खेल: इस खिलड़ी की जगह संजू सैमसन को अगले मैच में मिलेगा मौका? और अजिंक्य रहाणे ने अक्षर को बाहर रखने पर उठाए सवाल

टीम अपनी प्लेइंग इलेवन में बड़ा बदलाव कर सकती है। संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन में मौका दिया जा सकता है। दिग्गज बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने भारतीय टीम मैनेजमेंट के इस निर्णय पर हैरानी जताई है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

टी20 वर्ल्ड कप: अभिषेक, तिलक या रिंकू, किसकी जगह संजू सैमसन को अगले मैच में मिलेगा मौका?

भारतीय क्रिकेट टीम को टी20 विश्व कप 2026 के अपने पहले सुपर-8 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। टीम इंडिया 76 रन से हारी। टी20 विश्व कप इतिहास में रनों के लिहाज से भारत की यह सबसे बड़ी हार है। ग्रुप स्टेज में अजेय रही टीम इंडिया को इस हार ने सोचने के लिए मजबूर कर दिया है।

दक्षिण अफ्रीका से मिली हार के बाद भारतीय टीम के लिए सेमीफाइनल के रास्ते मुश्किल हो गए हैं। सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाने के लिए टीम इंडिया को जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने दो मुकाबले किसी भी कीमत पर बड़े अंतर से जीतने होंगे। इसके लिए टीम अपनी प्लेइंग इलेवन में बड़ा बदलाव कर सकती है। संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन में मौका दिया जा सकता है।

मौजूदा प्लेइंग इलेवन के तीन बल्लेबाज, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा और रिंकू सिंह, बेहद खराब फॉर्म में चल रहे हैं। विश्व कप में लगातार मौका मिलने के बाद भी इन बल्लेबाजों के बल्ले से बड़ी पारी नहीं आई है। इसलिए जिम्बाब्वे के खिलाफ अगले मैच में इन तीनों में से किसी एक को बाहर बैठना पड़ सकता है और संजू सैमसन की प्लेइंग इलेवन में एंट्री हो सकती है। संजू की एंट्री से प्लेइंग इलेवन में एक दाएं हाथ का बल्लेबाज हो जाएगा। यह टीम के संतुलन के लिए भी जरूरी है। टीम में फिलहाल अधिकांश बल्लेबाज लेफ्टी हैं।

अक्षर पटेल की जगह सुंदर को मौका देना समझ से परे: अजिंक्य रहाणे

भारतीय क्रिकेट टीम को रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में 76 रनों से हार का सामना करना पड़ा। हार के बाद सबसे ज्यादा चर्चा ऑलराउंडर अक्षर पटेल को लेकर है। उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया गया था। दिग्गज बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने भारतीय टीम मैनेजमेंट के इस निर्णय पर हैरानी जताई है।

रहाणे ने कहा, "मैं सच में हैरान हूं कि अक्षर पटेल नहीं खेले। मुझे समझ नहीं आ रहा कि क्या हो रहा है। सुंदर एक अच्छा खिलाड़ी है। कोई उनके खिलाफ नहीं है, लेकिन अक्षर अलग-अलग स्थिति में अच्छा कर रहे हैं। कभी-कभी मुझे लगता है कि जब आप चयन के मामले में बहुत स्मार्ट हो जाते हैं, तो यह आपको नुकसान पहुंचा सकता है। आप सुंदर को इसलिए लाए क्योंकि दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी क्रम में कई बाएं हाथ के खिलाड़ी हैं।"

उन्होंने कहा, "इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि ऑफ-स्पिनर बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ अच्छी ही गेंदबाजी करेंगे। बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ अक्षर का रिकॉर्ड अच्छा है। केशव महाराज को हम सबने देखा। आपको अपनी टीम में उस शानदार खिलाड़ी को खिलाना होगा जिसने पहले आपके लिए बहुत अच्छा किया हो। उपकप्तान होने के बावजूद अक्षर को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखना उचित नहीं है।"


'जल्द वापसी करेंगे', बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बढ़ाया टीम इंडिया का आत्मविश्वास

भारतीय क्रिकेट टीम को रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में 76 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद टीम इंडिया के लिए प्लेइंग इलेवन की राह मुश्किल हो गई है।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा है कि भारतीय टीम इस हार से उबरेगी और जल्द वापसी करेगी।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सैकिया ने लिखा, "कल शाम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच हार गए, लेकिन जल्द वापसी करेंगे।"

बीसीसीआई सचिव के इस पोस्ट से निश्चित रूप से भारतीय खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा।

भारतीय टीम को सुपर-8 में जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ दो और मैच खेलने हैं। टीम इंडिया को अगर सेमीफाइनल में जगह बनानी है, तो किसी भी कीमत पर इन दोनों मैचों में बड़ी जीत हासिल करनी होगी। जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ जीत हासिल करना इतना आसान भी नहीं है। ग्रुप स्टेज में दोनों टीमें अजेय रही हैं।

टी20 वर्ल्ड कप: 13 साल बाद वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे होंगी आमने-सामने, ऐसा रहा है रिकॉर्ड

टी20 विश्व कप 2026 में सोमवार को सुपर-8 का मुकाबला वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई में वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के बीच खेला जाएगा। मैच शाम 7 बजे से खेला जाएगा।

वेस्टइंडीज की टीम टी20 फॉर्मेट की तगड़ी टीम मानी जाती है। 2 बार विश्व कप जीत चुकी वेस्टइंडीज ग्रुप स्टेज में शीर्ष स्थान पर रहते हुए सुपर-8 में पहुंची है। वहीं, जिम्बाब्वे ने भी इस विश्व कप में अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया है और ऑस्ट्रेलिया के साथ सह-मेजबान श्रीलंका को मात देते हुए अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान पर रहते हुए सुपर-8 में पहुंची है।

वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे की टीम बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में बेहतर संतुलित और सटीक दिखी है। ऐसे में सोमवार की शाम को एक बेहद रोमांचक मुकाबला होने की उम्मीद है।

वानखेड़े की पिच बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग मानी जाती है। पिच पर बाउंस सही होता है और गेंद बल्ले पर आसानी से आती है। तेज गेंदबाजों को नई गेंद से स्विंग और सीम मिल सकती है। पारी बढ़ने के साथ ही हालात आसान हो जाते हैं।

मैच के दौरान मौसम सामान्य रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है।


'मुझे क्या बना दिया है, अल्लाह माफ करे', मोहम्मद आमिर को ऐसा क्यों कहना पड़ा?

भारतीय क्रिकेट टीम को टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 76 रन से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद टीम इंडिया के लिए सेमीफाइनल में जगह बनाना मुश्किल हो गया है। भारत की हार के बाद पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर एक बार फिर से चर्चा में आ गए हैं।

भारत-दक्षिण अफ्रीका मैच से पहले ही मोहम्मद आमिर ने एक टीवी शो पर कहा था कि भारतीय टीम विश्व कप के सेमीफाइनल में नहीं पहुंचेगी। हार के बाद टीम इंडिया के लिए सेमीफाइनल मुश्किल हो भी गया है। इसलिए मैच के बाद आमिर जब टीवी शो में पहुंचे तो उन्हें एंकर ने 'ज्योतिषी' कहा। आमिर अपने लिए यह संबोधन सुनकर काफी हंसे।

एंकर ने कहा, "जो काम हमारी पाकिस्तानी टीम नहीं कर पा रही है, वह हमारे विशेषज्ञ लाहौर स्टूडियों में बैठकर कर रहे हैं। आमिर आप ज्योतिषी हैं।"

एंकर के बयान के बाद आमिर ने हंसते हुए कहा, "मुझे क्या बना दिया है? अल्लाह माफ करे।"

बता दें कि मोहम्मद आमिर ने सबसे पहले अभिषेक शर्मा को पहले स्लॉगर कहा था और फिर टीम इंडिया के सेमीफाइनल में नहीं पहुंचने की भविष्यवाणी की थी।

इन दोनों बयानों के बाद मोहम्मद आमिर को सोशल मीडिया पर भारतीय क्रिकेट फैंस से ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia