युवराज सिंह की नई पारी की शुरुआत, आईपीएल 2027 के लिए बने दिल्ली कैपिटल्स के सहायक और बल्लेबाजी कोच
इस नियुक्ति के साथ युवराज की दिल्ली फ्रेंचाइजी में वापसी भी हो रही है। 2015 में फ्रेंचाइजी (तब दिल्ली डेयरडेविल्स) ने उन्हें रिकॉर्ड 16 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था, जिससे वह उस समय आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए थे।

युवराज दिल्ली कैपिटल्स के सहायक और बल्लेबाजी कोच होंगे
एक हफ्ते पहले दिल्ली ने सौरव गांगुली को मुख्य कोच बनाया था
नियुक्ति के साथ युवराज की दिल्ली फ्रेंचाइजी में वापसी भी होगी
2015 में दिल्ली ने उन्हें रिकॉर्ड 16 करोड़ रुपये में टीम में लिया था
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व हरफनमौला खिलाड़ी युवराज सिंह की नई पारी की शुरुआत होने वाली है। युवराज को मंगलवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 2027 सत्र से पहले दिल्ली कैपिटल्स का सहायक और बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया गया है। यह घोषणा दिल्ली कैपिटल्स के द्वारा भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को अपना मुख्य कोच बनाए जाने के एक सप्ताह के बाद की गई है।
दिल्ली कैपिटल्स ने युवराज की नियुक्ति की घोषणा की
दिल्ली कैपिटल्स ने मंगलवार को युवराज की नियुक्ति की घोषणा की। 304 वनडे, 40 टेस्ट और 58 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने वाले और कई बार वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे 44 वर्षीय युवराज ने हाल के वर्षों में शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा और प्रभसिमरन सिंह समेत कई स्थापित और उभरते हुए भारतीय खिलाड़ियों को मेंटर किया है। यह उनकी पहली औपचारिक कोचिंग भूमिका है और युवराज दिल्ली कैपिटल्स के साथ आईपीएल में कोचिंग की शुरुआत करने जा रहे हैं।
इस नियुक्ति के साथ युवराज की दिल्ली फ्रेंचाइजी में वापसी भी हो रही है। 2015 में फ्रेंचाइजी (तब दिल्ली डेयरडेविल्स) ने उन्हें रिकॉर्ड 16 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था, जिससे वह उस समय आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए थे। उन्होंने उस सीजन में टीम के लिए सभी 14 मैच खेले थे और कई रिकॉर्ड भी कायम किए थे।
युवराज नई भूमिका को लेकर उत्साहित
अपनी नई भूमिका के बारे में बात करते हुए युवराज ने कहा, "मैं दिल्ली कैपिटल्स के साथ अपने जीवन का एक नया अध्याय शुरू करने के लिए उत्साहित हूं। फ्रेंचाइजी के साथ मेरा पुराना जुड़ाव है और मैं मालिकों को अच्छी तरह से जानता हूं, इसलिए यह मेरे लिए एक खास मौका है। मैं सौरव गांगुली के साथ फिर से काम करने के लिए भी उत्सुक हूं, इस बार कोच के तौर पर। कोचिंग के प्रति मेरा बहुत लगाव है और मैं इस बेहद प्रतिभाशाली टीम के साथ काम शुरू करने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। मुझे यकीन है कि यह मेरे लिए एक रोमांचक सफर होगा और मैं टीम की सफलता में योगदान देने के लिए उत्सुक हूं।"
दिल्ली कैपिटल्स युवराज को लेकर उत्साहित
इस नियुक्ति पर बात करते हुए दिल्ली कैपिटल्स के चेयरमैन और को-ओनर और जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स के फाउंडर पार्थ जिंदल ने कहा, "हम दिल्ली कैपिटल्स परिवार में युवराज सिंह का स्वागत करते हुए बहुत उत्साहित हैं। युवराज भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े मैच-विनर्स में से एक हैं और उन्होंने आज भारतीय क्रिकेट के कई बेहतरीन युवा टैलेंट को मेंटर करने में अहम भूमिका निभाई है। उनका अनुभव, जीतने की सोच और खिलाड़ियों के साथ जुड़ने की क्षमता हमारी टीम के लिए बहुत कीमती होगी।"
उन्होंने आगे कहा, "हम उन्हें उनके पहले औपचारिक कोचिंग रोल के लिए शुभकामनाएं देते हैं, और हम साथ मिलकर इस नए अध्याय की शुरुआत करने के लिए उत्साहित हैं। फ्रेंचाइजी में उनकी वापसी कैपिटल्स से जुड़े सभी लोगों के लिए एक खास पल है, और हम उन्हें आगे सौरव गांगुली और बाकी स्टाफ के साथ काम करते हुए देखने के लिए उत्सुक हैं।"
दिल्ली कैपिटल्स को पहले आईपीएल खिताब का इंतजार
गौरतलब है कि दिल्ली कैपिटल्स को अब भी अपने पहले आईपीएल खिताब का इंतजार है। टीम ने 2020 में केवल एक बार टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन खिताब जीतने में नाकाम रही। पिछले दो सत्रों में भी टीम प्लेऑफ में पहुंचने में सफल नहीं हो सकी। दिल्ली कैपिटल्स का संयुक्त स्वामित्व जीएमआर समूह और जेएसडब्ल्यू समूह के पास है। दोनों समूह दो-दो साल के चक्र में बारी-बारी से फ्रेंचाइजी के संचालन की जिम्मेदारी संभालते हैं। वर्ष 2026 में जीएमआर समूह का प्रबंधन कार्यकाल समाप्त हो गया।
