरे करने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने आईपीएल में एक हजार रन 560 गेंदें खेलकर पूरे किए हैं। वहीं, आईपीएल में सबसे कम गेंदें खेलकर एक हजार रन बनाने का रिकॉर्ड आंद्रे रसेल के नाम दर्ज है। उन्होंने आईपीएल में एक हजार रन 545 गेंदें खेलकर पूरे किए थे।
टिम डेविड ने इस मामले में ट्रेविस हेड, फिल साल्ट, हेनरिक क्लासन और वीरेंद्र सहवाग को पीछे छोड़ दिया है। हेड ने आईपीएल में 1,000 रन 575 गेंदें खेलकर पूरे किए थे, जबकि फिल साल्ट ने यह मुकाम 575 गेंदें खेलकर हासिल किया था। वहीं, सहवाग ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में एक हजार रन 604 गेंदों में पूरे किए थे।
जसप्रीत बुमराह का सही इस्तेमाल नहीं कर पा रही मुंबई इंडियंस: मिशेल मैक्लेनाघन
आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस (एमआई) का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है। टीम ने सीजन की शुरुआत तो जीत के साथ की थी, लेकिन उसके बाद लगातार 4 मैच हारी है। सीजन में एमआई के लिए जो खिलाड़ी अब तक सर्वाधिक असफल रहे हैं, उनमें जसप्रीत बुमराह का नाम सबसे ऊपर है।
यह आश्चर्यजनक है कि बुमराह पिछले 5 मैचों में एक भी विकेट नहीं ले सके हैं। उनकी गेंदों पर रन भी बन रहे हैं। एमआई के लिए खेल चुके न्यूजीलैंड के बाएं हाथ के पूर्व तेज गेंदबाज मिशेल मैक्लेनाघन ने जसप्रीत बुमराह की असफलता का कारण बताया है।
स्टार स्पोर्ट्स के 'अमूल क्रिकेट लाइव' पर जियोस्टार के एक्सपर्ट मिशेल मैक्लेनाघन ने कहा कि जसप्रीत बुमराह का सही इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। इसी वजह से वह अपना प्रभाव छोड़ पाने में सफल नहीं हो सके हैं।
मैक्लेनाघन ने कहा, "बुमराह को अक्सर पहले ओवर के बाद अटैक पर लाया जाता है, जिससे वह डैमेज कंट्रोल की स्थिति में आ जाता है, न कि अपनी शर्तें मनवा पाता है। आप चाहते हैं कि वह गेंदबाजी की शुरूआत करे, पहला ओवर डाले, और शुरू से ही विरोधी टीम पर दबाव डाले। मुंबई इंडियंस को फिर से सोचना होगा कि वे उसका इस्तेमाल कैसे कर रहे हैं, क्योंकि उसे गेम में पहले लाने से काफी फर्क पड़ सकता है।"
भारतीय महिला हॉकी टीम की जबरदस्त वापसी, अर्जेंटीना के खिलाफ सीरीज 2-2 पर खत्म
भारतीय महिला हॉकी टीम ने अर्जेंटीना के खिलाफ चार मुकाबलों के दौरे को 2-2 की बराबरी पर खत्म किया। सीरीज की मुश्किल शुरुआत के बाद, भारतीय टीम ने शानदार वापसी करते हुए अपने आखिरी 2 मैच जीतकर दौरे का शानदार अंत किया।
इस दौरे की शुरुआत 13 अप्रैल को एक कड़े मुकाबले वाले मैच से हुई, जिसमें नवनीत कौर (22’) और अन्नू (29’) ने भारत के लिए गोल किए। हालांकि, अर्जेंटीना ने यह मैच 4-2 से जीता, जिसमें मारिया एमिलिया लार्सन (11’), विक्टोरिया ग्रैनाटो (18’), और जूलिएटा जानकुनास (42’, 55’) ने गोल किए, लेकिन भारत ने पूरे मैच के दौरान जोरदार आक्रामक खेल दिखाया।
14 अप्रैल को खेले गए दूसरे मुकाबले में, इशिका (22’) ने भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई, लेकिन मेजबान टीम ने 2-1 से करीबी जीत दर्ज की। अर्जेंटीना की तरफ से दोनों गोल अगस्टिना गोरजेलानी (34’, 48’) ने दागे।
16 अप्रैल को तीसरे मैच में भारत ने अपनी लय हासिल कर ली और 2-1 से जीत दर्ज करके सीरीज में अपनी उम्मीदें जिंदा रखीं। नवनीत कौर (26’) और नेहा (37’) दोनों ने पेनाल्टी कॉर्नर से गोल करके भारत को 2-0 की आरामदायक बढ़त दिलाई।
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia