खेल: सूर्यवंशी को सूर्यकुमार का खास संदेश और अफगानिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शापूर जादरान का निधन

अफगानिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शापूर जादरान का मंगलवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। सूर्यवंशी के लिए सूर्या ने विशेष संदेश देते हुए कहा, ‘‘वैभव (सूर्यवंशी), तुम्हारे लिए एक खास बात—यह तुम्हारे बेहद रोमांचक सफर की शुरुआत है।

सूर्यवंशी को सूर्यकुमार का खास संदेश
i

अफगानिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शापूर जादरान का निधन, एसीबी ने जताया दुख

क्रिकेट की दुनिया के लिए बेहद निराशाजनक खबर आई है। अफगानिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शापूर जादरान का मंगलवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 38 साल के थे।

 जादरान हीमोफैगोसाइटिक लिम्फोहिस्टियोसाइटोसिस (एचएलएच) से जूझ रहे थे, जो इम्यून सिस्टम की एक गंभीर बीमारी है जिससे खतरनाक सूजन हो सकती है और कई अंगों को नुकसान हो सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक पिछले कुछ महीनों से उनका इलाज दिल्ली में चल रहा था।

जादरान पहली बार पिछले अक्टूबर में बीमार पड़े थे, जिसके बाद अफगानिस्तान के डॉक्टरों ने उन्हें इलाज के लिए भारत आने की सलाह दी थी। शुरू में उनका इलाज ठीक रहा और उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई। अस्पताल से छुट्टी मिलने के ठीक 20 दिन बाद उनकी हालत फिर से बिगड़ गई। इसके बाद से वह अस्पताल में भर्ती थे।

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) ने जादरान के निधन पर शोक जताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है। एसीबी ने सोशल मीडिया पर लिखा, "अपने पूरे करियर में, शापूर ने सम्मान, हिम्मत और गर्व के साथ अफगानिस्तान क्रिकेट की सेवा की। उनका योगदान और उपलब्धियां हमेशा अफगानिस्तान क्रिकेट के इतिहास का एक अहम हिस्सा रहेंगी, और नेशनल टीम की सेवा में उनकी कोशिशों को कभी नहीं भुलाया जाएगा।"

यह तो बस शानदार सफर की शुरुआत है: सूर्यवंशी को सूर्यकुमार का संदेश

भारत को इसी वर्ष घरेलू सरजमीं पर विश्व कप जिताने वाले पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के अंतरराष्ट्रीय पदार्पण की सराहना करते हुए कहा कि यह उनके रोमांचक क्रिकेट सफर की शुरुआत है और वह देश का नाम रोशन करते रहेंगे।

बिहार के सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए दूसरे टी20 मैच में पदार्पण किया और भारत के लिए सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने 16 वर्ष की उम्र में डेब्यू करने वाले महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।

सूर्यकुमार ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘मैं टीम के लिए बेहद खुश हूं। मैं हमेशा खिलाड़ियों के लिए केवल शुभकामनाएं देता हूं। मुझे पता है कि सभी खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ दे रहे हैं और उन्हें मेरा पूरा समर्थन हमेशा मिलेगा।"

सूर्यवंशी के लिए उन्होंने विशेष संदेश देते हुए कहा, ‘‘वैभव (सूर्यवंशी), तुम्हारे लिए एक खास बात—यह तुम्हारे बेहद रोमांचक सफर की शुरुआत है। हर पल का आनंद लो और देश का नाम रोशन करते रहो।’’


'मेरे नाम पर भ्रामक बयान फैलाए जा रहे, भारतीय टीम को मेरा पूर्ण समर्थन': सूर्यकुमार यादव

भारतीय टी20 टीम के पूर्व कप्तान और अपनी कप्तानी में टीम इंडिया को टी20 विश्व कप 2026 में चैंपियन बनाने वाले सूर्यकुमार यादव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए भारतीय टीम को शुभकामना दी है, साथ ही किसी भी बयान से इनकार किया है, जिसे उनका दिया बताकर प्रचारित किया जा रहा है।

 सूर्यकुमार यादव ने एक्स पर लिखा, "मैं टीम के लिए बहुत खुश हूं और हमेशा उनके लिए अच्छे की दुआ करता हूं। मुझे पता है कि लड़के अपना सब कुछ दे रहे हैं, और उन्हें हमेशा मेरा पूरा समर्थन रहेगा। वैभव के लिए एक खास बात—तुम एक बहुत ही रोमांचक सफर की शुरुआत में हो। हर पल का आनंद लो और देश को गर्व महसूस कराते रहो।"

 उन्होंने आगे लिखा, "मैंने यह भी देखा है कि ऑनलाइन एक बयान फैलाया जा रहा है, जो गलत तरीके से मेरे नाम से बताया जा रहा है। मैं यह साफ करना चाहता हूं कि मैंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है और न ही उसे मंजूरी दी है। कृपया बिना जांची-परखी जानकारी पर विश्वास न करें और उसे साझा न करें।"

 पूर्व कप्तान ने लिखा, "भारतीय क्रिकेट, मेरे साथी और खेल के लिए मेरा सहयोग हमेशा उन शब्दों से ज्यादा जोरदार रहेगा जो गलत तरीके से मेरे नाम से बताए गए हैं।"

यश ठाकुर ने भारतीय टीम में चयन पर कहा, पिता का सपना साकार हुआ

जब विदर्भ के तेज गेंदबाज यश ठाकुर जिम्बाब्वे के आगामी दौरे के दौरान भारतीय टीम के ड्रेसिंग रूम में कदम रखेंगे तो यह किसी अनुभवहीन खिलाड़ी की कहानी नहीं होगी।

यह एक ऐसे खिलाड़ी की कहानी होगी जिसने पिछले लगभग एक दशक से घरेलू क्रिकेट में जमकर पसीना बहाया है। यह एक ऐसे खिलाड़ी की कहानी होगी जिसके पिता ने अपने बेटे को भारतीय टीम की तरफ से खेलने का सपना देखा था।

अब जबकि यह सपना साकार होने के करीब है तब दुर्भाग्य से उनके पिता इसे देखने के लिए जीवित नहीं हैं।

27 वर्षीय ठाकुर को हाल ही में श्रीलंका के भारत ए दौरे से लौटने के बाद नागपुर हवाई अड्डे पर अपना सामान लेने का इंतजार करते समय शायद उनके पेशेवर जीवन का अब तक का सबसे महत्वपूर्ण फोन कॉल आया।

यह फोन जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारत की टीम में उनके पहली बार चयन की सूचना देने के लिए था। भारतीय टीम इस दौरे में 23 से 26 जुलाई तक तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगी।

यश ठाकुर ने पीटीआई से कहा, ‘‘सच कहूं तो मुझे इसकी उम्मीद नहीं थी क्योंकि मैं श्रीलंका दौरे से अभी-अभी लौटा था। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे इतनी जल्दी भारतीय टीम में जगह मिल जाएगी।’’


स्पेन ने लगातार छह ‘क्लीन शीट’ के साथ बनाया विश्व कप रिकॉर्ड

स्पेन ने फीफा विश्व कप में रक्षात्मक मजबूती का नया इतिहास रचते हुए लगातार छह मैचों में ‘क्लीन शीट (बिना गोल खाए मुकाबला समाप्त करना)’ का विश्व रिकॉर्ड बना दिया।

प्री-क्वार्टर फाइनल में सोमवार को पुर्तगाल पर 1-0 की जीत के साथ स्पेन ने यह उपलब्धि हासिल की। वहीं गोलकीपर उनाई साइमन ने लगातार 609 मिनट तक गोल नहीं खाने के अपने विश्व कप रिकॉर्ड को और मजबूत कर लिया।

स्पेन ने इस उपलब्धि के साथ 1990 में इटली और 2006-10 के दौरान स्विट्जरलैंड के लगातार पांच क्लीन शीट के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। स्पेन का यह सिलसिला 2022 विश्व कप के प्री-क्वार्टर फाइनल में मोरक्को के खिलाफ 0-0 के ड्रॉ से शुरू हुआ था। हालांकि उस मुकाबले में पेनल्टी शूटआउट के जरिए मोरक्को अगले दौर में पहुंच गया था।

मौजूदा विश्व कप में स्पेन ने ग्रुप चरण के पहले मैच में केप वर्डे के खिलाफ गोलरहित ड्रॉ खेला। इसके बाद टीम ने लगातार चार मुकाबलों में विपक्षी टीम को गोल करने का मौका नहीं दिया और क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ