खेल: हरभजन पर भड़के श्रीसंत, लगाए गंभीर आरोप और 'कोहली की मानसिकता उन्हें करती है दूसरों से अलग'

भारत के पूर्व तेज गेंदबाज श्रीसंत ने हरभजन सिंह पर तीखा हमला करते हुए उन पर इस घटना से आर्थिक लाभ कमाने का आरोप लगाया है। गुजरात टाइटन्स के सहायक कोच विजय दहिया ने विराट कोहली की जमकर तारीफ की है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

कोहली की मानसिकता उन्हें दूसरों से अलग करती है: दहिया

गुजरात टाइटन्स के सहायक कोच विजय दहिया ने विराट कोहली की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि पूर्व भारतीय कप्तान की लगन और हमेशा अपने खेल में सुधार करने की ललक उन्हें दूसरों से अलग बनाती है।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बल्लेबाज कोहली ने 44 गेंद पर 81 रन बनाए जिससे उनकी टीम ने गुजरात को पांच विकेट से हराया। उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।

दहिया ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘‘मैच के बाद वह कह रहे थे कि वह इसे शतक में बदल सकते थे। इससे उनकी मानसिकता का पता चलता है।‘‘

उन्होंने कहा, ‘‘जब आप स्थिति को अपने नियंत्रण में कर लेते हैं तो फिर आप गेंदबाजों को अपनी इच्छानुसार गेंदबाजी करने के लिए मजबूर कर सकते हैं। इस विकेट पर खेलना आसान नहीं था लेकिन उन्होंने इसे आसान बना दिया। मुझे लगता है कि यह अद्भुत है।‘‘

दहिया ने कहा कि यह नहीं भूलना चाहिए कि उन्होंने अपनी यह पारी विश्व स्तरीय गेंदबाजों के खिलाफ खेली।

'स्लैपगेट' पर ऐड बनाकर हरभजन ने 1 करोड़ कमाए, माफी वाले बयान नाटक: एस. श्रीसंत

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज एस. श्रीसंत और पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह के बीच हुआ 'थप्पड़ कांड' आईपीएल इतिहास की सबसे शर्मनाक घटनाओं में से एक माना जाता है। आईपीएल के पहले सीजन (आईपीएल 2008) में घटी ये घटना हर साल उस समय चर्चा में आ जाती है, जब आईपीएल का आयोजन हो रहा होता है।

 एस. श्रीसंत ने हरभजन सिंह पर बयान देते हुए उस घटना को फिर से चर्चा में ला दिया है। भारत के पूर्व तेज गेंदबाज श्रीसंत ने हरभजन सिंह पर तीखा हमला करते हुए उन पर इस घटना से आर्थिक लाभ कमाने का आरोप लगाया है।

 श्रीसंत की टिप्पणियों में एक ऐड का जिक्र था, जिसमें हरभजन इलेक्ट्रॉनिक सामान ठीक करने की कोशिश कर रहे लोगों के एक ग्रुप पर चिल्ला रहे हैं और उन्हें पीट रहे हैं। हरभजन कहते हैं, "सही से थप्पड़ लगाओ, सब ठीक हो जाते हैं।"

पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा कि उन्होंने कभी भी किसी सार्वजनिक इंटरव्यू में हरभजन या इस घटना के बारे में बात नहीं की, लेकिन जब ऐड आया, तो उन्हें गुस्सा आ गया और उन्होंने तुरंत हरभजन को इंस्टाग्राम पर ब्लॉक कर दिया।


आईपीएल 2026: टॉस के मामले में अक्षर पटेल 'लकी', दिल्ली कैपिटल्स के नाम दर्ज हुआ ये रिकॉर्ड

दिल्ली कैपिटल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इतिहास में लगातार सबसे ज्यादा टॉस जीतने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। इस टीम ने अक्षर पटेल की कप्तानी में शनिवार को आईपीएल 2026 के 35वें मुकाबले में पंजाब किंग्स (पीबीकेस) के खिलाफ अरुण जेटली स्टेडियम में टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। यह आईपीएल में लगातार 9वां ऐसा मुकाबला था, जिसमें डीसी ने टॉस अपने नाम किया।

 दिल्ली कैपिटल्स ने इस सीजन अक्षर पटेल की कमान में लगातार 7वां टॉस जीता है। इससे पहले टीम ने आईपीएल 2025 के अंतिम 2 मुकाबलों में टॉस अपने नाम किए थे। उस समय फाफ डु प्लेसिस टीम की कप्तानी कर रहे थे। इसी के साथ डीसी आईपीएल में लगातार सबसे ज्यादा टॉस जीतने के मामले में संयु्क्त रूप से 'नंबर-1' टीम बन गई है।

 इस मामले में दिल्ली कैपिटल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) और चेन्नई सुपर किंग्स की बराबरी कर ली है। एसआरएच ने साल 2015-16 के बीच लगातार 9 मुकाबलों में टॉस अपने नाम किए थे, जबकि सीएसके ने साल 2019 में लगातार इतने ही मुकाबले में टॉस जीते थे।

 इस लिस्ट में राजस्थान रॉयल्स के साथ चेन्नई सुपर किंग्स संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर भी है। साल 2018 से 2019 के बीच लगातार 8 मुकाबलों में सिक्के का उछाल सीएसके के पक्ष में रहा था, जबकि साल 2023 में आरआर ने लगातार 8 मुकाबलों में टॉस अपने पक्ष में किया था।

डीसी बनाम पीबीकेएस: 6, 4, 4, 4, 4, 6... नीतीश राणा ने बार्टलेट के ओवर में कूटे 28 रन

आईपीएल 2026 के 35वें मुकाबले में शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) की भिड़ंत पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के साथ हो रही है। अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में नीतीश राणा ने पीबीकेएस के तेज गेंदबाज जेवियर बार्टलेट के ओवर की सभी गेंदों पर बाउंड्री लगाते हुए 28 रन बटोरे। 

दिल्ली कैपिटल्स की पारी का 12वां ओवर फेंकने की जिम्मेदारी कप्तान श्रेयस अय्यर ने जेवियर बार्टलेट को दी। नीतीश ने इस ओवर की शुरुआत जोरदार छक्के के साथ की। इसके बाद अगली दो गेंदों पर उन्होंने लगातार दो चौके लगाते हुए अपना अर्धशतक सिर्फ 29 गेंदों में पूरा किया। ओवर की तीसरी और चौथी गेंद को भी नीतीश ने बाउंड्री लाइन के पार पहुंचाया। वहीं, ओवर का अंत नीतीश ने छक्के के साथ किया। इस तरह से बार्टलेट के इस ओवर में नीतीश ने सभी 6 गेंदों पर बाउंड्री लगाते हुए ओवर में 28 रन बनाए। नीतीश डीसी की तरफ से आईपीएल में एक ओवर में 28 रन बनाने वाले संयुक्त रूप से चौथे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले यह कारनामा श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, जैक फ्रेजर मैकगर्क कर चुके हैं।

 नीतीश राणा और केएल राहुल ने दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच खेले गए मुकाबले में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी करने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। नीतीश-राहुल ने वीरेंद्र सहवाग और डेविड वॉर्नर का रिकॉर्ड तोड़ा। सहवाग और वॉर्नर ने साल 2011 में 146 रनों की साझेदारी निभाई थी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पाथुम निसांका सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हुए।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia