खेल: वैभव सूर्यवंशी ने किया एक और बड़ा कारनामा और जोकोविच और वीनस यूएस ओपन के पहले दौर में बाहर

वैभव सूर्यवंशी ने ईस्ट जोन की तरफ से खेलते हुए पहले सेमीफाइनल मुकाबले में बीसीसीआई ग्राउंड पर सेंट्रल जोन के खिलाफ 42 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। नोवाक जोकोविच अपने करियर में पहली बार यूएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पहले दौर में हारकर बाहर हो गए

वैभव सूर्यवंशी ने किया एक और बड़ा कारनामा
i

वैभव सूर्यवंशी का एक और बड़ा कारनामा, दलीप ट्रॉफी में अर्धशतक लगाने वाले बने सबसे युवा बल्लेबाज

भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने सोमवार को इतिहास रच दिया। वह दलीप ट्रॉफी के इतिहास में अर्धशतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं।

वैभव ने ईस्ट जोन की तरफ से खेलते हुए पहले सेमीफाइनल मुकाबले में बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) ग्राउंड पर सेंट्रल जोन के खिलाफ 42 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वैभव ने यह अर्धशतक 15 साल और 175 दिन की उम्र में लगाया है। उन्होंने लक्ष्मण सिंह का 57 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 1969 में 16 साल और 23 दिन की उम्र में टूर्नामेंट में अपना पहला अर्धशतक लगाया था। भारत के पूर्व लेग-स्पिनर पीयूष चावला इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 16 साल और 307 दिन की उम्र में दलीप ट्रॉफी में अर्धशतक लगाया था।

हालांकि, वैभव अपने शतक से सिर्फ 8 रन दूर रह गए। उन्होंने अपनी इस आतिशी पारी के दौरान 7 चौके और सात छक्के लगाए। वैभव ने इस दौरान पहले विकेट के लिए अभिमन्यु ईश्वरन के साथ मिलकर 161 रनों की साझेदारी निभाई। वैभव हर्ष दुबे की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में बाउंड्री पर अरशद खान को आसान सा कैच दे बैठे। पवेलियन लौटते समय वैभव के चेहरे पर शतक पूरा न कर पाने की निराशा साफतौर पर दिखाई दी।

दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल: कप्तान तिलक वर्मा का शतक, नॉर्थ के खिलाफ साउथ जोन ने बनाई लीड

साउथ जोन ने बीसीसीआई सेंट्रल ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड-2 पर जारी दलीप ट्रॉफी 2026 के सेमीफाइनल-2 में नॉर्थ जोन के खिलाफ अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। दूसरे दिन की समाप्ति तक साउथ जोन ने 90 रन की बढ़त हासिल कर ली है।

 टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी नॉर्थ जोन पहली पारी में सिर्फ 195 रन पर ढेर हो गई। टीम ने 18 के स्कोर पर सनथ सांगवान (10) के रूप में अपना पहला विकेट खो दिया था। इसके बाद कामरान इकबाल ने आयुष दोसेजा के साथ दूसरे विकेट के लिए 53 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला। आयुष 5 चौकों के साथ 23 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

इस जोड़ी के टूटने के बाद टीम ने 95 के स्कोर तक अपने 4 विकेट खो दिए थे, जिसके बाद कामरान ने कप्तान कन्हैया वाधवान के साथ पांचवें विकेट के लिए 66 रन जोड़कर टीम को 150 के पार पहुंचाया।


बीसीबी प्रमुख तमीम ने कहा, भारत से लंबित श्रृंखला पर बात चल रही है

 बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने कहा कि भारत के खिलाफ लंबे समय से लंबित सीमित ओवरों की घरेलू श्रृंखला के लिए भारत से बातचीत चल रही है और दोनों देश अपने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद उपयुक्त समय की तलाश जारी रखे हुए हैं।

तमीम ने यूट्यूब चैनल ‘नॉट आउट नॉर्मन’ से बातचीत में स्वीकार किया कि सितंबर में होने वाले तीन वनडे और तीन टी20 मैच पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नहीं होंगे। भारत को इसी अवधि में 13 सितंबर से अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 श्रृंखला खेलनी है।

तमीम ने कहा, ‘‘यह (भारत के खिलाफ श्रृंखला) होगी या नहीं, इस बारे में अभी तक कोई फैसला नहीं हुआ है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दोनों बोर्ड इस श्रृंखला के आयोजन को लेकर गंभीर हैं। बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट बोर्ड) और बीसीबी दोनों ही श्रृंखला के समय को लेकर विचार कर रहे हैं। हम इस श्रृंखला के आयोजन को लेकर सकारात्मक हैं।’’

मेरे लिए आगे बढ़ने का सबसे अच्छा तरीका यही है कि मैं ज्यादा से ज्यादा खेलूं: हेजलवुड

ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड अपनी गेंदबाजी की तेजी बनाए रखने और अक्टूबर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए ज्यादा से ज्यादा वनडे क्रिकेट खेलना चाहते हैं। बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में सफल वापसी के बाद उनका ध्यान अधिक से अधिक मैच खेलने पर है।

उम्मीद जताई जा रही है कि हेजलवुड जिम्बाब्वे और साउथ अफ्रीका के आगामी दौरों के लिए ऑस्ट्रेलिया की वनडे टीम में शामिल होंगे। टीम की घोषणा मंगलवार को की जाएगी। अनुभवी तेज गेंदबाज ने आने वाली चुनौतियों के लिए तैयारी करने के सबसे अच्छे तरीके के तौर पर तीन मैचों की हर सीरीज में दो मैच खेलने का लक्ष्य रखा है।

 सिडनी में 'प्ले क्रिकेट वीक' के लॉन्च के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए हेजलवुड ने कहा, "मुझे लगता है कि मेरे लिए आगे बढ़ने का सबसे अच्छा तरीका है कि मैं जितना हो सके उतना खेलूं। उस टेस्ट सीरीज से पहले हमारी दो वनडे सीरीज हैं, इसलिए हो सकता है कि मैं दोनों सीरीज में तीन में से दो मैच खेलूं। मुझे लगता है कि एक बार जब आप उस तेजी या इंटेंसिटी पर पहुंच जाते हैं, जिस पर हम सभी अभी हैं, तो उसे जितना हो सके बनाए रखने की कोशिश करनी चाहिए।"


जोकोविच और वीनस यूएस ओपन के पहले दौर में बाहर, पेगुला और मेदवेदेव आगे बढ़े

दिग्गज खिलाड़ी और रिकॉर्ड 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन नोवाक जोकोविच अपने करियर में पहली बार यूएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पहले दौर में हारकर बाहर हो गए जबकि वीनस विलियम्स का पिछले साल जुलाई के बाद पहले दौर में हार का सिलसिला जारी रहा।

रविवार को चार घंटे 36 मिनट तक चले पांच सेटों के इस मैराथन मैच में जोकोविच को अर्जेंटीना के मारियानो नावोन से 7-6 (5), 5-7, 4-6, 6-2, 6-1 से हार का सामना करना पड़ा।

यूएस ओपन के पहले दौर में इससे पहले जोकोविच का रिकॉर्ड 19-0 था और उन्होंने 2006 के ऑस्ट्रेलियन ओपन के बाद से किसी भी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में अपना पहला मैच नहीं हारा था।

जोकोविच ने कहा, ‘‘यह एक अच्छा रिकॉर्ड है। लेकिन मैं इसके बारे में ज्यादा नहीं सोच रहा हूं। बेशक मुझे अतीत की सभी उपलब्धियों पर बहुत गर्व रहा है, लेकिन अब समय बदल गया है।’’

चौथी वरीयता प्राप्त और चार बार के चैंपियन 39 वर्षीय जोकोविच फ्लशिंग मीडोज में काफी परेशान नजर आए। मैच के दौरान उन्हें उल्टी हुई और पैरों में भी तकलीफ हुई। इस बीच उन्होंने 70 बेजा गलतियां की। जोकोविच की पत्नी जेलेना भी स्टेडियम में मौजूद थी और वह भी काफी परेशान नजर आ रही थी।

आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए