खेल: भारत-पाक मुकाबले से पहले कोलंबो में कड़ी सुरक्षा और भारत के खिलाफ T20 WC का मैच देखेंगे PCB प्रमुख नकवी

श्रीलंका के अधिकारियों ने कहा कि मैच के आयोजन की सुरक्षा के मामले में कोई जोखिम नहीं लिया जाएगा। पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी रविवार को कोलंबो में भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप का मैच देखेंगे।

भारत-पाक मुकाबले से पहले कोलंबो में कड़ी सुरक्षा
i
user

नवजीवन डेस्क

भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप का मैच देखेंगे पीसीबी प्रमुख नकवी, आईसीसी अधिकारियों से करेंगे बात

पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी रविवार को कोलंबो में भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप का मैच देखेंगे और आईसीसी अधिकारियों से बात भी कर सकते हैं।

एक सूत्र ने बताया कि नकवी के साथ पाकिस्तान सुपर लीग के सीईओ सलमान नसीर और मुख्य परिचालन अधिकारी सुमैर अहमद समेत पीसीबी के सीनियर अधिकारी भी श्रीलंका जायेंगे।

सूत्र ने कहा ,‘‘ श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने दूसरे बोर्ड के अधिकारियों को न्योता दिया है लेकिन नकवी आईसीसी अध्यक्ष जय शाह और अन्य अधिकारियों से बात करने जा रहे हैं ताकि बहिष्कार प्रकरण के बाद पैदा हुई कड़वाहट कम हो।’’

पाकिस्तान सरकार के इस मैच को खेलने की टीम को अनुमति नहीं देने के फैसले के बाद आईसीसी और पाकिस्तान के रिश्तों में तनाव आया था। सुरक्षा कारणों से भारत में खेलने के बांग्लादेश के इनकार के बाद बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किये जाने के मद्देनजर पाकिस्तान ने उसके प्रति एकजुटता दिखाते हुए भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार का ऐलान किया था।

बाद में हालांकि ‘यू टर्न’ लेकर यह मैच खेलने का फैसला किया।

भारत-पाक क्रिकेट मुकाबले से पहले श्रीलंका की राजधानी में कड़ी सुरक्षा

श्रीलंका पुलिस ने शनिवार को कहा कि रविवार को कोलंबो में भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाले आईसीसी टी20 विश्व कप क्रिकेट मुकाबले से पहले विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।

चिर प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान रविवार को यहां स्थित आर प्रेमदासा स्टेडियम में आमने-सामने होंगे।

श्रीलंका के अधिकारियों ने कहा कि मैच के आयोजन की सुरक्षा के मामले में कोई जोखिम नहीं लिया जाएगा।

पुलिस प्रवक्ता एफ टी वूटलर ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने (श्रीलंका पुलिस) ने एक विशेष यातायात और सुरक्षा व्यवस्था की है। ’’

यह मुकाबला कई हफ्तों की अनिश्चितता के बाद हो रहा है। पाकिस्तान ने बांग्लादेश के समर्थन में मैच के बहिष्कार की घोषणा की थी। इस मुद्दे पर फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी), बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच गहन बातचीत हुई।

श्रीलंका सरकार ने भी पाकिस्तान से अपील की थी कि वह अपना निर्णय बदले क्योंकि टूर्नामेंट के सह-मेजबान के रूप में पहले से की गई तैयारियों में भारी नुकसान हो सकता था।


भारत-पाकिस्तान मुकाबले से कराची में बढी टीम जर्सी, कैप, आर्मबैंड की बिक्री

भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप के दौरान कोलंबो में रविवार को होने वाले मैच से पहले यहां दुकानदारों और आनलाइन विक्रेताओं की चांदी हो गई है चूंकि टीम के गैर आधिकारिक और खास तौर पर बनाये गए क्रिकेट सामान की जबर्दस्त मांग है ।

मैच से पहले काफी नाटकीय घटनाक्रम देखा गया और यह तय नहीं था कि यह अहम मुकाबला होगा भी या नहीं । सुरक्षा कारणों से बांग्लादेश के भारत में खेलने से इनकार, बांग्लादेश का टी20 विश्व कप से बाहर होना, उसकी जगह स्कॉटलैंड का खेलना और बांग्लादेश के समर्थन में पाकिस्तान का इस मैच के बहिष्कार का ऐलान । लेकिन इसके बाद पाकिस्तान ने ‘यू टर्न’ लिया और अब यह मैच हो रहा है ।

कराची में सदर के जैनब मार्केट से लेकर लाइटहाउस की पुरानी गलियों तक पाकिस्तानी टीम की जर्सी, कैप और आर्मबैंड की भारी मांग है ।

जैनब मार्केट में दुकान चलाने वाले कासिम शाह ने कहा ,‘‘ कल से मांग बहुत बढ गई है और हमने पहले भारत पाकिस्तान मैच के लिये चीजों की इतनी मांग नहीं देखी ।’’

यह मार्केट पाकिस्तानी टीम की आधिकारिक किट , कैप और अन्य सामान की नकल बेचने के लिये मशहूर है ।

क्रिकेट पर फोकस करें , सोशल मीडिया पर नहीं : कोच स्टुअर्ट लॉ की नेपाल टीम को चेतावनी

नेपाल के मुख्य कोच स्टुअर्ट लॉ ने पहली बार टी20 विश्व कप खेल रही इटली के खिलाफ टीम की दस विकेट से हार पर निराशा जताते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने प्रतिबद्धता नहीं दिखाई और उन्होंने टीम को सोशल मीडिया की बजाय आगामी मैचों पर फोकस करने की भी ताकीद की ।

दो बार की चैम्पियन इंग्लैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करके नेपाल ने सभी का ध्यान खींचा था लेकिन उस लय को कायम नहीं रख सके और इटली जैसी नयी टीम से हार गए ।

आस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर लॉ ने कहा कि वह खिलाड़ियों के जीवन में सोशल मीडिया का महत्व समझते हैं लेकिन बड़े टूर्नामेंट के दौरान यह लक्ष्य से ध्यान भटका भी देता है ।

उन्होंने कहा ,‘‘ नेपाली संस्कृति में सोशल मीडिया की बड़ी भूमिका है ।लेकिन अगर हम सोशल मीडिया पर क्या कर रहे हैं या लोग हमारे बारे में क्या कर रहे हैं और टीम की जरूरत पर फोकस नहीं है तो आप असल लक्ष्य से भटक जाते हैं ।’’

लॉ ने कहा ,‘‘ यह मुश्किल फैसला है क्योंकि मुझे पता है कि कई खिलाड़ी विज्ञापन और प्रायोजन के लिये इस पर निर्भर हैं लेकिन विश्व कप क्रिकेटरों को यह समझना होगा कि अगर वे मैच जीतते रहे तो लाइक्स अपने आप मिलेंगे ।’’


टकर के 94 रन से आयरलैंड ने ओमान को 96 रन से हराया

कप्तान लोरकान टकर के 51 गेंद में 94 रन की मदद से आयरलैंड ने टी20 विश्व कप के ग्रुप बी के एकतरफा मैच में शनिवार को ओमान को 96 रन से हराया।

पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर आयरलैंड ने पांच विकेट पर 235 रन बनाये। टकर ने अपनी पारी में दस चौके और चार छक्के लगाये और उनकी पारी के दम पर आयरलैंड ने तीन विकेट पर 47 से उबरते हुए इस टूर्नामेंट का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बनाया।

जवाब में ओमान की टीम 18 ओवर में 139 रन पर आउट हो गई। आमिर कलीम ने 50 और हमाद मिर्जा ने 46 रन बनाये।

ओमान के आठ बल्लेबाज दोहरे अंक तक भी नहीं पहुंच सके।

आयरलैंड के लिये जोश लिटिल ने चार ओवर में 16 रन देकर तीन विकेट लिये। मैथ्यू हंफ्रेस और बैरी मैकार्थी को दो दो विकेट मिले।

इस जीत के बावजूद आयरलैंड चौथे स्थान पर है जबकि श्रीलंका, जिम्बाब्वे और आस्ट्रेलिया शीर्ष तीन स्थानों पर हैं।

पीटीआई के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia