T20 World Cup 2026: ऑस्ट्रेलिया का टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला, आगे की राह तय करने में अहम होंगे आज के तीन मुकाबले

पहला मुकाबला ग्रुप बी का है, जो कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे आमने-सामने हैं। ऑस्ट्रेलिया के कार्यवाहक कप्तान ट्रैविस हेड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।

ऑस्ट्रेलिया का टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला
i
user

नवजीवन डेस्क

टी20 विश्व कप 2026 में शुक्रवार को तीन महत्वपूर्ण मुकाबले खेले जाएंगे। अलग-अलग ग्रुप की टीमें मैदान पर उतरेंगी और अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश करेंगी।

ऑस्ट्रेलिया का टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला

पहला मुकाबला ग्रुप बी का है, जो कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे आमने-सामने हैं। ऑस्ट्रेलिया के कार्यवाहक कप्तान ट्रैविस हेड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। दोनों टीमों ने अपने पिछले मैच की अंतिम एकादश में दो-दो बदलाव किए हैं।

बेन ड्वार्शियस और टिम डेविड ने ऑस्ट्रेलियाई टीम में कूपर कॉनॉली और जेवियर बार्टलेट की जगह ली।

जिम्बाब्वे ने ब्रेंडन टेलर और रिचर्ड नगारवा के स्थान पर टोनी मुनयोंगा और ग्रीम क्रीमर को टीम में शामिल किया है।


दोनों टीमों ने अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की है। ऑस्ट्रेलिया ने अपने पहले मैच में आयरलैंड को 67 रनों से हराया था। वहीं जिम्बाब्वे ने ओमान को 8 विकेट से मात दी थी। ऐसे में यह मुकाबला ग्रुप बी में शीर्ष स्थान के लिए अहम साबित हो सकता है।

दिल्ली में कनाडा और संयुक्त अरब अमीरात के बीच मुकाबला 

दूसरा मैच ग्रुप डी का है, जो दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मुकाबला कनाडा और संयुक्त अरब अमीरात के बीच होगा। भारतीय समयानुसार मैच दोपहर 3:00 बजे शुरू होगा।

दोनों टीमों को अपने पहले मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। कनाडा को दक्षिण अफ्रीका ने 57 रनों से हराया था। वहीं संयुक्त अरब अमीरात को न्यूजीलैंड के खिलाफ 10 विकेट से हार मिली थी। इस मुकाबले में हारने वाली टीम के लिए अगले दौर की राह मुश्किल हो सकती है।


तीसरा मुकाबला संयुक्त राज्य अमेरिका और नीदरलैंड के बीच

तीसरा मुकाबला संयुक्त राज्य अमेरिका और नीदरलैंड के बीच खेला जाएगा। यह मैच चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे शुरू होगा।

नीदरलैंड ने पाकिस्तान से हारने के बाद अपने दूसरे मैच में नामिबिया को हराया था। वहीं, संयुक्त राज्य अमेरिका की टीम अब तक अपने दोनों मुकाबले हार चुकी है। पहले मैच में भारत के खिलाफ उसे 29 रनों से हार मिली थी, जबकि दूसरे मुकाबले में पाकिस्तान ने 32 रनों से शिकस्त दी थी। यदि अमेरिका को इस मैच में भी हार का सामना करना पड़ा तो उसके लिए अगली स्टेज में पहुंचना लगभग असंभव हो जाएगा।

 इस तरह शुक्रवार का दिन टूर्नामेंट के लिहाज से महत्वपूर्ण रहने वाला है, क्योंकि कई टीमों के लिए यह मुकाबले आगे की राह तय करेंगे।

आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia