खेल: 'FIFA वर्ल्ड कप 2026 में ईरानी टीम का स्वागत करेंगे ट्रंप' और IPL 2026 में सभी मैच खेलेंगे धोनी

ईरान को अमेरिका में तीन मैच खेलने हैं, लेकिन बढ़ते क्षेत्रीय युद्ध के बीच उनके हिस्सा लेने पर शक है। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के सीईओ कासी विश्वनाथन ने कहा है कि टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी आईपीएल 2026 में सभी मैच खेल सकते हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
i
user

नवजीवन डेस्क

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में ईरानी टीम का स्वागत करेंगे डोनाल्ड ट्रंप: इन्फेंटिनो

फीफा चीफ जियानी इन्फेंटिनो ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की, जिन्होंने उन्हें भरोसा दिलाया है कि ईरान का 2026 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने के लिए 'स्वागत' है। यह विश्व कप 11 जून से 19 जुलाई तक अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा में खेला जाएगा।

ईरान को अमेरिका में तीन मैच खेलने हैं, लेकिन बढ़ते क्षेत्रीय युद्ध के बीच उनके हिस्सा लेने पर शक है। ईरानी टीम बेल्जियम, मिस्र और न्यूजीलैंड के साथ ग्रुप-जी में है। यह टीम 15 जून को सिएटल में न्यूजीलैंड के खिलाफ टूर्नामेंट की शुरुआत करेगी, और आगे के ग्रुप गेम लॉस एंजिल्स और अटलांटा में होंगे।

एक इंस्टाग्राम पोस्ट में इन्फेंटिनो ने कहा कि उन्होंने और ट्रंप ने आने वाले फीफा वर्ल्ड कप की तैयारियों के स्टेटस पर चर्चा की और ईरान के मौजूदा हालात के बारे में भी बात की।

 इन्फेंटिनो ने लिखा, "मैं आगामी फीफा वर्ल्ड कप की तैयारियों के स्टेटस और सिर्फ 93 दिनों में शुरू होने वाले बढ़ते उत्साह पर चर्चा करने के लिए यूनाइटेड स्टेट्स के राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रंप से मिला। हमने ईरान के मौजूदा हालात और इस बात पर भी बात की कि ईरानी टीम ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेने के लिए क्वालीफाई कर लिया है। बातचीत के दौरान, राष्ट्रपति ट्रंप ने दोहराया कि ईरानी टीम का, बेशक, यूनाइटेड स्टेट्स में टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए स्वागत है।"

मिडिल ईस्ट संकट के कारण अफगानिस्तान-श्रीलंका सीरीज स्थगित: एसीबी

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बुधवार को बताया कि अफगानिस्तान और श्रीलंका के बीच 13 मार्च से यूएई में शुरू होने वाली द्विपक्षीय सीरीज स्थगित कर दी गई है। सीरीज मिडिल ईस्ट के मौजूदा हालात के कारण फ्लाइट पर लगी रोक और अन्य लॉजिस्टिक समस्याओं की वजह से स्थगित की गई है। सीरीज अब 2026 के अंत में खेली जा सकती है।

इस सीरीज के तहत अफगानिस्तान पहली बार श्रीलंका की मेजबानी करने वाला था। 13, 15 और 17 मार्च को शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में तीन टी20 मैच खेले जाने थे। इसके बाद 20, 22 और 25 मार्च को तीन वनडे मैच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना था।

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपने बयान में कहा, "एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) से मंजूरी मिलने के बाद, दोनों जगहों पर मैच आयोजित करने की तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। मार्च की शुरुआत में, अचानक हुई घटनाओं की वजह से लॉजिस्टिक दिक्कतें पैदा हो गईं, जिससे सीरीज के लिए यात्रा प्रबंधन और अन्य योजनाओं पर असर पड़ा।"


आईपीएल 2026 में सभी मैच खेलेंगे धोनी, रोल पर फैसला टीम मैनेजमेंट करेगा: सीएसके सीईओ

चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के सीईओ कासी विश्वनाथन ने कहा है कि टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी आईपीएल 2026 में सभी मैच खेल सकते हैं। उनके रोल पर आखिरी फैसला टीम प्रबंधन करेगी।

सीएसके सीईओ कासी विश्वनाथ ने कहा कि मेरे हिसाब से धोनी सीजन के सभी मैच खेलेंगे।

क्या धोनी अगले सीजन विकेटकीपिंग भी करेंगे? इस सवाल के जवाब में कासी विश्वनाथ ने कहा, "यह मैं नहीं कह सकता। यह क्रिकेट का फैसला है जो क्रिकेट स्टाफ लेगा, प्रशासनिक स्टाफ नहीं। इसलिए वे तय करेंगे कि वह बल्लेबाज के तौर पर खेलेंगे या विकेटकीपर-बल्लेबाज के तौर पर, या एक इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर।"

सीएसके ने संजू सैमसन को टीम में शामिल किया है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि संजू बतौर विकेटकीपर मैदान में नजर आ सकते हैं।

सीएसके सीईओ ने भारतीय टीम को टी20 विश्व कप 2026 का चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले सीएसके के खिलाड़ियों संजू सैमसन और शिवम दुबे की जमकर प्रशंसा की और कहा कि दोनों पर गर्व है।

 उन्होंने कहा, "हम बहुत खुश हैं कि इंडिया ने वर्ल्ड कप जीता है, वो भी बैक-टू-बैक। हम इसलिए खुश हैं क्योंकि सीएसके दो खिलाड़ी, संजू और शिवम दुबे ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। इससे हमें टीम पर बहुत आत्मविश्वास मिलता है कि वह यहां भी अच्छा करेंगे।"

आईसीसी ने कहा, यात्रा व्यवस्था पर आलोचकों के सुझाव अनुपयोगी और गलत

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने खाड़ी क्षेत्र में तनाव के कारण टी20 विश्व कप के बाद घर वापस न लौट पाने वाले खिलाड़ियों के प्रति सहानुभूति व्यक्त की और उन सुझावों को ‘अनुपयोगी और गलत’ करार दिया जिनमें कहा गया है कि खिलाड़ियों की सुरक्षा और हितों को ध्यान में रखे बिना फैसले लिए गए।

अमेरिका और इजरायल के ईरान पर किए गए हमले के बाद खाड़ी क्षेत्र में हवाई क्षेत्र बंद कर दिया गया है, जिससे उड़ानों का कार्यक्रम अस्त-व्यस्त हो गया।

आईसीसी ने कहा कि वह भारत में फंसे खिलाड़ियों विशेषकर वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ियों के प्रति सहानुभूति रखती है लेकिन स्पष्ट किया कि वैकल्पिक यात्रा मार्गो की योजना बनाते समय खिलाड़ियों की सुरक्षा और हितों को ध्यान में रखा जा रहा है।

आईसीसी ने यात्रा कार्यक्रम का विवरण देते हुए कहा कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी बुधवार की रात को स्वदेश रवाना होना शुरू कर देंगे और उम्मीद है कि उसकी टीम के सभी सदस्य अगले 36 घंटों के भीतर रवाना हो जाएंगे।

आईसीसी ने बताया कि वेस्टइंडीज टीम के नौ सदस्य पहले ही अपने देशों के लिए रवाना हो चुके हैं, जबकि बाकी 16 सदस्यों के लिए अगले 24 घंटों के भीतर भारत से रवाना होने वाली उड़ानों में बुकिंग करा ली गई है।

आईसीसी ने वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका की टीमों के लिए मंगलवार को अलग-अलग वाणिज्यिक उड़ानों की बुकिंग की, क्योंकि कोलकाता से उड़ान भरने वाली उनकी चार्टर उड़ान ‘लॉजिस्टिक’ समस्याओं के कारण रद्द कर दी गई थी।


बल्लेबाजी की खामियों को दूर करने के लिए बाबर पाकिस्तान की राष्ट्रीय टी20 चैंपियनशिप से हटे

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और स्टार बल्लेबाज बाबर आजम ने 26 मार्च से शुरू होने वाली पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) से पहले अपनी बल्लेबाजी की तकनीकी खामियों को दूर करने के लिए राष्ट्रीय टी20 चैंपियनशिप से नाम वापस ले लिया है।

टी20 विश्व कप में खराब प्रदर्शन के बाद बांग्लादेश के खिलाफ उसकी सरजमीं पर होने वाली एकदिवसीय श्रृंखला की टीम से बाहर किए गए बाबर का नाम पेशावर में चल रही राष्ट्रीय टी20 चैंपियनशिप के लिए लाहौर व्हाइट्स टीम में शामिल किया गया था।

अब यह बात सामने आई है कि वह घरेलू प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लेंगे और इसके बजाय अपनी बल्लेबाजी पर कुछ कोच के साथ काम कर रहे हैं। ये कोच कौन हैं इस बारे में कोई जानकारी नहीं है लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के एक करीबी सूत्र ने कहा कि बाबर और टीम प्रबंधन ने फैसला किया है कि उन्हें राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेलने के बजाय अपनी बल्लेबाजी की तकनीकी खामियों पर काम करना चाहिए।

आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ