खेल: T20 कप्तान श्रेयस अय्यर ने वैभव के कैरियर को लेकर कह दी बड़ी बात और भारत के लिए न्यूजीलैंड में जीतना नहीं आसान!
T20 कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि इस किशोर बल्लेबाज को सही समय पर उचित मौके जरूर मिलेंगे। भारत के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने कहा कि न्यूजीलैंड को उसकी धरती पर हराना भारत के लिए आसान नहीं होगा।
ओपनर अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, वैभव के लिए जगह बनाना आसान नहीं: अय्यर
भारत के टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर ने बुधवार को कहा कि युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को अभी अंतिम एकादश में आसानी से जगह नहीं मिल सकती क्योंकि अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन सलामी बल्लेबाज के रूप में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने हालांकि कहा कि इस किशोर बल्लेबाज को सही समय पर उचित मौके जरूर मिलेंगे।
सूर्यवंशी को इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के लिए टीम में चुना गया था। भारत ने तब से जो 21 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं उनमें से सूर्यवंशी ने केवल आठ में हिस्सा लिया है, क्योंकि नियमित सलामी बल्लेबाज अभिषेक और सैमसन लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
इन दोनों ने इस साल की शुरुआत में भारत को टी20 विश्व कप का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।
अय्यर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की श्रृंखला के पहले मैच की पूर्व संध्या पर कहा, ‘‘यह महत्वपूर्ण है कि उनके (सूर्यवंशी) जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम में हमेशा खुश रहें।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वह बहुत युवा है और उसे आगे काफी मौके मिलेंगे। ऐसा नहीं है कि उसे सीधे अंतिम एकादश में जगह मिल जाएगी, क्योंकि हमारे सलामी बल्लेबाज लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और उन्होंने विश्व कप जीता है।’’
सिर्फ नाम के दम पर भारत सीरीज नहीं जीत सकता, न्यूजीलैंड पर दबाव बनाना होगा: रवि शास्त्री
भारत के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने कहा कि न्यूजीलैंड को उसकी धरती पर हराना भारत के लिए आसान नहीं होगा। उनका मानना है कि सिर्फ अच्छी साख या रिकॉर्ड के भरोसे जीत नहीं मिलेगी, बल्कि टीम को उससे भी बेहतर प्रदर्शन करना होगा। शास्त्री ने भारतीय खिलाड़ियों को सलाह दी कि वे दबाव से घबराएं नहीं और पहले टी20 मैच से ही न्यूजीलैंड पर दबाव बनाना शुरू करें, ताकि सीरीज में बढ़त हासिल की जा सके।
22 अक्टूबर से शुरू हो रही पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की यह सीरीज 1 नवंबर तक चलेगी। इसके बाद पुरुष वनडे विश्व कप 2027 की तैयारियों के मद्देनजर पांच मैचों की एकदिवसीय सीरीज खेली जाएगी। इसके बाद दो मैचों की टेस्ट सीरीज होगी, जो 19 नवंबर से 1 दिसंबर तक वेलिंगटन और क्राइस्टचर्च में खेली जाएगी।
इसके अलावा, भारत ए टीम भी न्यूजीलैंड के दौरे पर है, जहां वह तीन 'रेड-बॉल' (टेस्ट फॉर्मेट) मैच खेलेगी। इसकी शुरुआत 24 अक्टूबर को लिंकन से होगी। शास्त्री ने कहा, "न्यूजीलैंड भारत के खिलाफ पूरी ताकत से उतरेगा। वह अपनी परिस्थितियों को अच्छी तरह जानते हैं, पूरी तैयारी करके आते हैं और आपको हर जीत के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ती है। भारत के पास बेहतरीन खिलाड़ी हैं, लेकिन सिर्फ नाम के दम पर वह यह सीरीज नहीं जीत सकते।"
भारतीय गेंदबाजी में अनुभव की कमी रही है, भुवी उसे पूरा करेंगे: अय्यर
भारतीय टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर ने बुधवार को कहा कि हाल के दिनों में टीम के गेंदबाजी आक्रमण में अनुभव की कमी रही है और अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की वापसी से इसे दूर करने में मदद मिलेगी।
भुवनेश्वर ने चार साल बाद भारतीय टी20 टीम में वापसी की है। इस 36 वर्षीय तेज गेंदबाज को न्यूजीलैंड के खिलाफ बृहस्पतिवार से शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है।
अय्यर ने पहले मैच की पूर्व संध्या पर पत्रकारों से कहा, ‘‘भुवी की वापसी से भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण को काफी अनुभव मिला है। आईपीएल के बाद हमें इसकी कमी खल रही थी क्योंकि टीम में काफी नए तेज गेंदबाजों को शामिल किया गया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘भुवनेश्वर ने पिछले दो वर्ष में आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन किया है। इसलिए वह जानते हैं कि इस प्रारूप में दबदबा बनाने के लिए क्या करना होता है।’’
यात्रा की थकान से उबरकर न्यूजीलैंड दौरे का जीत के साथ आगाज करने उतरेगी टीम इंडिया
पिछली दो टी20 श्रृंखलाओं में अपराजेय रही भारतीय टीम को न्यूजीलैंड आकर आराम करने, अनुकूलन और अभ्यास के लिये दो ही दिन का समय मिला लेकिन अपने बल्लेबाजों के दम पर श्रेयस अय्यर की टीम जीत के साथ दौरे का आगाज करना चाहेगी।
न्यूजीलैंड में पिछली बार भारत ने 2022 में नेपियर में टी20 मैच खेला था और वर्षाबाधित वह मैच डकवर्थ लुईस प्रणाली के आधार पर ड्रॉ रहा था । भारत ने वह श्रृंखला जीती थी चूंकि खराब मौसम के कारण एक ही मैच हो सका था ।
भारत के सिर्फ चार बल्लेबाज पहले न्यूजीलैंड में टी20 खेल चुके हैं जिनमें कप्तान अय्यर, ईशान किशन, संजू सैमसन और शिवम दुबे शामिल हैं ।
अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा और वैभव सूर्यवंशी भले ही आक्रामक पारियां खेलने में माहिर हों लेकिन यहां की तेज और उछालभरी पिचों पर उन्हें ढलने में समय लग सकता है ।
अय्यर की कप्तानी की शुरूआत आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ पराजय के साथ हुई और अब उनके सामने खुद को कठिन परिस्थितियों में साबित करने की चुनौती होगी ।
एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के बाद भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू श्रृंखला ड्रॉ खेली । अगर न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रृंखला भी उसी तरह रहती है जैसे इंग्लैंड के खिलाफ थी तो अय्यर पर दबाव बढ जायेगा । ऐसा माना जा रहा है कि दो साल बाद आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में होने वाले टी20 विश्व कप में वह भारत के कप्तान होंगे ।
न्यूजीलैंड क्रिकेट के मेजर लीग क्रिकेट टीम की योजना टालने के फैसले का सेंटनर ने किया समर्थन
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने मेजर लीग क्रिकेट (एमएलसी) के 2027 सत्र में टीम नहीं उतारने के न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) के फैसले का बुधवार को समर्थन किया।
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने बुधवार को घोषणा की कि वह अमेरिकी लीग में टोरंटो या अटलांटा में से किसी एक शहर में टीम बनाने की अपनी योजना को आगे नहीं बढ़ाएगा।
एमएलसी में अभी छह टीम हैं जो लॉस एंजिलिस, न्यूयॉर्क, सेन फ्रांसिस्को, सिएटल, टेक्सास और वाशिंगटन डीसी में हैं। लीग का लक्ष्य टीम की संख्या बढ़ाकर 10 करना है।
एनजेडसी ने एमएलसी में टीम उतारने की योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए ट्रू नॉर्थ स्पोर्ट्स वेंचर्स के साथ साझेदारी की थी। हालांकि 2025 में घोषित इस समझौते को अब समाप्त कर दिया गया है।
सेंटनर ने घरेलू टी20 लीग शुरू करने की एनजेडसी की योजना का जिक्र करते हुए संवाददाताओं से कहा, ‘‘आप हर चीज नहीं कर सकते और दोनों में काफी निवेश करना होगा।’’
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
