खेल: गोंडा पहुंची विनेश, कहा भागीदारी के काबिल और ICC की वार्षिक पुरुष ODI रैंकिंग में भारत 'नंबर-1
विनेश ने अपने जवाब में कहा कि उन्होंने यूडब्ल्यूडब्ल्यू को पहले ही अपनी वापसी की जानकारी दे दी थी लिहाजा प्रक्रियागत जरूरतें वह पूरी कर चुकी हैं। आईसीसी ने सोमवार को पुरुषों की ताजा वनडे रैंकिंग जारी की है, जिसमें भारत 'नंबर-1' बना हुआ है।
गोंडा पहुंची विनेश, कहा भागीदारी के काबिल, डब्ल्यूएफआई ने कहा उसका जवाब अधूरा
विनेश फोगाट सोमवार को यहां पहुंच गई और उन्होंने भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के कारण बताओ नोटिस का जवाब देकर दावा किया कि वह संन्यास के बाद वापसी की पात्रता रखती है हालांकि राष्ट्रीय महासंघ ने दोहराया कि वह यहां राष्ट्रीय ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट में भाग नहीं ले सकती ।
महासंघ ने कहा कि अनुशासनात्मक कार्रवाई पूरी होने तक वह प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले सकती हैं ।
राष्ट्रीय महासंघ ने इससे पहले कहा था कि विनेश 26 जून 2026 तक घरेलू टूर्नामेंटों में भाग नहीं ले सकती क्योंकि डोपिंग रोधी नियमों के तहत संन्यास के वापसी के बाद उन्होंने छह महीने का अनिवार्य नोटिस पूरा नहीं किया है ।
यहां पहुंचने के बाद विनेश ने डब्ल्यूएफआई के कारण बताओ नोटिस का जवाब देते हुए कहा कि विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) की संहिता का रिटायर्ड खिलाड़ियों से जुड़ा नियम 5 . 6 . 1 उन पर लागू नहीं होता क्योंकि वह जून में ही युनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (यूडब्ल्यूडब्ल्यू) को संन्यास के बाद वापसी के अपने फैसले से अवगत करा चुकी हैं ।
विनेश ने अपने जवाब में कहा कि उन्होंने यूडब्ल्यूडब्ल्यू को पहले ही अपनी वापसी की जानकारी दे दी थी लिहाजा प्रक्रियागत जरूरतें वह पूरी कर चुकी हैं ।
डब्ल्यूएफआई सूत्रों ने हालांकि कहा कि महासंघ उनके जवाब से संतुष्ट नहीं है और उसका मानना है कि विनेश ने सिर्फ पात्रता के पहलू पर जवाब दिया है जबकि उनके खिलाफ लगाये गए अनुशासनहीनता के आरोपों का जवाब नहीं दे सकी हैं ।
आईसीसी की वार्षिक पुरुष वनडे रैंकिंग में भारत 'नंबर-1', पाकिस्तान को झटका
आईसीसी ने सोमवार को पुरुषों की ताजा वनडे रैंकिंग जारी की है, जिसमें भारत 'नंबर-1' बना हुआ है। हालांकि, शीर्ष पर उसकी बढ़त जरूर कम हो गई है। दूसरी ओर, पाकिस्तान एक पायदान नीचे खिसक गया है।
ताजा रैंकिंग में भारत की रेटिंग 119 से गिरकर 118 हो गई है। वहीं, न्यूजीलैंड को दो अंक मिले हैं। यह टीम 113 रेटिंग के साथ दूसरे पायदान पर है। अब शीर्ष-2 टीमों के बीच अंतर 8 से घटकर 5 ही रह गया है।
मौजूदा वनडे वर्ल्ड कप चैंपियन ऑस्ट्रेलिया की रेटिंग (109) में कोई बदलाव नहीं हुआ है। यह टीम फिलहाल तीसरे पायदान पर बनी हुई है। इस बीच टॉप-5 में बदलाव देखने को मिला है। साउथ अफ्रीका एक पायदान ऊपर चढ़कर चौथे स्थान पर पहुंच गया है।
साउथ अफ्रीका को चार रेटिंग अंक मिले हैं। अब इस टीम के पास 102 अंक हैं, जबकि पाकिस्तान ने चार अंक गंवा दिए हैं। यह देश 98 अंकों के साथ रैंकिंग में पांचवें स्थान पर खिसक गया है।
कमिंस, स्टार्क और हेजलवुड पाकिस्तान और बांग्लादेश दौरे से बाहर
ऑस्ट्रेलिया ने अगले महीने के आखिर में पाकिस्तान और बांग्लादेश में होने वाली सीमित ओवरों की श्रृंखला के लिए तेज गेंदबाजों पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और जोश हेज़लवुड को अपनी टीम में नहीं चुना है।
ये तीनों खिलाड़ी पाकिस्तान के खिलाफ 30 मई से शुरू होने वाली तीन वनडे मैचों की श्रृंखला में नहीं खेल पाएंगे। ऑलराउंडर लियाम स्कॉट और ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 विश्व कप टीम के कप्तान ओली पीक को पहली बार सीनियर टीम में शामिल किया गया है।
युवा बल्लेबाज जोएल डेविस को जून में बांग्लादेश के खिलाफ टी20 श्रृंखला के लिए टीम में चुना गया है। उन्हें भी पहली बार मौका मिला है।
ट्रैविस हेड, कूपर कोनोली, बेन ड्वार्शियस और जेवियर बार्टलेट इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के बाद बांग्लादेश रवाना होंगे, जबकि अनुभवी ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल को टीम से बाहर कर दिया गया है।
अगले साल अक्टूबर में दक्षिण अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे में होने वाले वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए मिचेल मार्श दोनों टीम की कप्तानी करेंगे।
ऑस्ट्रेलिया रावलपिंडी (30 मई) और लाहौर (दो और चार जून) में पाकिस्तान के खिलाफ तीन वनडे मैच खेलेगा। इसके बाद वह बांग्लादेश का दौरा करेगा तथा ढाका (नौ, 11 और 14 जून) में तीन वनडे मैच और चटोग्राम (17, 19 और 21 जून) में तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगा।
क्रुणाल ने आरसीबी के बल्लेबाजों के बेहतर प्रदर्शन का श्रेय कार्तिक को दिया
ऑलराउंडर क्रुणाल पंड्या ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपनी जुझारू पारी के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की बल्लेबाजी में सुधार का श्रेय टीम के मेंटोर (मार्गदर्शक) और बल्लेबाजी कोच दिनेश कार्तिक को दिया।
क्रुणाल ने पूरी तरह फिट नहीं होने के बावजूद 46 गेंद में 73 रन बनाए जिससे आरसीबी अंतिम गेंद पर जीत हासिल करने में सफल रही। इससे उसकी टीम अंकतालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है।
क्रुणाल ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘‘अगर आप पिछले साल और यहां तक कि इस साल को भी देखें, तो बल्लेबाजी में सुधार का श्रेय दिनेश कार्तिक को जाता है।’’
इस ऑलराउंडर ने कहा, ‘‘‘उन्होंने (कार्तिक) प्रत्येक खिलाड़ी के साथ व्यक्तिगत रूप से काफी समय बिताया है। उनके मजबूत और कमजोर पक्षों को समझा और उन पर काम किया। वह हमेशा बल्लेबाजों की मदद करने के लिए तैयार रहते हैं। इसलिए इसमें कोई संदेह नहीं है कि हमारी टीम ने जिस तरह से बल्लेबाजी की है, उसका बहुत बड़ा श्रेय डीके (कार्तिक) को जाता है।’’
क्रुणाल ने कहा कि दबाव वाली परिस्थितियों में आरसीबी का स्पष्ट रवैया उसके लिए फायदेमंद साबित हुआ।
लक्ष्य, सिंधू की नजरें थाईलैंड ओपन में व्यक्तिगत प्रदर्शन पर
थॉमस कप में कांस्य पदक जीतने के बाद भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों की नजरें मंगलवार से यहां शुरू हो रहे पांच लाख डॉलर ईनामी राशि के थाईलैंड ओपन में व्यक्तिगत प्रदर्शन पर होगी जिसमें लक्ष्य सेन और पी वी सिंधू भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे ।
सातवीं वरीयता प्राप्त लक्ष्य कोहनी की चोट के कारण डेनमार्क में फ्रांस के खिलाफ सेमीफाइनल नहीं खेल सके थे । वह पहले मैच में सिंगापुर के जैसन तेह जिया हेंग से खेलेंगे जबकि आयुष शेट्टी का सामना जापान के छठी वरीयता प्राप्त विश्व चैम्पियनशिप पदक विजेता कोडाइ नाराओका से होगा ।
महिला एकल में छठी वरीयता प्राप्त सिंधू पहले दौर में चीनी ताइपै की तुंग सियू तोंग से खेलेंगी । मलेशिया में सेमीफाइनल और इंडोनेशिया में क्वार्टर फाइनल तक पहुंची दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधू को खिताब का सूखा खत्म करने के लिये प्रदर्शन में निरंतरता लानी होगी ।
विश्व चैम्पियनशिप के पूर्व रजत पदक विजेता किदाम्बी श्रीकांत पिछले सत्र में मलेशिया मास्टर्स और सैयद मोदी इंटरनेशनल के फाइनल में पहुंचे लेकिन प्रदर्शन में निरंतरता पर उन्हें मेहनत करनी होगी ।
श्रीकांत का सामना आठवीं वरीयता प्राप्त लो कीन यू से होगा ।
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
