खेल की 5 खबरें: रोमांचक सुपर ओवर में टीम इंडिया की न्यूज़ीलैंड पर शानदार जीत और महिला हॉकी में दूसरी बार हारा भारत

भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 179 रनों का स्कोर बनाया। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम भी निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 179 रन ही बना सकी और मैच टाई हो गया। जानिए खेल से जुड़ी 5 खबरें।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

कप्तान केन विलियम्सन (95) के करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी के बावजूद यहां सेडन पार्क मैदान पर न्यूजीलैंड और भारत के बीच खेला गया तीसरा टी-20 मैच टाई हो गया और सुपर ओवर में चला गया, जहां भारत ने रोमांचक जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही भारत ने पांच मैचों की टी-20 सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। सुपर ओवर में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 17 रन बनाए और भारत को जीत के लिए 18 रनों का लक्ष्य दिया। भारत ने आखिरी गेंद पर रोहित शर्मा के छक्के की बदौलत जीत दर्ज की। भारत ने पहली बार न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज जीती है।

इससे पहले, भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 179 रनों का स्कोर बनाया। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम भी निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 179 रन ही बना सकी और मैच टाई हो गया। भारत का टी-20 में यह दूसरा टाई है। इससे पहले भारत ने 2007 टी-20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ टाई खेला था।

भारत से मिले 180 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड को मार्टिन गुप्टिल (31) और कोलिन मुनरो (14) ने 5.4 ओवरों में पहले विकेट के लिए 47 रनों की साझेदारी करके अच्छी शुरुआत दी।


खतरनाक होती जा रही साझेदारी को शार्दूल ठाकुर ने गुप्टिल को आउट करके तोड़ा। गुप्टिल ने 21 गेंदों पर दो चौके और तीन छक्के लगाए। 52 रन पर अपने दो विकेट गंवाने के बाद कप्तान विलियम्सन और मिशैल सैंटनर (9) ने तीसरे विकेट के लिए 26 रन जोड़े। सैंटनर टीम के 88 के स्कोर पर युजवेंद्र चहल की गेंद पर बोल्ड हो गए।

न्यूजीलैंड को अभी 24 गेंदों पर 43 रन बनाने थे और विलियम्सन के रूप में उसकी उम्मीदें मैदान पर टिकी हुई थीं। कीवी टीम को अंतिम 12 गेंदों पर 20 रन बनाने थे लेकिन वह पूरी कोशिश के बाद भी 179 रनों के आंकड़े से आगे नहीं जा पाई और मैच टाई हो गया।

विलियम्सन ने 48 गेंदों की पारी में आठ चौके और छह छक्के लगाए। टेलर ने 10 गेंदों पर 17 रन बनाए। भारत की ओर से शार्दूल और मोहम्मद शमी ने दो-दो जबकि चहल और रवींद्र जडेजा ने एक-एक विकेट लिए।

महिला हॉकी: भारत को मिली लगातार दूसरी हार

भारतीय महिला हॉकी टीम को बुधवार को न्यूजीलैंड दौर पर लगातार दूसरी हार मिली है। मेजबान टीम ने भारत तीसरे मैच में 1-0 से हराया। होप राल्फ ने न्यूजीलैंड के लिए 37वें मिनट में गोल किया। भारत ने पहले मैच में न्यूजीलैंड को 4-0 से हराया था, लेकिन दूसरे मैच में 1-2 से हार गई थी। भारतीय महिलाओं को अब अगले मैच में चार फरवरी को ग्रेट ब्रिटेन से भिड़ना है।

न्यूजीलैंड ने पहले क्वार्टर में बढ़त ले ली होती, लेकिन भारतीय डिफेंस ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल नहीं होने दिया। इस बीच भारतीय टीम ने भी मौके बनाए लेकिन किवी टीम उन्हें रोकने में सफल रही।

राल्फ को 37वें मिनट में मौका मिला और उन्होंने फील्ड गोल कर अपनी टीम का खाता खोला। यह गोल विजयी गोल साबित हुआ।


रोहित बतौर ओपनर 10 हजार रन बनाने वाले चौथे भारतीय

रोहित शर्मा ने बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में बतौर सलामी बल्लेबाज अपने 10,000 रन पूरे कर लिए हैं। वह ऐसा करने वाले चौथे भारतीय ओपन हैं। उन्होंने यह मुकाम सेडन पार्क में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए तीसरे टी-20 मैच में हासिल किया। इस सूची में रोहित इकलौते ऐसे बल्लेबाज हैं, जिनका औसत 50 से ज्यादा का है। 219 पारियों में रोहित ने 50.33 के औसत से रन बनाए हैं।

रोहित के अलावा इस सूची में सुनील गावस्कर, वीरेंद्र सहवाग, सचिन तेंदुलकर के नाम हैं। इन्हीं तीन भारतीय खिलाड़ियों ने प्रारूप में बतौर सलामी बल्लेबाज रोहित से पहले 10,000 रन पूरे किए।
रोहित पहले दो टी-20 में विफल रहे थे, लेकिन तीसरे टी-20 में उन्होंने 40 गेंदों पर 65 रनों की पारी खेली।

भाला फेंक एथलीट नीरज ने ओलंपिक के लिए किया क्वालीफाई

  कोहनी की चोट से उबरने के बाद वापसी कर रहे भारत के अनुभवी भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ने इस साल होने वाले टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर लिया है। नीरज ने दक्षिण अफ्रीका में जारी एथलेटिक्स सेंट्रल नॉर्थ ईस्ट मीटिंग में 87.86 मीटर की दूरी के साथ इसी साल टोक्यो में होने वाले ओलंपिक खेलों के लिए क्वालीफाई किया।

भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) ने कहा कि उन्होंने इस बात की पुष्टि दक्षिण अफ्रीकी फेडरेशन से की है कि यह टूर्नामेंट मान्यता प्राप्त इंटरनेशनल टूर्नामेंट था, जिसके चलते ओलंपिक क्वालीफिकेशन भर हो गया।

नीरज अपने पिछले प्रतियोगिता में 2018 में जकार्ता एशियाई खेलों में उतरे थे, जहां उन्होंने 88.06 मीटर की राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता था। कोहनी की चोट के कारण वह 2019 में अधिकतर प्रतियोगिताओं से दूर ही रहे थे।


बतौर कप्तान धोनी से आगे निकले कोहली

विराट कोहली ने टी-20 में बतौर भारतीय कप्तान सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ दिया है। कप्तान कोहली ने यहां सेडन पार्क मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी तीसरे टी-20 मैच में यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने इस मैच में 38 रनों की पारी खेली।

कोहली मैच में 25 रन बनाते ही बतौर भारतीय कप्तान टी-20 में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में पूर्व कप्तान धोनी से आगे निकल गए। कोहली ने केवल 37 मैचों में ही यह कीर्तिमान अपने नाम किया।

कप्तान के रूप में धोनी के नाम 1112 रन हैं और अब कोहली के नाम 1126 रन हो गए हैं। कोहली अब टी-20 में बतौर कप्तान सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में तीसरे नंबर पर आए हैं।

(आईएएनएस इनपुट के साथ)

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia