खेल: टॉम लैथम ने किया न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन का खुलासा और गांगुली बोले- कुलदीप को बाहर करना मुश्किल था
लैथम ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "हम तीन तेज गेंदबाज और एक गेंदबाजी ऑलराउंडर खिलाएंगे।" गांगुली ने से कहा, ‘‘यह मुश्किल सौदा था क्योंकि कुलदीप एक बहुत ही खास क्रिकेटर हैं।"

टॉम लैथम ने किया वेलिंगटन टेस्ट की प्लेइंग इलेवन का खुलासा, बताया कितने तेज गेंदबाजों को देंगे मौका
न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम ने कहा है कि भारत के खिलाफ गुरुवार से शुरू हो रहे पहले टेस्ट में तीन विशेषज्ञ तेज गेंदबाज और एक गेंदबाजी ऑलराउंडर के साथ टीम उतरेगी। लैथम ने कहा कि टीम के पास पूरी सीरीज में अपने गेंदबाजी विकल्पों का प्रबंधन करने के लिए गहराई है। वे बहुत आगे की सोचने की जगह पूरा ध्यान शुरुआती टेस्ट पर रखेंगे।
लैथम ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "हम तीन तेज गेंदबाज और एक गेंदबाजी ऑलराउंडर खिलाएंगे। हम लकी हैं कि हमारे पास बहुत सारे तेज गेंदबाज हैं, जो लगभग पूरी तरह से फिट हैं। यह पहले से प्लान करना मुश्किल है कि खिलाड़ी कौन से गेम खेलेंगे, लेकिन हम कोशिश कर रहे हैं कि मैचों के दौरान क्या होता है और वर्कलोड के मामले में थोड़ा लचीला रहें। हम अगले छह या सात हफ्तों में यह देखने की कोशिश कर रहे हैं कि यह कैसा दिखता है, लेकिन जाहिर है कि हमारा मेन फोकस फिलहाल भारत के खिलाफ पहले टेस्ट पर है।"
लैथम ने यह भी साफ किया कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की स्टैंडिंग न्यूजीलैंड के अप्रोच को तय नहीं करेगी। उन्होंने कहा, "वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप टेबल मेरा फोकस नहीं है। हम कंट्रोल करने लायक चीजों को कंट्रोल करेंगे। हम अपनी तरह का क्रिकेट खेलेंगे और खुद को बेस्ट चांस देंगे।"
कुलदीप को बाहर करना मुश्किल था, लेकिन संतुलन बनाने के लिए हमें पंत की जरूरत थी: गांगुली
दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच सौरव गांगुली ने कहा कि कुलदीप यादव को बाहर करके उनकी जगह ऋषभ पंत को टीम में शामिल करना ‘बहुत मुश्किल’ फैसला था, लेकिन टीम को ‘संतुलन’ बनाने के लिए एक भारतीय बल्लेबाज की जरूरत थी।
गांगुली ने जियोस्टार से कहा, ‘‘यह मुश्किल सौदा था क्योंकि कुलदीप एक बहुत ही खास क्रिकेटर हैं। वह लंबे समय तक दिल्ली कैपिटल्स से जुड़े हुए थे लेकिन 10 टीमों के आईपीएल में संतुलन बनाना बेहद महत्वपूर्ण होता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम एक बल्लेबाज की तलाश में थे। हमें ऋषभ पंत के रूप में घरेलू बल्लेबाज मिला, जिन्होंने दिल्ली के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है। मेरी नजर में वह बेहतरीन क्रिकेटर हैं। लेकिन कुलदीप को बाहर करना बहुत मुश्किल फैसला था। अक्षर (पटेल) और आशुतोष को बाहर नहीं किया जा सकता था। वे हमारी टीम के महत्वपूर्ण अंग हैं।’’
दिल्ली की टीम में इस बार स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क नहीं होंगे, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया की अपनी राष्ट्रीय टीम से खेलने को प्राथमिकता दी है और इस कारण फ्रेंचाइजी ने उन्हें बाहर कर दिया।
आईपीएल की 10 फ्रेंचाइजी ने 184 खिलाड़ी रिटेन किए
डियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की 16 दिसंबर को होने वाली नीलामी से पहले सभी 10 फ्रेंचाइजी ने उन खिलाड़ियों की सूची जारी की है जिन्हें उन्होंने अपनी टीम में बनाए रखा (रिटेन किया) है। इन खिलाड़ियों में अभिषेक शर्मा, रोहित शर्मा, मोहम्मद सिराज और सुनील नारायण जैसे स्टार खिलाड़ी भी शामिल हैं।
कुल 184 खिलाड़ियों को रिटेन किया गया जिनमें 55 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। गुजरात टाइटन्स ने सबसे अधिक खिलाड़ियों (22) को रिटेन किया है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने सबसे अधिक सात विदेशी खिलाड़ियों को अपनी टीम में बनाए रखा है, जबकि पांच बार के चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके), पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स ने 19-19 खिलाड़ियों को अपनी टीम में रखा है।
लखनऊ सुपर जायंट्स 18 खिलाड़ियों को बरकरार रखने के बाद 47.45 करोड़ रुपये की सबसे अधिक शेष धनराशि के साथ नीलामी में प्रवेश करेगा। नीलामी में उसे सात स्थान भरने हैं।
गुजरात टाइटन्स के पास सबसे कम 8.75 करोड़ रुपये की राशि बची हुई और उसे तीन खिलाड़ियों की जरूरत है।
सभी 10 फ्रेंचाइजी ने खिलाड़ियों को बरकरार रखने के लिए कुल 1,002.05 करोड़ रुपये खर्च किए हैं, जिससे नीलामी के लिए कुल 297.95 करोड़ रुपये का बजट बचा है।
अन्य टीमों के पास बची हुई धनराशि और भरे जाने वाले स्थान इस प्रकार हैं: आरसीबी (14.5 करोड़ रुपये, पांच स्थान), सीएसके (28.05 करोड़ रुपये, छह स्थान), केकेआर (41.65 करोड़ रुपये, आठ स्थान), मुंबई इंडियंस (32.60 करोड़ रुपये, नौ स्थान), पंजाब किंग्स (18.60 करोड़ रुपये, छह स्थान), राजस्थान रॉयल्स (27.05 करोड़ रुपये, छह स्थान), सनराइजर्स (40.15 करोड़ रुपये, सात स्थान)।
बेनक्रॉफ्ट ने कहा, गेंद से छेड़छाड़ करने की साजिश में पूरी टीम शामिल थी
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में भूचाल लाने वाले 2018 के गेंद से छेड़छाड़ करने वाले मामले में शामिल रहे कैमरन बेनक्रॉफ्ट ने दावा किया है कि पूरी टीम को इस साजिश के बारे में पता था लेकिन आखिर में केवल तीन खिलाड़ियों को बलि का बकरा बनाया गया।
‘सैंडपेपर गेट’ कांड से मशहूर इस मामले में प्रमुख भूमिका के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बेनक्रॉफ्ट, स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर पर प्रतिबंध लगा दिया था। इस विवाद के बाद बेनक्रॉफ्ट फिर से कभी ऑस्ट्रेलिया के लिए नहीं खेल पाए जबकि स्मिथ और वार्नर ने वापसी की।
पूर्व बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने हाल में प्रकाशित अपनी किताब में खुलासा किया की साजिश की पूरी टीम को जानकारी थी। वार्नर और उस मैच में 12वें नंबर के खिलाड़ी चैड सेयर्स ने भी ख्वाजा के बयान का समर्थन किया।
बेनक्रॉफ्ट पर सैंडपेपर (रेगमाल) ले जाने का आरोप था। उन्होंने भी ख्वाजा का समर्थन किया, जबकि मौजूदा कप्तान पैट कमिंस ने इन दावों को ‘पूरी तरह बकवास’ करार दिया।
बेनक्रॉफ्ट ने ‘क्रिकइंफो’ में एक लेख में कहा, ‘‘आठ साल तक मैंने पूरी टीम के लिए इस कहानी का बोझ साझा किया। यह एक ऐसा बोझ था जो मेरी क्षमता से कहीं अधिक था। मैंने सबके लिए यह बलिदान दिया और यह मेरा अपना फैसला था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने पिछले आठ साल जवाबदेही, ईमानदारी और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के सबसे काले अध्याय में से एक से सीखे गए सबक के बारे में बात करने में बिताए हैं। हालांकि, 2018 में पूरी सच्चाई नहीं बताई गई। जो कुछ हुआ उसके बारे में मैं कभी पूरी तरह से ईमानदार नहीं रहा।’’
ईश्वरन और पोरेल ने दिलाई बंगाल को झारखंड पर जीत
कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन के नाबाद 61 रन और अभिषेक पोरेल के 49 रन की मदद से बंगाल ने बुधवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी ग्रुप ए के मैच में झारखंड को सात विकेट से हराया।
बंगाल ने 149 रन का लक्ष्य 18.4 ओवर में हासिल कर दिया। ईश्वरन ने अपनी 48 गेंद की पारी में छह चौके और एक छक्का लगाया जबकि पोरेल ने 34 गेंदों में चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 49 रन बनाकर टीम को अच्छी शुरुआत दी। इन दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 92 रन की साझेदारी की।
इससे पहले मौजूदा चैंपियन झारखंड ने सात विकेट पर 148 रन बनाए जिसमें विराट सिंह ने 37 गेंदों पर नाबाद 45 और शिखर मोहन ने 26 गेंदों पर 42 रन का योगदान दिया। उत्कर्ष सिंह ने 18 गेंदों में 23 जबकि अनुकूल रॉय ने 17 रन बनाए।
बंगाल की तरफ से मुकेश कुमार, सायन घोष और ऋषभ चौधरी ने दो-दो विकेट लिए।
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
