खेल: श्रीलंका ने दूसरा टेस्ट ड्रॉ कराया, भारत ने जीती सीरीज और पाकिस्तान टीम को लेकर मोइन खान का बड़ा दावा

भारत-श्रीलंका के बीच सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया दूसरा टेस्ट मैच 'ड्रॉ' पर समाप्त हुआ। इसी के साथ टीम इंडिया ने 2 मुकाबलों की सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली।

 सोनल दिनुषा ने जड़ा लगातारा दूसरा शतक (फोटो: IANS)
i

दिनुशा के शतक से श्रीलंका ने दूसरा टेस्ट ड्रॉ कराया, भारत ने श्रृंखला 1-0 से जीती

सोनल दिनुशा के मैच के दूसरे और श्रृंखला के तीसरे शतक से श्रीलंका ने भारत के खिलाफ फॉलोऑन खेलने के बावजूद दूसरे और अंतिम क्रिकेट टेस्ट को ड्रॉ करा दिया लेकिन मेहमान टीम ने श्रृंखला 1-0 से जीत ली।

पैर में जकड़न से जूझने के बावजूद दिनुशा ने जबरदस्त जुझारूपन दिखाते हुए नाबाद 133 रन की पारी के दौरान 264 गेंद का सामना किया और भारत को जीत से वंचित कर दिया। उन्होंने अपनी पारी में और आठ चौके और दो छक्के जड़े। कल के नाबाद सात रन से आगे खेलते हुए दिनुशा ने स्वीप शॉट का शानदार तरीके से इस्तेमाल किया और भारतीय गेंदबाजों को अंतिम दिन पूरी तरह से बेअसर साबित किया।

दिनुशा की अगुआई में श्रीलंका ने दूसरी पारी में जब 154 ओवर में नौ विकेट पर 429 रन बनाए थे तब दोनों टीम मैच ड्रॉ कराने पर सहमत हो गईं। इस समय श्रीलंका को 216 रन की बढ़त हासिल थी।

श्रीलंका ने छठा विकेट निरोशन डिकवेला के रूप में 65वें ओवर में गंवा दिया था जिसके बाद दिनुशा ने पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ 89 ओवर से अधिक बल्लेबाजी करके भारत की जीत हासिल करने की उम्मीदों को ध्वस्त किया।

दिनुशा और केशारा नुवांता (46 रन, 150 गेंद) ने सातवें विकेट के लिए 112 रन की साझेदारी की दौरान 246 गेंद का सामना किया। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने इसके बाद लाहिरू कुमारा (12 रन, 90 गेंद) के साथ नौवें विकेट के लिए 47 रन की साझेदारी के दौरान भी मिलकर 170 गेंद खेली जिससे भारत की जीत हासिल करने की रही सही उम्मीद भी टूट गई।

पाकिस्तान को शीर्ष टीमों के साथ द्विपक्षीय श्रृंखलाएं खेलने में मुश्किल हो सकती है: मोइन खान

पूर्व टेस्ट कप्तान मोइन खान को लगता है कि अगर उनकी राष्ट्रीय टीम का प्रदर्शन इसी तरह से खराब रहा तो पाकिस्तान को दुनिया की शीर्ष टीमों के साथ द्विपक्षीय श्रृंखला आयोजित करने में मुश्किल हो सकती है।

पाकिस्तान के लिए 69 टेस्ट और 219 वनडे खेलने वाले विकेटकीपर-बल्लेबाज ने मौजूदा हालात के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) और उसके चयनकर्ताओं को दोषी ठहराया।

मोइन ने एक पॉडकास्ट में कहा, ‘‘हम सभी प्रारूपों विशेष कर टेस्ट क्रिकेट में संघर्ष कर रहे हैं। अगर यह प्रवृत्ति जारी रही तो लोग पाकिस्तान क्रिकेट में दिलचस्पी लेना बंद कर देंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हो सकता है कि हमें क्रिकेट जगत के निचले हिस्से में धकेल दिया जाए और फिर हमारे लिए शीर्ष टीमों के साथ द्विपक्षीय श्रृंखलाएं खेलना मुश्किल हो जाए।’’


‘लॉजिस्टिक’ व्यवस्थाओं का आकलन करने जापान जा सकता है एसीसी का प्रतिनिधिमंडल

शियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) का एक प्रतिनिधिमंडल एशियाई खेलों में हिस्सा लेने वाले देशों (टेस्ट खेलने वाले) के लिए लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं का आकलन करने के लिए जापान का दौरा कर सकता है जिसमें उपयुक्त होटल आवास भी शामिल है।

पता चला है कि एसीसी की एक बैठक के दौरान सभी प्रमुख टेस्ट खेलने वाले एशियाई देशों ने जापान में टीम के सामने आने वाली लॉजिस्टिक समस्याओं को लेकर अपनी चिंता व्यक्त कीं। इस बैठक में जापान क्रिकेट के सीईओ नाओकी एलेक्स मियाजी भी शामिल हुए।

एक एसोसिएट देश के वरिष्ठ पदाधिकारी ने पीटीआई को बताया, ‘‘जापान क्रिकेट के प्रतिनिधि ने हमें बताया कि क्रिकेट स्टेडियम के आसपास के सभी पांच सितारा होटल बुक हो चुके हैं। इसलिए उन्हें 20 किमी से भी अधिक दूर एक होटल बुक करने के लिए मजबूर होना पड़ा। टेस्ट खेलने वाले देशों के अधिकांश प्रतिनिधि इस बात से खुश नहीं थे कि टीम को इतनी अधिक यात्रा करनी पड़ेगी। ’’

क्रिकेट प्रतियोगिता आइची में 17 सितंबर से तीन अक्टूबर तक आयोजित की जाएगी।

यूएई के बल्लेबाज आसिफ खान पर डोपिंग परीक्षण में विफल रहने पर 15 महीने का प्रतिबंध

पाकिस्तान में जन्मे यूएई के बल्लेबाज आसिफ खान पर पिछले साल प्रतियोगिता के इतर किए गए डोप परीक्षण में प्रतिबंधित एनाबॉलिक स्टेरॉयड के लिए पॉजिटिव पाए जाने के बाद 15 महीने का प्रतिबंध लगाया गया है।

आसिफ के आठ सितंबर 2025 को किए गए परीक्षण में मेस्टेरोलोन के मेटाबोलाइट की पुष्टि हुई थी। मेस्टेरोलोन का इस्तेमाल टेस्टोस्टेरोन का स्तर बढ़ाने के लिए किया जाता है।

क्रिकेट की वैश्विक संस्था आईसीसी ने एक बयान में कहा, ‘‘36 वर्षीय आसिफ ने आईसीसी की डोपिंग रोधी संहिता के नियम 2.1 के उल्लंघन की बात स्वीकार कर ली है और विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) तथा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के साथ मामले के समाधान संबंधी समझौते के तहत सजा स्वीकार कर ली।’’

प्रतिबंध की अवधि आठ सितंबर 2025 से लागू मानी गई है और यह इस साल सात दिसंबर तक चलेगी।

आईसीसी ने कहा, ‘‘आसिफ को आठ अक्टूबर से किसी टीम के साथ अभ्यास करने या किसी क्लब अथवा आईसीसी की सदस्य संस्था की सुविधाओं का इस्तेमाल करने की अनुमति होगी लेकिन वह आठ दिसंबर से ही प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी के लिए पात्र होंगे।’’


नेपाल के लोगों की हिम्मत उन्हें मुश्किल समय से निकाल लेगी: युवराज सिंह

भारत का पड़ोसी देश नेपाल इस समय बाढ़ से मची भीषण तबाही का दंश झेल रहा है। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने नेपाल में बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए अपनी संवेदना व्यक्त की है।

युवराज सिंह ने एक्स पर लिखा, "नेपाल में बाढ़ ने बहुत ज्यादा तबाही मचाई है। मेरी दुआएं उन सभी लोगों के साथ हैं जो इससे प्रभावित हुए हैं, खासकर उन परिवारों के साथ जो अभी भी अपने प्रियजनों का इंतजार कर रहे हैं। उम्मीद है, नेपाल के लोगों की हिम्मत उन्हें इस बहुत मुश्किल समय से निकाल लेगी।"

नेपाल के क्रिकेटर दीपेंद्र सिंह ऐरी और संदीप लामिछाने ने देश के कई हिस्सों में आई भयानक बाढ़ और लैंडस्लाइड पर चिंता जताई है। दोनों क्रिकेटरों ने सोशल मीडिया पर लोगों से सावधान रहने और हालात बिगड़ने पर सुरक्षा के तरीके अपनाने की अपील की है।

 ऐरी ने बाढ़ और लैंडस्लाइड से हुई तबाही पर दुख जताया। उन्होंने खास तौर पर त्रिशूली नदी के पास रहने वाले लोगों से सावधान रहने और बढ़ते पानी के लेवल को लेकर चिंता के बीच जरूरत पड़ने पर सुरक्षित जगहों पर जाने की अपील की।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए