वीडियो: ‘महिलाओं को नहीं, अपराधियों को सजा दीजिए’, राहुल गांधी ने रेप की घटनाओं को लेकर सरकार को घेरा
राहुल गांधी ने कहा कि महिलाओं को परेशान करना बंद करें। उन्हें अकेला छोड़ दें। अपराध करने वालों को सज़ा देना शुरू करें। अपराध करने वालों की सोच बदलना शुरू करें।

राहुल गांधी ने कहा कि रेप या हमले के लिए महिला नहीं, बल्कि अपराधी जिम्मेदार है।
राहल गांधी ने महिलाओं को पार्क या सार्वजनिक जगहों पर जाने से रोकने की सलाह पर सवाल उठाया और इसे गलत प्रतिक्रिया बताया।
अपराधियों को तेजी से सजा देने के साथ महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने वाली मानसिकता को बदलने की जरूरत है- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने महिलाओं की सुरक्षा की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों, युवाओं और अन्य लोगों के समर्थन की बात कही।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने देश में महिलाओं के खिलाफ हो रही यौन हिंसा की घटनाओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि महिलाओं को उनके साथ हुए अपराध के लिए जिम्मेदार ठहराने के बजाय अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में लिखा, “महिलाओं को उन अपराधों के लिए सजा देना बंद कीजिए, जो उनके खिलाफ किए गए हैं।” उन्होंने कहा कि देशभर में महिलाएं सड़कों पर निकलने, छेड़छाड़ और रेप की घटनाओं को लेकर डरी हुई हैं, जबकि सरकार की ओर से उन्हें घर में रहने की सलाह दी जा रही है।
उन्होंने लिखा कि यह ऐसी व्यवस्था है, जिसमें पीड़िता को ही दोषी ठहराया जाता है और अपराधी को बचाया जाता है। राहुल गांधी ने कहा कि समाधान महिलाओं को घरों में बंद करना नहीं, बल्कि सड़कों को सुरक्षित बनाना, महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने वाली मानसिकता का सामना करना और अपराधियों को तेजी से सजा दिलाना है।
‘महिलाओं को नहीं, अपराधियों को सजा दीजिए’
राहुल गांधी ने एक वीडियो भी जारी किया है जिसमें उन्होंने कहा कि किसी महिला का किसी हमले से कोई लेना-देना नहीं है। रेप से महिला का कोई लेना-देना नहीं है। अपराध करने वाला ही अपराधी है। कृपया अपराधी को सजा दीजिए और महिलाओं को अकेला छोड़ दीजिए। उन्होंने दिल्ली के LSR के पास एक पार्क में महिला के साथ रेप की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि घटना के बाद महिलाओं को रात में पार्क में जाने से रोकने की बात करना गलत प्रतिक्रिया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को दंडित या उनकी जीवनशैली को सीमित करने के बजाय अपराध करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
मैं अपराध का विरोध करने वालों के साथ हूं- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने बिहार, उत्तर प्रदेश, पंजाब और दिल्ली में महिलाओं एवं नाबालिगों के साथ हुई रेप की घटनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं के बाद महिलाओं की गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाने के बजाय अपराधियों को सजा देने और महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने वाली मानसिकता को बदलने की जरूरत है।
राहुल गांधी ने कहा कि महिलाओं को परेशान करना बंद करें। उन्हें अकेला छोड़ दें। अपराध करने वालों को सज़ा देना शुरू करें। अपराध करने वालों की सोच बदलना शुरू करें। महिलाओं के साथ बुरा बर्ताव करने वाले पुरुषों की सोच बदलना शुरू करें। और जो भी महिला या पुरुष इन अपराधों का विरोध कर रहे हैं, मैं उनके साथ खड़ा हूँ, उनका समर्थन करता हूँ। यह बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
