नवजीवन बुलेटिन: PM मोदी, राहुल, प्रियंका ने देशवासियों को दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं, कोरोना वॉरियर्स को किया सलाम

दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश भारत आज अपना 74वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराया। वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और कोरोना वॉरियर्स की सराहना की।

user

नवजीवन डेस्क

दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश भारत आज अपना 74वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से आज सातवीं बार स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने देश को संबोधित किया है। उन्होंने अपने भाषण में सबसे पहले देश के वीर जवानों को नमन करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी ने कहा कि कोरोना के इस असाधारण समय में, 'सेवा परमो धर्म:' की भावना के साथ, अपने जीवन की परवाह किए बिना हमारे डॉक्टर्स, नर्से, पैरामेडिकल स्टाफ, एंबुलेंस कर्मी, सफाई कर्मचारी, पुलिसकर्मी, सेवाकर्मी, अनेको लोग, चौबीसों घंटे लगातार काम कर रहे हैं। मैं अपना आभार उनके लिए प्रकट करता हूं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी और पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ लड़ाई में शामिल स्वास्थ्यकर्मियों एवं अन्य लोगों की सराहना की। राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू के एक कथन का हवाला देते हुए स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ जवाहरलाल नेहरू ने कहा था: सर्वविनाश ही, सह-अस्तित्व का एकमात्र विकल्प है। स्वतंत्रता दिवस पर सभी को शुभकामनाएं।’’ वहीं प्रियंका गांधी ने कहा, ‘‘ जान की कीमत चुकाकर, लम्बे संघर्ष के बाद भारत को आज़ादी मिली। करोड़ों हिंदुस्तानी एक होकर सत्य के लिए लड़े और जीते। जान की बाजी लगाकर हमें अपनी आजादी की रक्षा करनी है।’’ उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर मोर्चे पर डटे जवानों, स्वास्थ्यकर्मियों, सफाईकर्मियों, किसानों और मजदूरों को नमन।’’

स्‍वतंत्रता दिवस पर अटारी वाघा बॉर्डर पर भी जोश और जुनून दिखा। सीमा सुरक्षा बल और भारत-तिब्‍बत सीमा पुलिस की ओर से समारोह का आयोजन किया गया और ध्‍वजारोहण किया गया। बीएसएफ के महानिदेशक और ITBP के प्रमुख एसएस देसवाल ने अटारी वाघा बॉर्डर पर राष्‍ट्रीय ध्‍वज फहराया। इस मौके पर आम लोग तो मौजूद नहीं थे, लेकिन बॉर्डर पर पूरा जोश व जुनून नजर आया। बीएसएफ और आइटीबीपी के जवानों ने शानदार परेड की। बीएसएफ के महानिदेशक एसएस देसवाल ने राष्‍ट्रीय ध्‍वज फहराया और तिरंगे का सलामी दी।

भारत में कोरोना वायरस संक्रमण की रफ्तार कम नहीं हो रही है। देश में अब तक 25 लाख से ज्यादा मामले सामने आ गए हैं और 49 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में 65,002 मामले सामने आए हैं और 996 लोगों की मौत हो गई है। इस दौरान आठ लाख 68 हजार 679 सैंपल टेस्ट हुए। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में अब तक कोरोना के 25 लाख 26 हजार 193 मामले सामने आ गए हैं। इनमें से छह लाख 68 हजार 220 एक्टिव केस है। 18 लाख आठ हजार 937 मरीज ठीक हो गए हैं और 49,036 लोगों की मौत हो गई है। रिकवरी रेट 71.61 फीसद और मृत्यु दर 1.94 फीसद है। अब तक दो करोड़ 85 लाख 63 हजार 095 सैंपल टेस्ट हुए हैं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */