Tokyo Olympics: आज पदक की ओर अपना कदम बढ़ाएंगे ये भारतीय खिलाड़ी? तीरंदाजों पर होंगी सबकी निगाहें

टोक्यो ओलंपिक में अबतक भारत सिर्फ एक ही पदक जीत पाया है। इन सबके बीच आज एक बार फिर नई उम्मीदों के साथ भारतीय एथलीट मैदान में होंगे। हालांकि आज भारत का कोई भी मेडल इवेंट नहीं है, लेकिन काफी खिलाड़ी पदक की ओर अपना कदम बढ़ा सकते हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

भारतीय तीरंदाज टोक्यो ओलंपिक की टीम स्पर्धाओं से बाहर होने की निराशा को दूर कर आज होने वाली व्यक्तिगत प्रतियोगिताओं की कठिन चुनौतियों का सामना करेंगे। 28 जुलाई यानी आज भारतीय टीम के खिलाड़ी 6 अलग-अलग स्पोर्ट्स के 8 इवेंट में एक्शन में दिखेंगे। जिसमें से एक इवेंट यानी महिला हॉकी का मैच सुबह 6.30 बजे शुरू हो गया है, जो अभी जारी है।

बता दें, टोक्यो ओलंपिक में अबतक भारत सिर्फ एक ही पदक जीत पाया है। इसके बाद भारतीय टीम को नाकामी ही हाथ लगी है। हालांकि मंगलवार को बॉक्सिंग रिंग में महिला मुक्केबाज लवलीना बोर्गोहेन ने अपने पंच का जलवा दिखाते हुए जर्मनी की नेदिन एपेट को 3-2 से हराया। इस जीत के साथ ही लवलीना क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं हैं जहां वो पदक से एक कदम दूर है।

इन सबके बीच आज एक बार फिर नई उम्मीदों के साथ भारतीय एथलीट मैदान में होंगे। हालांकि आज भारत का कोई भी मेडल इवेंट नहीं है, लेकिन काफी खिलाड़ी पदक की ओर अपना कदम बढ़ा सकते हैं। चलिए आपको बताते हैं 28 जुलाई यानी आज क्या है भारत का शेड्यूल।

हॉकी

भारत बनाम ब्रिटेन, महिला पूल ए मैच, भारतीय समयानुसार सुबह 6 बजकर 30 मिनट से शुरू हो चुका है। भारतीय महिला हॉकी टीम को जर्मनी के खिलाफ टोक्यो ओलंपिक के पूल-ए मुकाबले में करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी। यह टोक्यो में रानी रामपाल की कप्तानी वाली टीम की लगातार दूसरी हार थी।

बैडमिंटन

पीवी सिंधू , महिला एकल ग्रुप चरण, भारतीय समयानुसार सुबह 7 बजकर 30 मिनट से शुरू होगा। टोक्यो में इस 26 वर्षीय खिलाड़ी को भारत की तरफ से स्वर्ण पदक की सबसे बड़ी उम्मीद माना जा रहा है। पांच साल पहले तक सिंधु को पदक का दावेदार नहीं माना जाता था लेकिन उन्होंने रियो ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता था।

बी साई प्रणीत, पुरूष एकल ग्रुप चरण , भारतीय समयानुसार दोपहर दो बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा।

तीरंदाजी (व्यक्तिगत स्पर्धा)

तरुणदीप राय, पुरुष अंतिम 32 वर्ग , भारतीय समयानुसार सुबह सात बजकर 31 मिनट से शुरू होगा।

प्रवीण जाधव, पुरुष अंतिम 32 वर्ग, भारतीय समयानुसार दोपहर 12 बजकर 30 मिनट से शुरू होगा।

दीपिका कुमारी, महिला अंतिम 32 वर्ग, भारतीय समयानुसार दोपहर दो बजकर 14 मिनट से शुरू होगा।

रोइंग

अर्जुन लाल और अरविंद सिंह, पुरूष डबल स्कल्स सेमीफाइनल ए/बी 2, भारतीय समयानुसार सुबह 8 बजे से शुरू होगा।

सेलिंग

केसी गणपति और वरूण ठक्कर , पुरुष स्किफ 49ईआर, भारतीय समयानुसार सुबह आठ बजकर 35 मिनट से शुरू होगा।

मुक्केबाजी

पूजा रानी, महिला 75 किग्रा वर्ग, अंतिम 16 वर्ग, भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजकर 33 मिनट से शुरू होगा।

आपको बता दें, Tokyo Olympics 2020 का सीधा प्रसारण सोनी के स्पोर्ट्स चैनल (सोनी सिक्स, टेन 1, टेन 2, टेन 3 और टेन 4) और दूरदर्शन पर किया जाएगा। इसके अलावा SonyLIV App पर भी लाइव स्ट्रीमिंग होगी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia