खेल: T20 विश्व कप में सही रास्ते पर टीम इंडिया और कनाडा के युवराज के नाम शतक का नया रिकॉर्ड
अब तक अपराजित रही भारतीय टीम बुधवार को अहमदाबाद में नीदरलैंड्स के खिलाफ खेलेगी। कनाडा के भारतीय मूल के 19 साल के बल्लेबाज युवराज सामरा ने टी20 विश्व कप इतिहास में शतक जमाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
टी20 विश्व कप में टीम इंडिया सही रास्ते पर, उम्मीद है कि मोमेंटम बना रहेगा: बीसीसीआई सचिव सैकिया
टीम इंडिया ने वर्ष 2026 के आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। ग्रुप चरण में लगातार तीनों मैच जीतकर भारत ने सुपर 8 में अपनी जगह पक्की कर ली है। खास बात यह है कि ग्रुप ए का एक मैच अभी बाकी है, फिर भी टीम अगले दौर में पहुंच चुकी है। बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया का कहना है कि टीम सही दिशा में आगे बढ़ रही है।
अब तक अपराजित रही भारतीय टीम बुधवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में नीदरलैंड्स के खिलाफ खेलेगी। टीम की कोशिश होगी कि वह लगातार चौथी जीत दर्ज करे और सुपर 8 में पूरे आत्मविश्वास और लय के साथ प्रवेश करे।
सैकिया ने कहा कि टूर्नामेंट में अब तक टीम इंडिया सही रास्ते पर है और उम्मीद है कि यह लय आखिर तक बनी रहेगी। उन्होंने आईएएनएस से कहा, “टीम इंडिया टूर्नामेंट में अब तक सही रास्ते पर आगे बढ़ रही है...उम्मीद है कि मोमेंटम आखिर तक बना रहेगा।”
टी20 विश्व कप 2026 : न्यूजीलैंड की टीम सुपर-8 में पहुंची, कनाडा को 8 विकेट से हराया
टी20 विश्व कप 2026 के 31वें मैच में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने ग्रुप डी के मुकाबले में कनाडा को 8 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ग्रुप डी से दक्षिण अफ्रीका के साथ सुपर-8 स्टेज में पहुंच चुका है। न्यूजीलैंड ने ग्रुप डी से अपने अभियान का समापन चार मैचों में तीन मुकाबले जीतकर किया। उनको दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक मुकाबले में 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।
चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में हुए आज के मैच में कनाडा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। कनाडा ने 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 173 रन बनाए। कनाडा की ओर से ओपनर युवराज शर्मा ने केवल 65 गेंदों पर 110 रनों की पारी खेली। उनके और दूसरे ओपनिंग बल्लेबाज दिलप्रीत बाजवा के बीच पहले विकेट के लिए 116 रनों की शानदार साझेदारी हुई।
कप्तान बाजवा 39 गेंदों पर 36 रनों की धीमी पारी खेलकर आउट हुए, हालांकि दूसरे छोर से युवराज ने रन गति को बनाए रखा। न्यूजीलैंड की ओर से मैट हैनरी, जैकब डफी, काइल जैमिसन, जेम्स नीशम को 1-1 विकेट मिला।
174 रनों के टारगेट के जवाब में न्यूजीलैंड ने यह लक्ष्य केवल 15.1 ओवर में हासिल कर लिया। कनाडा के उल्ट कीवियों की शुरुआत खराब रही, जब ओपनिंग बल्लेबाज टिम सेफर्ट 10 गेंदों पर 6 रनों की पारी खेलकर आउट हो गए। उनको साद बिन जाफर ने आउट किया। इसके बाद फिन एलन भी तुरंत आउट हो गए। एलन ने केवल 8 गेंदों पर 21 रनों की पारी खेली।
आईसीसी रैंकिंग: सादिया टी20 फॉर्मेट में फिर से 'नंबर-1' गेंदबाज बनीं, रेणुका ने लगाई 6 पायदान की छलांग
पाकिस्तान की लेफ्ट आर्म स्पिनर सादिया इकबाल ने एक बार फिर आईसीसी विमेंस टी20 बॉलिंग रैंकिंग में नंबर-1 स्थान अपने नाम कर लिया है। इस 30 वर्षीय खिलाड़ी ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने तीन मुकाबलों में कुल 5 विकेट हासिल किए। इस दौरान एक ही पारी में महज 18 रन देकर 3 विकेट निकाले।
सादिया इकबाल ने दो पायदान की छलांग लगाई है। उन्होंने इस लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया की तेज गेंदबाज एनाबेल सदरलैंड और भारत की अनुभवी स्पिनर दीप्ति शर्मा को पछाड़ा है।
सदरलैंड ने पिछले महीने ही नंबर 1 रैंकिंग हासिल की थी, लेकिन इकबाल की लगातार परफॉर्मेंस और मैच जिताने वाली दमदार गेंदबाजी ने अब फिर से उन्हें शीर्ष पर ला दिया है।
लेटेस्ट रैंकिंग अपडेट में पाकिस्तान के लिए और भी अच्छी खबर है। कप्तान फातिमा सना ने सीरीज के आखिरी मैच में अपने हरफनमौला प्रदर्शन के बाद कई कैटेगरी में काफी सुधार किया है। 24 वर्षीय फातिमा टी20 बैटिंग रैंकिंग में 31 पायदान ऊपर चढ़कर 28वें नंबर पर आ गईं और विमेंस टी20 क्रिकेट में ऑलराउंडर्स की सूची में पांच स्थान ऊपर पहुंच गई हैं।
कनाडा के युवराज सामरा टी20 विश्व कप में शतक लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने
कनाडा के भारतीय मूल के 19 साल के बल्लेबाज युवराज सामरा ने टी20 विश्व कप इतिहास में शतक जमाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
सामरा ने मंगलवार को यहां ग्रुप डी मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ 65 गेंदों में करियर की सर्वश्रेष्ठ 110 रन की पारी खेली।
क्रिकेट के शौकिन पिता बलजीत सामरा ने उनका नाम धाकड़ भारतीय बल्लेबाज युवराज सिंह के नाम पर रखा था।
सामरा का जन्म कनाडा के ब्रैम्पटन में हुआ था और उनके पिता बलजीत हमेशा उनके लिए प्रोत्साहन का निरंतर स्रोत रहे।
पिछले साल मार्च में पदार्पण करने वाले सामरा ने अपने 19वें टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में यह उपलब्धि हासिल की।
सामरा ने अपनी तूफानी पारी के दौरान 11 चौके और छह छक्के जड़े, जिसकी बदौलत कनाडा ने ऊंची रैंकिंग वाली प्रतिद्वंद्वी टीम के खिलाफ 173 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया।
वह अंतिम ओवर में जैकब डफी पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में आउट हुए।
श्रीजेश ने भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम के मुख्य कोच पद के लिए दोबारा आवेदन किया
महान गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने भारत की जूनियर पुरुष हॉकी टीम के मुख्य कोच के रूप में अपने कार्यकाल के पिछले साल दिसंबर में समाप्त होने के बाद इस पद के लिए दोबारा आवेदन किया है।
इस नियुक्ति पर अगले पखवाड़े में फैसला होने की संभावना है।
दो बार के ओलंपिक कांस्य पदक विजेता श्रीजेश को अगस्त 2024 में जूनियर पुरुष टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया था। उनके मार्गदर्शन में भारत ने बीते दिसंबर में चेन्नई में आयोजित एफआईएच पुरुष हॉकी जूनियर विश्व कप में कांस्य पदक जीता था।
टीम ने पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए अर्जेंटीना को 4-2 से हराकर नौ साल बाद इस प्रतियोगिता में पोडियम स्थान हासिल किया था ।
श्रीजेश ने ‘पीटीआई’ से कहा, ‘‘हां, विश्व कप के बाद 21 दिसंबर को मेरा अनुबंध खत्म हो गया था और उसके बाद मैं केरल स्थित अपने गृहनगर में हूं। विज्ञापन आने पर मैंने दोबारा आवेदन किया। मुझे पता है कि छह-सात अन्य उम्मीदवारों ने भी आवेदन किया है। अब देखते हैं क्या होता है।”
उन्होंने अपने कोचिंग के अनुभव पर कहा, “यह सीखने का शानदार अनुभव रहा। मैंने खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने अनुभव साझा किए। उतार-चढ़ाव रहे, लेकिन विश्व कप का कांस्य पदक खास रहा। हमारा लक्ष्य हालांकि स्वर्ण था। संन्यास के बाद मेरा मकसद खेल को कुछ लौटाना था और जूनियर खिलाड़ियों के साथ अपने अनुभव का साझा करने से बेहतर क्या हो सकता है।”
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia