खेल: बतौर कप्तान वैभव सूर्यवंशी की खराब शुरुआत और सूर्यकुमार ने बल्ले से उड़ाया गर्दा

वैभव सूर्यवंशी की अगुवाई में बिहार का प्रदर्शन इस मैच में निराशाजनक रहा। सूर्यकुमार यादव की एक बार​ फिर से क्रिकेट के मैदान में वापसी हो चुकी है। अपने कमबैक मैच में सूर्यकुमार यादव ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी की।

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी: बतौर कप्तान वैभव सूर्यवंशी की खराब शुरुआत, सौराष्ट्र ने बिहार को 5 विकेट से हराया
i

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी: बतौर कप्तान वैभव सूर्यवंशी की खराब शुरुआत, सौराष्ट्र ने बिहार को 5 विकेट से हराया

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी एलीट 2026 के अपने पहले मैच में बिहार को सौराष्ट्र के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। होल्कर स्टेडियम में सौराष्ट्र ने बिहार से मिले 138 रनों के लक्ष्य को आसानी से 16.3 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। 

वैभव सूर्यवंशी को बतौर कप्तान पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा। वैभव इस मैच में कप्तानी करने के साथ ही टी20 क्रिकेट में सबसे युवा कप्तान बने। उन्होंने महज 15 साल और 232 दिन की उम्र में कप्तानी करते हुए नया वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम किया।

हालांकि, वैभव की अगुवाई में बिहार का प्रदर्शन इस मैच में निराशाजनक रहा। खुद वैभव बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 12 गेंदों में 18 रन बनाने के बाद आउट हुए।

सूर्यवंशी पुरुष टी20 क्रिकेट इतिहास में सबसे युवा कप्तान बने

किशोर बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने शनिवार को यहां सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सौराष्ट्र के खिलाफ बिहार की कप्तानी करते हुए पुरुष टी20 क्रिकेट इतिहास के सबसे युवा कप्तान बनने का रिकॉर्ड बनाया।

सूर्यवंशी ने 15 साल और 232 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने क्रोएशिया के जैक वुकुसिक का रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने सात अगस्त 2025 को साइप्रस के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में 17 साल और 311 दिन की उम्र में अपनी राष्ट्रीय टीम की कप्तानी की थी।

रणजी ट्रॉफी 2026-27 सत्र के पहले चरण में लगातार चार हार के साथ खराब शुरुआत करने वाली बिहार की टीम ने घरेलू टी20 प्रतियोगिता के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए इस युवा खिलाड़ी को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी है।


सूर्यकुमार के 21 गेंद में 60 रन की मदद से मुंबई ने हैदराबाद को सात विकेट से हराया

भारत के पूर्व टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव की 21 गेंद में खेली गई नाबाद 60 रन की तूफानी पारी की बदौलत मुंबई ने शनिवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के ग्रुप डी मुकाबले में हैदराबाद को सात विकेट से करारी शिकस्त दी। मुंबई ने केवल 13.1 ओवर में तीन विकेट खोकर 172 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया।

सूर्यकुमार ने अपनी विस्फोटक पारी में छह चौके और पांच छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 285.71 का रहा। उन्होंने महज 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर जाधवपुर विश्वविद्यालय परिसर मैदान पर मुंबई के दबदबे का नमूना पेश किया।

मुंबई ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत 13.1 ओवर में तीन विकेट पर 174 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

युवा बल्लेबाज मुशीर खान ने भी 24 गेंदों पर छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से 51 रन की शानदार पारी खेली। वहीं अंगकृष रघुवंशी ने 13 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 27 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई।

कृणाल पंड्या का हरफनमौला प्रदर्शन बेकार, चंडीगढ़ ने बड़ौदा को हराया

कृणाल पंड्या के शानदार हरफनमौला प्रदर्शन के बावजूद बड़ौदा को शनिवार को यहां सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी टी20 टूर्नामेंट के ग्रुप ए मुकाबले में चंडीगढ़ के हाथों तीन विकेट से हार का सामना करना पड़ा।

पंड्या ने निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों पर नाबाद 40 रन बनाए जिससे बड़ौदा की टीम छह विकेट पर 148 रन बनाने में सफल रही। सलामी बल्लेबाज शिवालिक शर्मा ने 42 गेंदों पर 45 रन की पारी खेली, लेकिन बड़ौदा की टीम पूरी पारी के दौरान रन गति बढ़ाने के लिए संघर्ष करती रही।

भारतीय टीम के खिलाड़ी जितेश शर्मा और दीपक हुड्डा भी बल्ले से कोई खास प्रभाव नहीं छोड़ सके। इसके बाद पंड्या और दीपक हुड्डा की स्पिन गेंदबाजी ने चंडीगढ़ के बल्लेबाजों को मुश्किल में डाल दिया। पंड्या ने चार ओवर में सात रन देकर दो विकेट झटके जबकि हुड्डा ने दो ओवर में छह रन देकर दो विकेट हासिल किए।

लेकिन कप्तान शिवम भांबरी और आरुष भंडारी के बीच चौथे विकेट के लिए हुई 53 रन की अहम साझेदारी ने चंडीगढ़ को जीत की राह पर बनाए रखा।

टीम के लिए सर्वाधिक 45 रन बनाने वाले भांबरी और भंडारी (26 रन) की इस साझेदारी की बदौलत चंडीगढ़ ने आखिरी ओवर में तीन विकेट जल्दी गंवाने के बावजूद एक गेंद शेष रहते सात विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया।


भारत ने भूटान को 2-1 से हराकर सैफ चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाई

गत चैंपियन भारत ने शनिवार को यहां पीवी विष्णु और चिंगलेनसाना सिंह के गोल की बदौलत भूटान को 2-1 से हराकर सैफ फुटबॉल चैंपियनशिप के फाइनल में प्रवेश किया।

विष्णु ने आठवें मिनट में गोल करके भारत को बढ़त दिलाई। उन्होंने लंबे पास को नियंत्रित करने के बाद दाएं पैर से लगाए शॉट पर भूटान के गोलकीपर को छकाते हुए गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया।

भारत ने 27वें मिनट में अपनी बढ़त दोगुनी कर दी। किपगेन की ओर से लिए गए कॉर्नर पर भूटान के खिलाड़ी गेंद को क्लीयर नहीं कर सके और इसका फायदा उठाते हुए चिंगलेनसाना ने नजदीक से शानदार गोल दाग दिया।

भूटान ने 48वें मिनट में तोबदेन के गोल से वापसी की। ग्येल्तशेन के बॉक्स के अंदर से लगाए गए शॉट के बाद तोबदेन ने हेडर से गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाया। शुरुआत में ऑफसाइड करार दिए गए इस गोल को वीडियो सहायक रेफरी (वीएआर) की समीक्षा के बाद सही ठहराया गया।

यह मुकाबला सैफ चैंपियनशिप के इतिहास में वीएआर प्रणाली के पदार्पण का भी गवाह बना।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए