नवजीवन बुलेटिन: अहमद पटेल के निधन से राजनीतिक गलियारों में शोक, सोनिया गांधी बोलीं- मैंने एक सहयोगी खो दिया

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल का कोरोना के चलते निधन हो गया है। अहमद पटेल के निधन पर सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह, राहुल और प्रियंका गांधी ने शोक व्यक्त किया और तूफान निवार आज शाम को तमिलनाडु के तट से टकराएगा। जिसे लेकर एनडीआरएफ की कई टीमों को अलर्ट पर रखा गया है।

user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल का निधन हो गया है। अहमद पटेल एक महीना पहले कोरोना से संक्रमित हुए थे। इसके बाद उनका इलाज चल रहा था। अहमद पटेल के बेटे फैजल पटेल ने ट्वीट कर जानकारी दी। अहमद पटेल का गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा था। अहमद पटेल के निधन पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने दुख जताया है। सोनिया गांधी ने कहा, 'अहमद पटेल के रूप में मैंने एक सहयोगी को खो दिया है, जिसका पूरा जीवन कांग्रेस को समर्पित था। मैं एक अपरिवर्तनीय कामरेड, एक वफादार सहयोगी और एक दोस्त खो चुकी हूं। उनके शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी पूरी सहानुभूति है। पूर्व पीएम और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनमोहन सिंह ने पार्टी के सहयोगी अहमद पटेल के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि “यह कांग्रेस के लिए अपूरणीय क्षति है।” वहीं राहुल गांधी ने अहमद पटेल के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि अहमद पटेल कांग्रेस पार्टी के स्तंभ थे। उन्होंने पूरा जीवन कांग्रेस की विचारधारा के साथ जिया। राहुल गांधी ने अहमद पटेल के परिवार के साथ संवेदना व्यक्त की है। वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी अहमद पटेल को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने ट्वीट के जरिए लिखा कि, "अहमद जी न सिर्फ एक बुद्धिमान और अनुभवी साथी थे, जिनसे मैं हमेशा सलाह लेती थी, बल्कि वह एक ऐसे दोस्त थे जो हमेशा आपको भरोसा दिलाते थे। उनके निधन से एक बड़ा शून्य पैदा हुआ है।"

गुवाहाटी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की। राहुल गांधी ने बताया, "वो हर पल असम और वहां के लोगों की बात करते थे। जब भी उनसे बात करो तो ऐसा लगता था कि आप एक व्यक्ति से नहीं असम से बात कर रहे हैं।" आपको बता दें, असम में पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई का 86 वर्ष की आयु में सोमवार शाम निधन हो गया। गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज में 23 नवंबर को शाम करीब 5:34 बजे गोगोई का निधन हुआ। असम के तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके 86 साल के गोगोई को दो नवंबर को जीएमसीएच में भर्ती कराया गया था। शनिवार को तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें शनिवार को वेंटिलेटर पर रखा गया था। गोगोई 25 अगस्त को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे। 25 अक्टूबर को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।

तूफान निवार आज शाम को तमिलनाडु के कराईकाल और महाबलीपुरम के बीच टकराने वाला है। 100 से लेकर 130 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से हवा चलने की आशंका है। इससे पहले तटीय इलाकों से लोगों को निकालने का काम जारी है। आपको बता दें इस समय तमिलनाडु और पुडुचेरी में भारी बारिश हो रही है। निवार तूफान को देखते हुए तमिलनाडु में आज अवकाश घोषित किया गया है और पुददुचेरी में तो गुरुवार तक के लिए छुट्टी का एलान किया गया है। तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पुद्दुचेरी में एनडीआरएफ की टीमों की तैनाती की गई है। तमिलनाडु में 12, पुद्दुचेरी में तीन और आंध्र प्रदेश में सात एनडीआरएफ की टीमों से लैस कर दिया गया है।

कोरोना के दैनिक मामलों में गिरावट और वृद्धि का सिलसिला जारी है। मंगलवार को दैनिक मामलों में गिरावट के बाद आज एक बार फिर इसमें बढ़ोतरी हुई है। पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 44,376 नए मामले रिपोर्ट किए गए हैं। वहीं, मंगलवार को 37,975 मामले सामने आए थे। देश में वायरस से संक्रमित होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 92 लाख को पार कर गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 44,376 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान वायरस के कारण जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 481 रही। देश में अब तक कुल 92,22,217 लोग कोरोना संक्रमित हुए हैं।  मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमणमुक्त होने वाले मरीजों की संख्या 86 लाख को पार कर गई है। पिछले 24 घंटे में 37,816 मरीजों ने वायरस को मात दी है और अस्पताल से इलाज के बाद घर लौटे हैं। इस तरह संक्रमणमुक्त होने वाले मरीजों की कुल संख्या 86,42,771 हो गई है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */