खेल: विराट कोहली ने साथी खिलाड़ियों को दिया गुरु मंत्र और KKR की मुश्किलें बढ़ीं, IPL से बाहर हुए आकाश दीप

विराट कोहली ने कहा कि टाइटल को डिफेंड करने के लिए हमें काफी बेहतर तैयारी के साथ मैदान पर उतरना पड़ेगा। चोटिल खिलाड़ियों की समस्या से जूझ रहे कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को शनिवार को तब एक और झटका लगा है।

फोटो: IANS
i
user

नवजीवन डेस्क

आईपीएल 2026: 'एक भी मिनट बर्बाद ना करें', विराट कोहली ने साथी खिलाड़ियों को दिया गुरु मंत्र

आईपीएल 2026 का पहला मुकाबला पिछले बार की चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के बीच 28 मार्च को खेला जाना है। मैच आरसीबी के होम ग्राउंड एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच और पूरे सीजन में अच्छे प्रदर्शन के लिए आरसीबी कैंप में खिलाड़ी जमकर अभ्यास कर रहे हैं।

अभ्यास सत्र के दौरान दिग्गज खिलाड़ी और टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने साथी खिलाड़ियों को अच्छे प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया और बिना समय गंवाए अपनी पूरी क्षमता के साथ खेलने की अपील की। कोहली ने कहा कि टाइटल को डिफेंड करने के लिए हमें काफी बेहतर तैयारी के साथ मैदान पर उतरना पड़ेगा।

आरसीबी की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अभ्यास सत्र का एक वीडियो साझा किया गया है। इसमें विराट कोहली टीम के बाकी खिलाड़ियों से बातचीत करते हुए दिखाई दिए।

कोहली ने कहा, "पिछले दो से तीन सीजन में हमने काफी कड़ी मेहनत की है, जिसके बाद हम पिछले सीजन ट्रॉफी जीतने में कामयाब हो सके। अब हमारे लिए चीजें और मुश्किल होने वाली हैं क्योंकि दूसरी टीमें और भी बेहतर तैयारी के साथ मैदान पर उतरेंगी। हम सीजन का आगाज होने से पहले इन दिनों को बर्बाद नहीं कर सकते हैं। इसलिए अब हमें पूरी तरह से तैयार हो जाना चाहिए। हम जिस भी सेशन का हिस्सा हैं, उसका एक भी मिनट बर्बाद ना करें।"

पीसीबी की दखलअंदाजी ने कोच पद से इस्तीफे के लिए किया मजबूर: गैरी कर्स्टन

पाकिस्तान क्रिकेट टीम अपने लगातार बदलते कप्तानों और कोचों की वजह से चर्चा में रहती है। गैरी कर्स्टन को भी पीसीबी ने बड़े शोर गुल के साथ पाकिस्तान टीम का हेड कोच बनाया था, लेकिन उनका कार्यकाल भी निश्चित समय तक नहीं चल सका। कर्स्टन ने इसकी वजह बताई है।

पाकिस्तान ने भारतीय टीम को 2011 में वनडे विश्व कप चैंपियन बनाने में बतौर कोच अहम रोल निभाने वाले दक्षिण अफ्रीका के पूर्व खिलाड़ी गैरी कर्स्टन को टी20 विश्व कप 2024 से पहले दो साल के अनुबंध पर व्हाइट बॉल क्रिकेट का हेड कोच बनाया था। कर्स्टन ने मुश्किल से 6 माह के बाद अपना पद छोड़ दिया था। पूर्व दक्षिण अफ्रीकी दिग्गज ने अब पाकिस्तान टीम के हेड कोच का पद छोड़ने का कारण बताया है।

 गैरी कर्स्टन ने कहा है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के दखलअंदाजी की वजह से उन्होंने टीम के हेड कोच का पद छोड़ दिया था।

 कर्स्टन ने कहा है कि टीम के मामलों में बाहरी दबाव का स्तर इतना ऊंचा था कि खिलाड़ियों के साथ एक स्थिर माहौल बनाना बेहद मुश्किल हो गया। दखलअंदाजी का स्तर बहुत ज्यादा था जिसने मुझे परेशान किया। मुझे नहीं लगता कि मैंने इसे पहले कभी उस स्तर पर ऐसा देखा है।


आकाशदीप पीठ की चोट के कारण आईपीएल से बाहर

चोटिल खिलाड़ियों की समस्या से जूझ रहे कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को शनिवार को तब एक और झटका लगा जब उसके प्रमुख तेज गेंदबाज आकाशदीप पीठ के निचले हिस्से में दर्द के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से बाहर हो गए।

आकाशदीप कम से कम आठ सप्ताह तक नहीं खेल पाएंगे जिससे दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज का जून की शुरुआत में अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच में खेलना भी संदिग्ध है।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ‘‘आकाशदीप की पीठ के निचले हिस्से में दर्द फिर से उबर गया है और उन्हें ठीक होने में आठ से 12 सप्ताह तक लग सकते हैं। वह आईपीएल में नहीं खेल पाएंगे और उनका अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच में खेलना भी संदिग्ध है।’’

इस 29 वर्षीय गेंदबाज ने अपना आखिरी मैच जम्मू कश्मीर के खिलाफ रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल के रूप में खेला था। तब वह पूरी तरह से फिट नहीं दिख रहे थे। उन्होंने पहली पारी में केवल 13 ओवर और दूसरी पारी में सात से कम ओवर फेंके थे।

आयरलैंड के खिलाफ 26 और 28 जून को टी20 खेलेगा भारत : बीसीसीआई

मौजूदा विश्व चैम्पियन भारत 26 और 28 जून को आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मैच खेलेगा । बीसीसीआई ने शनिवार को यह जानकारी दी ।

दोनों मैच बेलफास्ट में होंगे जहां भारतीय टीम 2007 के बाद पहली बार खेलेगी ।

बीसीसीआई सचिव देवाजीत सैकिया ने एक बयान में कहा ,‘‘ टीम इंडिया दो मैचों की टी20 श्रृंखला के लिये जून 2026 में आयरलैंड जायेगी ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘पिछले आठ साल में भारतीय टीम ने तीन बार ( 2018, 2022 और 2023) आयरलैंड का दौरा किया है । बेलफास्ट में भारतीय टीम 2007 के बाद पहली बार खेलेगी ।’’

इससे दो दिन पहले आयरलैंड के हाई परफार्मेंस निदेशक ग्राहम वेस्ट ने इसकी पुष्टि की थी ।

भारतीय टीम अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट और तीन मैचों की वनडे श्रृंखला के बाद इंग्लैंड में एक से 19 जुलाई तक पांच टी20 और तीन वनडे खेलेगी ।


ओलंपिक चैंपियन कैमरन मैकएवॉय ने 50 मीटर फ्रीस्टाइल विश्व रिकॉर्ड बनाया

ओलंपिक और विश्व चैंपियन तैराक कैमरन मैकएवॉय ने पुरुषों की 50 मीटर फ्रीस्टाइल में 17 साल पुराना विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

ऑस्ट्रेलिया के 31 वर्षीय खिलाड़ी ने शुक्रवार को शेन्ज़ेन में चाइना ओपन में 20.88 सेकंड का समय दर्ज किया, जो ब्राजील के खिलाड़ी सेसार सिएलो के पिछले रिकॉर्ड से 0.03 सेकंड कम है।

सिएलो ने 2009 में तैराकी के तथाकथित ‘सुपर सूट’ युग के दौरान 20.91 सेकंड का विश्व रिकॉर्ड बनाया था। बाद में इस तरह की प्रतियोगिताओं को बंद कर दिया गया था। इन प्रतियोगिता में खिलाड़ी की क्षमता बढ़ाई जाती थी जिसके कारण 2009 में लगभग 150 विश्व रिकॉर्ड टूट गए थे। इस तरह की प्रतियोगिताओं पर 2010 में पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया था।

पीटीआई के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia