T20 WC: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पर्थ में विस्फोटक मुकाबला आज, मैच में खलल डालेगी बारिश?

भारत ने इस साल विश्व कप से पहले दक्षिण अफ्रीका की मेजबानी की थी। रोहित शर्मा की टीम 4-3 से आगे है। लेकिन भारत के मुकाबले पर्थ में हालात अलग होंगे। पिच की गति और उछाल तेज गेंदबाजों के अनुकूल होगी।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पर्थ की तेज और उछाल वाली पिच पर टी20 विश्व कप का सुपर 12 का विस्फोटक मुकाबला आज को खेला जाएगा। भारत अब तक पाकिस्तान और नीदरलैंड्स पर जीत दर्ज कर ग्रुप दो में शीर्ष स्थान पर है, जबकि दक्षिण अफ्रीका तीन अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। दक्षिण अफ्रीका का जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था। हालांकि दक्षिण अफ्रीका जीतने की स्थिति में था।

भारत ने इस साल विश्व कप से पहले दक्षिण अफ्रीका की मेजबानी की थी। रोहित शर्मा की टीम 4-3 से आगे है। लेकिन भारत के मुकाबले पर्थ में हालात अलग होंगे। पिच की गति और उछाल तेज गेंदबाजों के अनुकूल होगी।

भारत का दक्षिण अफ्रीका से मुकाबला पाकिस्तान-नीदरलैंड्स मैच पूरा हो जाने के बाद होगा, जिससे भारतीय टीम प्रबंधन को यह अंदाजा हो जाएगा कि इस महत्वपूर्ण मैच के लिए सर्वश्रेष्ठ एकादश क्या चुनी जाए।

भारत के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ ने मैच की पूर्वसंध्या पर कहा, "हमारे पास हार्दिक पांड्या को मिलाकर चार तेज गेंदबाज हैं। हम अपनी एकादश की घोषणा कल परिस्थितियों को देखकर करेंगे। हम अभी तक बैठकर चर्चा नहीं कर पाए हैं। एक बार जब हम परिस्थितियों को देख लेंगे तो फिर चर्चा हो जायेगी और उसके बाद हम हम अपनी इलेवन चुन लेंगे।"


राठौड़ ने कहा, "हम रविवार को पर्थ में दूसरा मैच खेलेंगे। इससे हमें अंदाजा हो जाएगा कि विकेट कैसा व्यवहार कर रहा है। इसी बात के मद्देनजर सभी फैसले लिए जाएंगे।"

कोच ने संकेत दिया कि के एल राहुल भारतीय पारी की शुरूआत करेंगे चाहे वह पहले दो मैचों में फ्लॉप रहे थे, लेकिन सितंबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने नाबाद 51 और 57 रन की शानदार पारियां खेली थीं। भारतीय बल्लेबाजों को दक्षिण अफ्रीका के तेज आक्रमण से सतर्क रहना होगा।

दक्षिण अफ्रीका के खेमे में उनके बल्लेबाजों को भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के पलटवार से सतर्क रहना होगा। दक्षिण अफ्रीका रिली रोसौ पर काफी निर्भर करेगा जिन्होंने इंदौर में भारत के खिलाफ नाबाद शतक बनाया था और बांग्लादेश के खिलाफ हाल में विश्व कप में शानदार 109 रन बनाये थे। दक्षिण अफ्रीका को कप्तान तेम्बा बावुमा से भी रनों की उम्मीद होगी जो अब तक इनके बल्ले से नहीं निकले हैं।

पर्थ की पिच ऑस्ट्रेलिया की सबसे तेज विकेट है

पर्थ की पिच ऑस्ट्रेलिया की सबसे तेज विकेट है। इस पिच पर तेज गेंदबाजों को उछाल और सीम मिलेगी। पिच से मिलने वाली अतिरिक्त उछाल की वजह से बल्लेबाजों के पास शॉट खेलने के लिए समय कम होगा। यह डे-नाइट मुकाबला है। ऐसे में जो भी टीम टॉस जीतेगी वह ओस फैक्टर को ध्यान में रखते हुए लक्ष्य का पीछा करना पसंद करेगी।


पर्थ में आज कैसा रहेगा मौसम?

पर्थ में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। बारिश की थोड़ी (20% से 30%) संभावना है। देर शाम 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दक्षिण से दक्षिण-पश्चिम की ओर हवाएं चलने की संभावना है। पर्थ में तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। यह अन्य सभी जगहों में सबसे ठंडा है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */