नवजीवन बुलेटिन: विपक्ष के आगे झुकी सरकार! राहुल-प्रियंका को हाथरस जाने की दी इजाजत और अजय लल्लू को किया गया नजरबंद

कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत 5 लोगों को हाथरस जाने की अनुमति मिल गई है, इन सबको DND में कुछ देर के लिए रोका भी गया था और यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को उनके घर में नजर बंद कर दिया गया है।

user

नवजीवन डेस्क

हाथरस गैंगरेप पीड़िता के परिवार से मिलने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी हाथरस के लिए रवाना हो गए हैं। कुछ देर के लिए राहुल-प्रियंका समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं को डीएनडी पर रोक लिया गया था, लेकिन बाद में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी समेत 5 लोगों को हाथरस जाने की अनुमति मिल गई है। इससे पहले राहुल गांधी द्वारा हाथरस जाने के ऐलान के चलते यूपी सरकार और पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ गई थी। यही वजह है कि दिल्ली को नोएडा से जोड़ने वाले डीएनडी फ्लाईओवर को बंद कर वहां पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। राहुल गांधी-प्रियंका गांधी समेत सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने डीएनडी पर रोक लिया गया था लेकिन बाद में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत 5 लोगों को हाथरस जाने की इजाजत दे दी गई है।

उत्तर प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को उनके लखनऊ स्थित बहुखंडी आवास में नजर बंद किया गया। शुक्रवार देर रात ही उनके घर के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। उन्हें कहीं भी जाने नहीं दिया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि उनकी सुरक्षा के लिए ये कदम उठाया गया है। एएनआई को दिए बयान में लल्लू ने बताया कि मुझे घर में नजरबंद कर दिया गया है। आखिर ये सरकार क्या छुपाना चाहती है? प्रदेश में महिलाएं असुरक्षित हैं। कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अब सरकार विरोध की आवाज भी दबाना चाहती है। दरअसल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हाथरस जा रहे थे जिसे देखते हुए प्रशासन ने उन्हें नजर बंद कर दिया है।

अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की हत्या नहीं हुई थी। यह आत्महत्या का मामला है। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के डॉक्टरों के एक पैनल ने सीबीआई को अपनी राय देते हुए ये बात कही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पैनल ने अभिनेता के परिवार और उनके वकीलों की थ्योरी को खारिज कर दिया है कि उन्हें जहर दिया गया था और गला दबाकर मारा गया था। आपको बता दें, 34 वर्षीय फिल्म स्टार 14 जून को अपने मुंबई स्थित अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे। मुंबई पुलिस ने शव परीक्षण के आधार पर इसे आत्महत्या का मामला करार दिया था लेकिन सोशल मीडिया पर लगे आरोपों, सुशांत को न्याय दिलाने के लिए चलाए गए अभियानों और राजपूत परिवार के संदेह के आरोपों के बाद ये मामला सीबीआई को सौंप दिया गया।

सुशांत सिंह राजपूत केस में ड्रग्स एंगल सामने आने के बाद धर्मा प्रोडक्शन के पूर्व कार्यकारी निर्माता क्षितिज रवि प्रसाद को एनसीबी ने गिरफ्तार किया था। अब क्षितिज को छह अक्तूबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। विशेष एनडीपीएस कोर्ट ने यह फैसला सुनाया है। क्षितिज पर ड्रग्स का सेवन करने और लेन देन के आरोप हैं। एनसीबी के सूत्रों के मुताबिक क्षितिज रवि प्रसाद के घर पर छापे के दौरान गांजा मिला था। गिरफ्तार किए गए ड्रग्स पैडलर अनुज केशवानी ने क्षितिज प्रसाद के नाम का खुलासा किया था। उन पर ड्रग पेडलर से ड्रग्स खरीदने का आरोप है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */