खेल: तिलक-नितीश की जोड़ी ने दूसरे टी20 में रचा इतिहास और कीरोन पोलार्ड मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच बने

तिलक-नितीश के अलावा, चमिका करुणारत्ने और दासुन शनाका की श्रीलंकाई जोड़ी भी 69 रन की अटूट साझेदारी कर चुकी है। मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2027 सत्र से पहले वेस्टइंडीज के पूर्व हरफनमौला कीरोन पोलार्ड को टीम का मुख्य कोच बनाया है।

फोटो: IANS
i

भारत बनाम न्यूजीलैंड: तिलक-नितीश की जोड़ी के बीच 69 रन की अटूट साझेदारी ,रिकॉर्ड बुक में नाम दर्ज

भारत ने तिलक वर्मा और नितीश रेड्डी की 69 रनों की अटूट साझेदारी के दम पर न्यूजीलैंड के खिलाफ शनिवार को टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में 4 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। यह फुल मेंबर देश की तरफ से टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सफल रन-चेज के दौरान 7वें विकेट के लिए संयुक्त रूप से दूसरे सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड है। 

तिलक-नितीश के अलावा, चमिका करुणारत्ने और दासुन शनाका की श्रीलंकाई जोड़ी भी 69 रन की अटूट साझेदारी कर चुकी है, जिसने साल 2022 में ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध नाबाद 69 रन जुटाए थे। इस लिस्ट में वेन पार्नेल और रस्टी थेरोन (साउथ अफ्रीका) की जोड़ी शीर्ष पर है, जिसने साल 2011 में 64 रन की अटूट साझेदारी की थी। इस लिस्ट में अफीफ हुसैन और मोसादेक हुसैन की बांग्लादेशी जोड़ी शीर्ष पर है, जिसने साल 2019 में जिम्बाब्वे के विरुद्ध मीरपुर में 82 रन जुटाए थे।

भारत बनाम न्यूजीलैंड: तिलक वर्मा का कमाल, एक कैलेंडर ईयर में सर्वाधिक कैच पकड़ने वाले खिलाड़ी बने

भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टी20 इंटरनेशनल मुकाबला न्यूजीलैंड के हेगले ओवल के मैदान पर खेला जा रहा है। भारतीय टी20 टीम के उपकप्तान तिलक वर्मा ने इस मुकाबले में दो कैच लेने के साथ ही खास मुकाम हासिल कर लिया है।

 तिलक वर्मा टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा कैच पकड़ने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने इंडोनेशिया के डैनिलसन हावो (25) को पीछे छोड़ते हुए यह रिकॉर्ड अपने नाम किया। अब तिलक के नाम 2026 में फील्डर के तौर पर 26 कैच हो गए हैं, जो कि 2025 में इंडोनेशियाई खिलाड़ी द्वारा पकड़े गए कैचों से एक ज्यादा है।

टी20 इंटरनेशनल में एक कैलेंडर ईयर के दौरान फील्डर के तौर पर सबसे ज्यादा कैच:

26 - तिलक वर्मा (भारत) - 2026

25 - डैनिलसन हावो (इंडोनेशिया) - 2025

24 - मुहम्मद वसीम (यूएई) - 2024

21 - शार्विन मुनियांडी (मलेशिया) - 2025

20 - ब्रायन मसाबा (युगांडा) - 2023

20 - तंजिद हसन (बांग्लादेश) - 2025


कीरोन पोलार्ड आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच बने

पांच बार की चैम्पियन मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2027 सत्र से पहले वेस्टइंडीज के पूर्व हरफनमौला कीरोन पोलार्ड को टीम का मुख्य कोच बनाया है जो महेला जयवर्धने की जगह लेंगे।

पोलार्ड पिछले कुछ सत्र से टीम के बल्लेबाजी कोच थे । वह आईपीएल 2027 से टीम के मुख्य कोच का पद संभालेंगे। मुंबई आईपीएल की सबसे सफल टीमों में से है लेकिन आखिरी बार 2020 में खिताब जीता था।

मुंबई इंडियंस ने एक बयान में कहा ,‘‘ मुंबई इंडियंस को यह बताते हुए हर्ष हो रहा है कि कीरोन पोलार्ड टीम के मुख्य कोच होंगे । यह टीम की विरासत बनाने के प्रति मुंबई इंडियंस की प्रतिबद्धता का परिचायक है । हम मैदान पर और उसके बाहर प्रतिभाओं के विकास और अपनी टीम संस्कृति मजबूत करने के लिये काम करते रहेंगे ।’’

इसमें आगे कहा गया ,‘‘ उनका नेतृत्व मुंबई इंडियंस के सबसे सफल वर्षों का हिस्सा रहने के अनुभव पर आधारित होगा और साथ ही इसमें टीम के अगले अध्याय को आकार देने की महत्वाकांक्षा भी शामिल होगी।’’

पोलार्ड ने टीम द्वारा जारी बयान में कहा ,‘‘ मुंबई इंडियंस मेरे जीवन और कैरियर का बड़ा हिस्सा रही है । टीम, खिलाड़ियों और पल्टन के साथ मेरा लगाव मेरे लिये काफी मायने रखता है ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ एक खिलाड़ी और एक कोच के तौर पर सफर का अनुभव करने के बाद मैं समझ गया हूं कि मुंबई इंडियंस क्या है और उसके साथ जुड़ने की जिम्मेदारियां क्या है ।’’

भारतीय बल्लेबाजों का सरेंडर, न्यूजीलैंड ए के नाम रहा अनौपचारिक टेस्ट का पहला दिन

न्यूजीलैंड के लिंकन में खेले जा रहे पहले अनौपचारिक टेस्ट के पहले दिन भारत ए को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। न्यूजीलैंड ए ने तेज गेंदबाजों के लिए मददगार पिच का पूरा फायदा उठाया और भारत ए की पूरी टीम को 113 रन पर समेटा। दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ए ने पहली पारी के आधार पर 22 रनों की बढ़त भी हासिल कर ली है।

 टॉस जीतकर गेंदबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड ए ने हरी-भरी पिच का भरपूर फायदा उठाया। साइमन कीन ने 24 रन देकर 5 विकेट लिए, जबकि जैक गिब्सन ने 29 रन देकर 3 विकेट चटकाए। भारत ए के बल्लेबाज लगातार दबाव के आगे टिक नहीं पाए; केवल यश राठौड़ और देवदत्त पडिक्कल ही कुछ हद तक संघर्ष कर सके।

 केएल राहुल ऑफ स्टंप के बाहर की गेंद का पीछा करते हुए बिना खाता खोले आउट हुए। वहीं, यशस्वी जायसवाल 17 रन बनाने के बाद पहली स्लिप में कैच दे बैठे। इसके बाद कीन ने लगातार गेंदों पर साई सुदर्शन (0) और कप्तान ध्रुव जुरेल (1) को आउट कर भारत ए को शुरुआती संकट में डाला।

 नंबर 3 पर उतरे देवदत्त पडिक्कल ने कुछ स्थिरता दी और 32 रन बनाए, लेकिन लंच के बाद अपनी पहली ही गेंद पर वह आउट हो गए। उनके आउट होने के बाद भारत ए का स्कोर 5 विकेट खोकर 56 रन हो गया। स्थिति तब और खराब हो गई जब वॉशिंगटन सुंदर भी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए।


दक्षिण अफ्रीका को लगा बड़ा झटका, एनरिक नोर्त्जे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरा टेस्ट नहीं खेलेंगे  

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ केपटाउन में खेले जाने वाले तीसरे टेस्ट से पहले दक्षिण अफ्रीका को बड़ा झटरका लगा है। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज एनरिक नोर्त्जे इंजरी के कारण इस निर्णायक मैच से बाहर हो गए हैं। क्रिकेट साउथ अफ्रीका (सीएसए) ने उनकी जगह किसी और को टीम में शामिल नहीं करने का फैसला किया है।

तीन मैचों की सीरीज अभी 1-1 से बराबर है, और आखिरी टेस्ट मंगलवार से केपटाउन के न्यूलैंड्स में शुरू होगा। नोर्त्जे को बुधवार को गकेबरहा में दूसरे टेस्ट की पहली पारी में गेंदबाजी करते समय चोट लगी थी, और अगले दिन किए गए स्कैन में चोट की पुष्टि हुई।

 तेज गेंदबाज सेंट जॉर्ज पार्क में चौथे दिन सुबह अपना चौथा ओवर करते हुए बीच में ही बाहर चले गए और वापस नहीं लौटे। इस झटके की वजह से नोर्त्जे की टेस्ट टीम में वापसी फिर निराशाजनक रही। नोर्त्जे ने इस सीरीज से पहले साढ़े तीन साल से ज्यादा समय से कोई रेड-बॉल मैच नहीं खेला था।

 नोर्त्जे को दूसरे टेस्ट के लिए आराम दिए जाने की उम्मीद थी, लेकिन साउथ अफ्रीका ने उन्हें प्लेइंग इलेवन में बनाए रखा, क्योंकि वह बिना किसी परेशानी के पहले टेस्ट में खेले। वह कितने समय तक बाहर रहेंगे, यह अभी साफ नहीं है।

 आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए