खेल: BCCI की 30 संभावित खिलाड़ियों की सूची में सूर्यवंशी शामिल और फाइनल में GT पर RCB का पलड़ा भारी!
बीसीसीआई ने 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक आइची-नागोया में होने वाले एशियाई खेलों के लिए भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) को 30 पुरुष संभावित खिलाड़ियों की सूची सौंपी है जिसमें आईपीएल स्टार वैभव सूर्यवंशी का नाम शामिल है।

एशियाई खेल: बीसीसीआई की 30 संभावित खिलाड़ियों की सूची में सूर्यकुमार और गिल नहीं, सूर्यवंशी शामिल
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक आइची-नागोया में होने वाले एशियाई खेलों के लिए भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) को 30 पुरुष संभावित खिलाड़ियों की सूची सौंपी है जिसमें आईपीएल स्टार वैभव सूर्यवंशी का नाम शामिल है लेकिन भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव के अलावा टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल का नाम नहीं है।
यह पहले से ही तय था कि बीसीसीआई को दो अलग-अलग टी20 टीम चुननी होंगी क्योंकि वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की घरेलू सफेद गेंद की श्रृंखला का कुछ हिस्सा चार साल में होने वाले एशियाई खेलों के कार्यक्रम के साथ पड़ रहा रहा है।
वेस्टइंडीज सीरीज में 27 सितंबर से 17 अक्टूबर के बीच आठ सफेद गेंद के मैच (तीन वनडे और पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय) खेले जाएंगे। उम्मीद है कि गिल वनडे में टीम की कप्तानी करेंगे इसलिए उन्हें एशियाई खेलों के लिए नहीं चुना गया है।
हालांकि कुछ खिलाड़ी वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय दोनों टीम हैं, लेकिन एशियाई खेलों में पुरुषों की क्रिकेट स्पर्धा 24 सितंबर से तीन अक्टूबर के बीच होगी जिसके चलते चयनकर्ताओं को दो टीमें चुनने के लिए एक बड़ा पूल बनाना पड़ा है।
माना जा रहा है कि 2028 ओलंपिक खेलों और अगले टी20 विश्व कप को देखते हुए सूर्यकुमार अब बड़ी योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं और एशियाई खेलों की लंबी सूची में उनका नाम नहीं होना कोई हैरानी की बात नहीं है।
एशियाई खेलों की इस सूची में कप्तानी के दावेदारों में श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन और तिलक वर्मा शामिल हैं।
आरसीबी के पास ज्यादा मैच विनर, फाइनल में जीटी की जीत आसान नहीं: इरफान पठान
आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बीच खेला जाएगा। आरसीबी ने पहले क्वालीफायर में जीटी को और जीटी ने दूसरे क्वालीफायर में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) को हराकर फाइनल में जगह बनाई है। पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान का मानना है कि जीटी का घरेलू मैदान होने के बाद भी फाइनल में आरसीबी का पलड़ा भारी रहेगा।
इरफान पठान ने जियोस्टार पर कहा, "अहमदाबाद में घरेलू परिस्थितियों का फायदा गुजरात को मिलने के बावजूद, आरसीबी पलड़ा थोड़ा भारी है। फाइनल के लिए सीधे क्वालीफाई करने के बाद आरसीबी को आराम करने के लिए ज्यादा समय मिला है।"
उन्होंने कहा, "आरसीबी पूरी तरह संतुलित टीम नजर आती है। अगर आप उनकी तुलना गुजरात टाइटंस के खिलाड़ियों से करें, तो आरसीबी के पास ज्यादा फॉर्म में चल रहे खिलाड़ी और ज्यादा अनुभवी मैच-विनर हैं। उनकी बल्लेबाजी में गहराई है, उनकी गेंदबाजी में विविधता है, और उनके पास ऐसे फील्डर हैं जो अहम रन बचा सकते हैं। इसके अलावा, उन्हें लंबे ब्रेक का फायदा भी मिला है, क्योंकि उन्होंने पहला क्वालीफायर जीतकर सीधे फाइनल में जगह बनाई थी। वे अहमदाबाद में इंतजार कर रहे हैं और तैयारी कर रहे थे, जबकि जीटी को दूसरा क्वालीफायर खेलना पड़ा और उसे जीतना पड़ा।"
शुभमन गिल और साई सुदर्शन की ओपनिंग जोड़ी आईपीएल इतिहास में सर्वश्रेष्ठ: इरफान पठान
गुजरात टाइटंस (जीटी) आईपीएल 2026 के फाइनल में पहुंच चुकी है। शुक्रवार को दूसरे क्वालीफायर में जीटी ने राजस्थान रॉयल्स (आरआर) को हराकर फाइनल में जगह बनाई। जीटी को फाइनल तक पहुंचाने में सलामी बल्लेबाजों कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन का अहम योगदान रहा है। आरआर के खिलाफ दूसरे क्वालीफायर में भी दोनों ने पहले विकेट के लिए 12.5 ओवर में 167 रन की साझेदारी की थी। पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने गिल और साई की जोड़ी को आईपीएल इतिहास की सर्वश्रेष्ठ जोड़ी करार दिया है।
इरफान पठान ने जियोस्टार पर कहा, "शुभमन गिल और साई सुदर्शन की जोड़ी आईपीएल इतिहास की सबसे बेहतरीन ओपनिंग जोड़ी हैं। इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 100 और 50 रनों की साझेदारियों का रिकॉर्ड इन्हीं के नाम है। उनकी सफलता का राज इस बात में छिपा है कि उनका खेल एक-दूसरे के साथ कितनी स्वाभाविक रूप से मेल खाता है, जिससे गुजरात शुरू से ही विरोधी गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखने में कामयाब रहता है।"
उन्होंने कहा, "टी20 क्रिकेट में अगर आप एक जोरदार शुरुआत चाहते हैं, तो आप चाहेंगे कि ये दोनों ही ओपनिंग करें। वे एक-दूसरे के पूरक हैं। एक स्ट्राइक रोटेट करता है, तो दूसरा बाउंड्री लगाता है। उनकी आपसी समझ जबरदस्त है।"
आरआर के खिलाफ गिल और साई की साझेदारी पर पठान ने कहा, "इस जोड़ी ने पावरप्ले के दौरान राजस्थान की रणनीतिक गलतियों का फायदा उठाया। शॉर्ट-पिच गेंदबाजी से परेशान करने की कोशिशें सीधे तौर पर उनके पक्ष में गईं। अगर गेंदबाज शॉर्ट-पिच गेंदें फेंकते हैं, तो वे असल में इसका मजा लेते हैं। वे कट शॉट खेलने और किसी भी शॉर्ट गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाने के लिए तैयार रहते हैं। ठीक यही नांद्रे बर्गर और जोफ्रा आर्चर ने किया। उन्होंने शॉर्ट गेंदें फेंकी। गिल और सुदर्शन बस इसी का इंतजार कर रहे थे। आरआर मैच इन दोनों के क्रीज पर रहते ही हार गई थी।"
वैभव सूर्यवंशी बनेंगे झारखंड स्वास्थ्य विभाग के ब्रांड एंबेसडर, मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने की घोषणा
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने युवा क्रिकेट सनसनी वैभव सूर्यवंशी को बड़ा सम्मान देने की घोषणा की है। मात्र 15 वर्ष की उम्र में अपने प्रदर्शन से सबको हैरान करने वाले इस प्रतिभाशाली क्रिकेटर को झारखंड सरकार द्वारा सम्मानित किया जाएगा और उन्हें राज्य स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया जाएगा।
वैभव सूर्यवंशी ने हाल ही में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी और अदम्य आत्मविश्वास से पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा है। बिहार के इस युवा खिलाड़ी ने महज 15 साल की उम्र में बड़े-बड़े अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजों को अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से धुनाई कर क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया है।
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा, "वैभव, भले ही आपकी टीम मैच हार गई हो, लेकिन आपने लाखों भारतीयों का दिल पहले ही जीत लिया है। मैं खुद एक क्रिकेटर रहा हूं, लेकिन इतनी कम उम्र में बड़े गेंदबाजों का इस आत्मविश्वास और आक्रामकता के साथ सामना करना वाकई असाधारण है। आपने न सिर्फ अपना नाम रोशन किया है, बल्कि अपने माता-पिता, बिहार और पूरे हिंदुस्तान को गौरवान्वित किया है।"
स्वास्थ्य मंत्री ने आगे कहा कि वैभव सूर्यवंशी सिर्फ एक क्रिकेटर नहीं, बल्कि युवा ऊर्जा, कड़ी मेहनत, अनुशासन और संघर्ष का जीता-जागता प्रतीक हैं। उनकी सफलता ने लाखों युवाओं को प्रेरित किया है। डॉ. अंसारी ने कहा, "वैभव की प्रतिभा और सकारात्मक सोच ने मुझे बेहद प्रभावित किया है। स्वास्थ्य विभाग युवाओं के बीच स्वास्थ्य जागरूकता, फिटनेस, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश फैलाने के लिए वैभव के साथ मिलकर काम करेगा।"
संगकारा ने जताई उम्मीद, वैभव सूर्यवंशी को जल्द आएगा भारतीय टीम से बुलावा
राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच और क्रिकेट निदेशक कुमार संगकारा का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी भारतीय टीम में शामिल होने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। वैभव के लिए आईपीएल 2026 का सीजन लाजवाब रहा।
वैभव ने 16 मुकाबलों में 237 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए टूर्नामेंट में कुल 776 रन बनाए। वैभव ने इस सीजन अपनी तूफानी बल्लेबाजी के दम पर कई बड़े रिकॉर्ड्स को चकनाचूर किया। संगकारा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए कहा, "वैभव ने इस सीजन में दुनिया के कुछ बड़े तेज गेंदबाजों के खिलाफ जो किया है, उसे देखते हुए मुझे लगता है कि वह हमारी तरफ से दी जाने वाली किसी भी चुनौती को लेने के लिए पूरी तरह तैयार है। मुझे यकीन है कि उन्हें बहुत, बहुत जल्द नेशनल टीम में बुलावा आएगा। उन्होंने बहुत परिपक्वता के साथ खेला है और इस सीजन में हमारे लिए सलामी साझेदारी की जिम्मेदारी काफी अच्छे से निभाई है।"
संगकारा इस युवा खिलाड़ी की ज़बरदस्त तरक्की का क्रेडिट खेल के प्रति उनके नजरिए और क्रिकेट की समझ को दिया। उन्होंने कहा, "हां, मुझे लगता है कि हमारे पास उनके लिए एक प्लान है। हम उनके दिमाग में बिल्कुल भी गड़बड़ नहीं कर रहे हैं। वह हमारी टीम मीटिंग में आते हैं, योगदान देते हैं, सुनते हैं, और बहुत सारा होमवर्क करते हैं। वह अच्छी प्रैक्टिस करते हैं, विरोधी गेंदबाजों के बहुत सारे वीडियो देखते हैं और उसी हिसाब से उनके लिए तैयार होते हैं। हम उनके दिमाग में कुछ भी अतिरिक्त डालने की कोशिश नहीं कर रहे हैं। मुझे लगता है कि उन्हें बस सब कुछ क्लियर रखना है और उसी हिम्मत के साथ बैटिंग करनी है।"
आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
