खेल: सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करने उतरेगी टीम इंडिया और पाकिस्तान का हाल हुआ बेहाल, ICC ने लगाया जुर्माना
श्रेयस अय्यर की अगुवाई में भारतीय टीम सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन में हुए तीसरे टेस्ट में धीमी ओवर गति बनाए रखने के कारण पाकिस्तान को दोहरी सजा मिली है।

पाकिस्तान का हाल हुआ बेहाल, क्लीन स्वीप के बाद आईसीसी ने लगाया जुर्माना, 11 डब्ल्यूटीसी प्वाइंट्स भी काटे
इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन में हुए तीसरे टेस्ट में धीमी ओवर गति बनाए रखने के कारण पाकिस्तान को दोहरी सजा मिली है। इसके चलते टीम को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) की प्वाइंट्स टेबल में नुकसान हुआ है और उनका जीत प्रतिशत घटकर 10 प्रतिशत से भी नीचे पहुंच गया है।
आईसीसी ने बताया कि बर्मिंघम में इंग्लैंड से 8 विकेट से हार के दौरान, समय की छूट को ध्यान में रखने के बाद भी लक्ष्य से 11 ओवर कम होने के कारण पाकिस्तान पर मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और उनके 11 डब्ल्यूटीसी प्वाइंट भी काट लिए गए हैं।पाकिस्तान टीम को ऑन-फील्ड अंपायर पॉल राइफेल, क्रिस गैफनी, तीसरे अंपायर अल्लाहउद्दीन पालेकर और चौथे अंपायर रसेल वॉरेन ने दोषी पाया है। एमिरेट्स आईसीसी एलीट पैनल के मैच रेफरी रंजन मदुगले ने इंग्लैंड के खिलाफ 0-3 से बुरी तरह हारने के बाद बाबर आजम की टीम को यह सजा सुनाई है।
इस सजा का पाकिस्तान को बड़ा नुकसान हुआ है। बर्मिंघम टेस्ट में हार के बाद टीम का पहले ही डब्ल्यूटीसी प्वाइंट्स टेबल में जीत प्रतिशत 14.81 हो गया था और टीम सबसे निचले पायदान पर पहुंच गई थी। अब 11 अंक काटे जाने के बाद पाकिस्तान का जीत प्रतिशत घटकर सिर्फ 4.63 प्रतिशत रह गया है। इस कटौती के बाद टीम के पास 9 मैचों से केवल पांच अंक बचे हैं। मौजूदा डब्ल्यूटीसी चक्र में पाकिस्तान ने दो मैच जीते हैं और सात हारे हैं लेकिन धीमी ओवर गति (स्लो ओवर रेट) के कारण उसे अपने 24 प्वाइंट्स में से 19 प्वाइंट गंवाने पड़े हैं।
सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करने उतरेगी टीम इंडिया, अफगानिस्तान को होगी पहली जीत की तलाश
भारतीय टीम ने पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराया। सीरीज का दूसरा मुकाबला अब मंगलवार को अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। श्रेयस अय्यर की अगुवाई में भारतीय टीम सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
वहीं, अफगानिस्तान टीम भारत के खिलाफ क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में पहली जीत दर्ज करना चाहेगी। पहले टी20 में भारतीय टीम का प्रदर्शन दमदार रहा। बल्लेबाजी में अभिषेक शर्मा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 32 गेंदों में 82 रनों की तूफानी पारी खेली थी। अभिषेक के आगे अफगानिस्तान के गेंदबाज पूरी तरह से बेबस दिखाई दिए थे। वहीं, ईशान किशन ने 33 गेंदों में 42 रनों का योगदान दिया था। हालांकि, संजू सैमसन बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके थे और वह 10 रन बनाकर आउट हुए थे।
यह देखना दिलचस्प होगा कि भारतीय टीम दूसरे टी20 में संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन में बरकरार रखती है या फिर टीम मैनेजमेंट वैभव सूर्यवंशी को मौका देता है।
अगर मैं नतीजों पर गौर करूं, तो हर चीज पर प्रतिक्रिया देना शुरू कर दूंगा: वरुण चक्रवर्ती
भारत के स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने प्रतिकूल परिस्थितियों में भी ‘प्रक्रिया’ को सर्वोपरि रखते हुए ‘परिणामों पर प्रतिक्रिया न करने’ की कला सीख ली है।
अपने करियर के अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुके इस 35 वर्षीय स्पिनर का टी20 विश्व कप में प्रदर्शन अपेक्षित नहीं रहा, हालांकि भारत ने खिताब जीता था। आईपीएल और इंग्लैंड में खेली गई टी20 सीरीज में भी उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। चोटिल होने के कारण उन्हें इंग्लैंड दौरा बीच में ही छोड़ना पड़ा था।
अफगानिस्तान के खिलाफ यहां खेले गए पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में चक्रवर्ती ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 16 रन देकर एक विकेट लिया। चक्रवर्ती से पूछा गया कि जब उनके अंतरराष्ट्रीय करियर के शुरुआती चरण की तुलना में उनका प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा, तो वह इससे कैसे निपटे।
चक्रवर्ती ने भारत की सात विकेट से जीत के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘आप परिणामों की बात कर रहे हैं। मैं परिणामों के आधार पर निर्णय नहीं ले सकता। अगर मैं परिणामों के आधार पर निर्णय लूंगा, तो मैं छोटी-छोटी बातों पर प्रतिक्रिया देने लगूंगा।’’
चक्रवर्ती ने कहा, ‘‘अगर परिणाम मेरे पक्ष में होंगे तो मैं बहुत खुश हो जाऊंगा। अगर परिणाम मेरे अनुकूल नहीं रहे, तो मैं बहुत दुखी हो जाऊंगा। मैं इस तरह से फैसला नहीं कर सकता। इसलिए मेरे लिए सबसे अच्छा तरीका यही है कि मैं प्रक्रिया पर ध्यान केंद्रित रखूं।’’
क्रिकेटर मोहम्मद शमी के दो भाइयों पर मुकदमा, महिला ने लगाए शारीरिक संबंध बनाने और धमकी देने के आरोप
क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाई मोहम्मद कैफ और मोहम्मद हसीब के खिलाफ लखनऊ के आशियाना पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। एक तलाकशुदा महिला ने मोहम्मद कैफ के खिलाफ कथित तौर पर शादी का वादा करके संबंध बनाने और मोहम्मद हसीब पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। फिलहाल, लखनऊ पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
लखनऊ पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351 और 69 के तहत क्रिकेटर के भाई मोहम्मद कैफ और मोहम्मद हबीब पर मुकदमा दर्ज किया है।
एफआईआर के अनुसार, महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि 2020 में एक दोस्त के जरिए मोहम्मद कैफ से उसकी मुलाकात हुई थी। परिचय होने के बाद दोनों की मुलाकातें बढ़ने लगी थीं। अगस्त 2023 में मोहम्मद कैफ ने उससे शादी का प्रस्ताव रखा था।
महिला ने कहा कि उसने पहले ही मोहम्मद कैफ को बताया था कि वह तलाकशुदा है और उसका एक बेटा है। उस समय कैफ ने उससे बोला कि उसे उसके अतीत और बेटे से कोई आपत्ति नहीं है। महिला ने कहा कि शादी का विश्वास दिलाए जाने के वह उनकी बातों पर विश्वास करने लगी थी। इसके बाद कैफ ने उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब वह शादी के लिए बोलती थी तो कैफ उसके सामने कुरान की कसम खाते थे और उचित समय पर शादी की बात कहते थे।
डब्ल्यूटीए रैंकिंग: विश्व की नंबर एक महिला टेनिस खिलाड़ी बनीं रिबाकिना, खत्म की सबालेंका की बादशाहत
सोमवार को जारी साप्ताहिक डब्ल्यूटीए रैंकिंग में बेलारूस की एरीना सबालेंका से आगे निकलने के बाद एलेना रिबाकिना आधिकारिक तौर पर विश्व की नई नंबर एक महिला टेनिस खिलाड़ी बन गई हैं।
हाल ही में खत्म हुए यूएस ओपन क्वार्टर फाइनल में किनवेन झेंग को हराने के बाद ही रिबाकिना का टॉप स्पॉट पक्का हो गया था। कजाकिस्तान की स्टार खिलाड़ी ने फाइनल में सबालेंका को हराकर इस टूर्नामेंट का समापन किया। रिबाकिना सिंगल्स रैंकिंग में वर्ल्ड नंबर 1 बनने वाली कजाकिस्तान की पहली (पुरुष या महिला) खिलाड़ी बन गई हैं। पूरे सीजन में शानदार प्रदर्शन के कारण वह सबालेंका के काफी करीब बनी रहीं, जबकि बेलारूसी टेनिस स्टार का फॉर्म सीजन के बीच में थोड़ा गिर गया था।
जहां सीजन के बीच में सबालेंका की लय बिगड़ी, वहीं रिबाकिना पिछले साल के आखिर से ही टॉप पर पहुंचने की ओर बढ़ रही थीं। उन्होंने इस साल सीजन के बीच में नॉर्थ अमेरिकन हार्ड-कोर्ट स्विंग पर शानदार प्रदर्शन किया और उसके बाद 'बिग एप्पल' (न्यूयॉर्क) में भी सफलता हासिल की। नंबर 1 पोजीशन पक्का होने पर रिबाकिना ने प्रतिक्रिया दी थी। डब्ल्यूटीए के अनुसार, रिबाकिना ने कहा, "यह इतिहास है, और मुझे कजाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करने पर बहुत गर्व है। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं प्रोफेशनल बनूंगी या इतने बड़े मंचों पर इस तरह के टूर्नामेंट खेलूंगी।"
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
