खेल: T20 में 'नंबर-1' गेंदबाज बनीं श्री चरणी और नितीश रेड्डी बाहर, सूर्यांश शेडगे को मौका

भारत की बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी पहली बार आईसीसी विमेंस टी20 बॉलिंग रैंकिंग में टॉप पर पहुंच गई हैं। इंजरी की वजह से ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से बाहर हो गए हैं।

T20 में 'नंबर-1' गेंदबाज बनीं श्री चरणी
i

नितीश रेड्डी आयरलैंड, इंग्लैंड टी20 सीरीज से बाहर, सूर्यांश शेडगे को पहली बार टीम इंडिया में मौका

आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। इंजरी की वजह से ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी दोनों सीरीज से बाहर हो गए हैं। रेड्डी की जगह भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सूर्यांश शेडगे को टीम में जगह दी है। सूर्यांश को पहली बार भारतीय टीम में जगह मिली है।

बीसीसीआई ने बताया कि नितीश हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की वनडे सीरीज के दौरान चोटिल हो गए थे। इस वजह से वह आयरलैंड और इंग्लैंड टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं।

बोर्ड ने कहा कि पुरुष चयन समिति ने आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ आने वाली टी20 सीरीज के लिए भारत की टीम में नितीश कुमार रेड्डी की जगह सूर्यांश शेडगे को शामिल किया है। नितीश ने 20 जून को अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे के बाद बाएं क्वाड्रिसेप्स में परेशानी का जिक्र किया था। बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने जांच के बाद रिहैबिलिटेशन की सलाह दी है।

नितीश रेड्डी का बाहर होना भारतीय टीम के लिए बड़ा झटका है। इंजरी की वजह से पहले से ही दिग्गज ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या आयरलैंड और इंग्लैंड सीरीज का हिस्सा नहीं हैं।

आईसीसी रैंकिंग: स्मिथ को पछाड़कर 'नंबर-1' गेंदबाज बनीं श्री चरणी

भारत की बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी पहली बार आईसीसी विमेंस टी20 बॉलिंग रैंकिंग में टॉप पर पहुंच गई हैं। श्री चरणी को आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है, जिन्होंने इस संस्करण के 3 मुकाबलों में अब तक 10 विकेट हासिल किए हैं। 21 वर्षीय चरणी फिलहाल टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज हैं।

श्री चरणी ने पाकिस्तान के खिलाफ हाई-वोल्टेज मैच में 21 रन देकर 3 विकेट हासिल किए थे, जिसके बाद न्यूजीलैंड के विरुद्ध 19 रन देकर 4 विकेट निकाले। इसके बाद साउथ अफ्रीका के खिलाफ चरणी ने 24 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए।

 इंग्लैंड की लिंसी स्मिथ वर्ल्ड कप में धीमी शुरुआत के बाद दो स्थान खिसककर तीसरे नंबर पर आ गई हैं। साथी चार्ली डीन दूसरे स्थान पर पहुंच गईं। इस बीच कई प्रमुख गेंदबाजों की रैंकिंग में भी बड़े बदलाव दिखे। पूर्व वर्ल्ड नंबर 1 सोफी एक्लेस्टोन चार स्थान ऊपर चढ़कर चौथे नंबर पर पहुंच गईं, जबकि वेस्टइंडीज की कप्तान हेले मैथ्यूज 9 स्थान ऊपर चढ़कर 11वें पायदान पर आ गईं।


सपना पूरा हुआ, शब्दों में बयां नहीं कर सकता : भारतीय टीम में चयन पर बोले सूर्यवंशी

युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने कहा कि भारतीय टी20 टीम में चयन होना उनके कैरियर का सबसे बड़ा कदम है और उनके पास अपने जज्बात बयां करने के लिये शब्द नहीं हैं ।

पंद्रह वर्ष के सूर्यवंशी को 26 जून से शुरू हो रहे आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरे के लिये भारतीय टीम में चुना गया है । उन्होंने आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिये खेलते हुए 230 से ऊपर के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाये ।

सूर्यवंशी ने बीसीसीआई द्वारा सोशल मीडिया पर डाले गए संक्षिप्त वीडियो में कहा ,‘‘ शब्दों में बयां नहीं कर सकता । मैने इसी के लिये पहले दिन बल्ला उठाया था और अभ्यास के लिये क्रिकेट के मैदान पर उतरा था । वह सपना आज पूरा हो गया है ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ यह मेरे सफर का सबसे बड़ा कदम है । मैं इन भावनाओं को शब्दों में अभिव्यक्त नहीं कर सकता ।’’

बिहार के समस्तीपुर से अपने कैरियर की शुरूआत करने वाले सूर्यवंशी ने आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ शतक जमाया था ।

मेरी क्रिकेट किट खरीदने के लिये मां ने गहने बेच दिये थे : क्रांति गौड़

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की नियमित सदस्य बनने के बावजूद तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ अपनी जड़ें और माता पिता के बलिदान नहीं भूली है और वह टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करके उनके भरोसे पर खरी उतरना चाहती है ।

मध्यप्रदेश के एक छोटे से गांव की रहने वाली गौड़ ने बताया कि एक क्रिकेट किट खरीदने के लिये उनकी मां ने अपने गहने बेच दिये थे ।

गौड़ ने जियोस्टार से कहा ,‘‘अगर आपका परिवार आपके साथ है तो दूसरे क्या कहते हैं, यह मायने नहीं रखता । ये बाहरी लोग आपकी मदद नहीं करते । मैं अपने परिवार की शुक्रगुजार हूं जो हर कदम पर मेरे साथ रहा क्योंकि समस्यायें बहुत थी । हमेशा पैसे की तंगी रहती थी ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ मुझे एक क्रिकेट किट दिलाने के लिये मेरी मां ने गहने बेच दिये थे । वह बहुत बड़ा बलिदान था । मेरा परिवार मेरे लिये काफी कुछ कर रहा था जिसने मुझे जिम्मेदारी का अहसास कराया । मैं उन्हें कुछ वापिस देना चाहती हूं । मैं चाहती हूं कि उनके हर बलिदान का फल मिले ।’’

गौड़ ने कहा ,‘‘ जिस समय कई लड़कियों को घर से बाहर निकलने की भी अनुमति नहीं थी, मेरे परिवार ने मुझे कभी महसूस नहीं होने दिया कि मैं कुछ गलत कर रही हूं । उन्होंने मेरे सपनों पर भरोसा किया ।’’


सउदी अरब को हराकर अंतिम 32 में पहुंच सकता है केप वर्दे

 विश्व कप शुरू होने से पहले किसी ने सोचा भी नहीं होगा कि पांच लाख की आबादी वाला छोटा सा देश केप वर्दे तमाम कयासों को धता बताते हुए नॉकआउट चरण में पहुंचने की दहलीज पर होगा और इसके लिये उसे महज एक जीत या ड्रॉ की जरूरत है ।

सउदी अरब को शुक्रवार को होने वाले मैच में हराकर डेढ करोड़ के नये इंस्टाग्राम फॉलोअर्स वाला यह देश फुटबॉल के महासमर के अंतिम 32 में पहुंच जायेगा । यही नहीं मैच ड्रॉ रहने पर भी उसकी जगह पक्की हो जायेगी ।

डिफेंडर रॉबर्टो लोपेस ने कहा ,‘‘ यह हमारे हाथ में है । हमें इस मौके को भुनाना है ।’’

पहले ही मैच में यूरो चैम्पियन स्पेन जैसे दिग्गज को गोलरहित ड्रॉ पर रोककर केप वर्दे ने फुटबॉल जगत को चौंका दिया था । इसके बाद उरूग्वे को 2 . 2 से ड्रॉ पर रोका । पहली बार विश्व कप खेल रही इस टीम को अभी भी पहली जीत का इंतजार है लेकिन उसकी स्थिति बुरी नहीं है ।

स्पेन चार अंक लेकर ग्रुप एच में शीर्ष पर है । उरूग्वे और केप वर्दे के दो दो अंक है जबकि सउदी अरब के एक अंक है । हर ग्रुप से शीर्ष दो टीमें और 12 ग्रुप में तीसरे स्थान की आठ सर्वश्रेष्ठ टीमें अंतिम 32 में पहुंचेंगी ।

आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ