खेल: टेस्ट इतिहास में टीम इंडिया ने दर्ज की सबसे बड़ी जीत और कपिल देव ने सूर्यवंशी को लेकर की बड़ी भविष्यवाणी

भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित एकमात्र टेस्ट मैच को पारी और 300 रन के विशाल अंतर से अपने नाम किया। कपिल देव ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर विशेषज्ञों से संयम रखने की अपील की है।

टेस्ट इतिहास में टीम इंडिया ने दर्ज की सबसे बड़ी जीत
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

अफगानिस्तान की पारी और 300 रन से हार, टेस्ट इतिहास में टीम इंडिया ने दर्ज की सबसे बड़ी जीत

भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित एकमात्र टेस्ट मैच को पारी और 300 रन के विशाल अंतर से अपने नाम किया। यह टेस्ट में पारी के अंतर से टीम इंडिया की सबसे बड़ी जीत है।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने केएल राहुल (100) और कप्तान शुभमन गिल (126) की शतकीय पारियों के दम पर 564/8 का स्कोर खड़ा करते हुए अपनी पहली पारी घोषित की।

इसके जवाब में अफगानिस्तान की पहली पारी महज 152 रन पर सिमट गई। इस इनिंग में डेब्यूटेंट मानव सुथार ने महज 33 रन देकर 6 विकेट हासिल किए। भारत ने मेहमान टीम को फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर किया, जिसके जवाब में अफगान टीम दूसरी पारी में सिर्फ 35.5 ओवरों में ही ढेर हो गई।

इससे पहले टीम इंडिया ने साल 2018 में राजकोट टेस्ट में वेस्टइंडीज के विरुद्ध पारी और 272 रन से जीत दर्ज की थी। भारत साल 2018 में बेंगलुरु टेस्ट में अफगानिस्तान के खिलाफ पारी और 262 रन से मैच अपने नाम कर चुका है। साल 2007 में टीम इंडिया ने बांग्लादेश के खिलाफ पारी और 239 रन के अंतर से मैच अपने नाम किया था। साल 2017 में भारत ने ठीक इसी अंतर के साथ श्रीलंका को नागपुर में शिकस्त दी थी।

बहुत जल्दी, बहुत अधिक की उम्मीद नहीं कीजिए, कपिल ने सूर्यवंशी के भारतीय टीम में चयन पर कहा

महान क्रिकेटर कपिल देव ने वैभव सूर्यवंशी को पहली बार भारतीय टीम में जगह मिलने पर प्रशंसकों और विशेषज्ञों को उन्हें लेकर संयम रखने की अपील करते हुए कहा कि इस युवा पर करियर की शुरुआत में अपेक्षाओं का अत्यधिक बोझ डालना अनुचित होगा।

पंद्रह साल के सूर्यवंशी महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़कर भारत की सीनियर पुरुष टीम में चुने जाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने। उन्हें इंग्लैंड और आयरलैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए टीम में शामिल किया गया है और साथ ही इस साल के आखिर में जापान के आइची नागोया में होने वाले एशियाई खेलों के लिए भी उन्हें टीम में जगह दी गई है।

विश्व कप 1983 विजेता भारतीय टीम के कप्तान कपिल ने सूर्यवंशी को ‘विशेष प्रतिभा’ बताया लेकिन इस बात पर जोर दिया कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ढलने के लिए समय और तालमेल बैठाने की जरूरत होगी।


'प्लेयर ऑफ द मैच' चुने गए डेब्यूटेंट मानव सुथार, बताया मैच से क्या सबक मिला?

मानव सुथार ने अपने डेब्यू टेस्ट मैच की पहली पारी में 6 विकेट लेने के साथ मुकाबले में कुल 7 विकेट हासिल किए। इस शानदार प्रदर्शन के लिए बाएं हाथ के स्पिनर को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।

महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में जारी एकमात्र टेस्ट मैच में भारत ने अपनी पहली पारी 564/8 के स्कोर पर घोषित की। इसके जवाब में अफगानिस्तान की पहली पारी महज 152 रन पर सिमट गई। टीम इंडिया ने मेहमानों को फॉलोऑन दिया, जिसके बाद दूसरी पारी में अफगानिस्तान का खेमा 112 रन पर ढेर हो गया।

'प्लेयर ऑफ द मैच' चुने जाने पर मानव सुथार ने स्वीकारा कि टेस्ट क्रिकेट आसान नहीं है। भारत के लिए टेस्ट डेब्यू करने पर मानव ने कहा, "यह मेरे लिए बेहद अवास्तविक एहसास था। शुरुआत से ही मेरा सपना भारत के लिए खेलना था। मैं टेस्ट क्रिकेट खेलना चाहता था। इसलिए यह पल मेरे लिए अविश्वसनीय था और सच कहूं तो अभी भी यकीन नहीं हो रहा है।"

टी20 विश्व कप से पहले भारत के लिए सलामी बल्लेबाजों और गेंदबाजों की फॉर्म चिंता का विषय

आठ महीने के अंदर दूसरा आईसीसी खिताब जीतने की कवायद में लगी भारतीय महिला क्रिकेट टीम को 12 जून से इंग्लैंड में शुरू होने वाले टी20 विश्व कप में परचम लहराने के लिए व्यक्तिगत प्रतिभा पर निर्भर रहना पड़ सकता है, क्योंकि उसके सभी विभागों में कुछ न कुछ कमियां हैं।

भारतीय महिला टीम ने पिछले साल नवंबर में वनडे विश्व कप जीतकर इतिहास रचा था लेकिन तब भी उसकी टीम को बीच में संघर्ष करना पड़ा था। ऐसे में जेमिमा रोड्रिग्स ने जिम्मेदारी संभाली और भारत को चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

कुछ समय पहले तक ऐसा लग रहा था कि भारत ने सबसे छोटे प्रारूप में लगभग सभी विभाग में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है, लेकिन टी20 विश्व कप से पहले दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड से लगातार दो श्रृंखला हारने से उसकी कमजोरियां उजागर हो गई हैं।

सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना का प्रदर्शन हाल ही में अच्छा नहीं रहा है। यही नहीं निचले क्रम के बल्लेबाज भी अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। टीम की प्रमुख पावर हिटर ऋचा घोष 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ विश्व कप के पहले मैच से पहले रन बनाने के लिए जूझ रही हैं।

अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा का प्रदर्शन भी बल्ले और गेंद दोनों से ही निराशाजनक रहा है।


महिला टी20 विश्व कप: आईसीसी ने किया कमेंट्री पैनल का ऐलान, मिताली-अंजुम समेत कई पूर्व दिग्गज शामिल

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने महिला टी20 विश्व कप 2026 के लिए अपनी कमेंट्री और ब्रॉडकास्ट टीम की घोषणा कर दी है। इस टीम में दुनिया भर के कई पूर्व कप्तान, विश्व कप विजेता खिलाड़ी और अनुभवी कमेंटेटर शामिल हैं, जो टूर्नामेंट के दौरान दर्शकों को बेहतरीन विश्लेषण और रोमांचक अनुभव देंगे।

आईसीसी द्वारा घोषित कमेंट्री पैनल में भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज, इंग्लैंड की तेज गेंदबाज ताश फरांट, पूर्व भारतीय क्रिकेटर अंजुम चोपड़ा, न्यूजीलैंड की केटी मार्टिन, पाकिस्तान की पूर्व कप्तान सना मीर, आयरलैंड की इसोबेल जॉयस, भारत की वेदा कृष्णमूर्ति और पूर्व क्रिकेटर साइमन डूल जैसे बड़े नाम शामिल हैं।

इस टीम में कई ऐसे सदस्य भी हैं, जो अपने-अपने देशों के लिए विश्व कप जीत चुके हैं। मेल जोन्स और जूलिया प्राइस ऑस्ट्रेलिया की विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा रह चुकी हैं। वहीं स्टेसी-एन किंग वेस्टइंडीज की उस टीम में शामिल थीं जिसने महिला टी20 विश्व कप जीता था। इंग्लैंड की पूर्व खिलाड़ियों ईसा गुहा और एबोनी रेनफोर्ड-ब्रेंट ने भी अपने देश को विश्व कप और टी20 विश्व कप जिताने में अहम भूमिका निभाई थी।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia