रोहतक: डिटेन करने पहुंचे पुलिसवालों को ही ग्रामीणों ने बना लिया बंधक, कहा- 166 के जवाब में हमने लगा दी धारा 333
वीडियो में शख्स पुलिस से कार्रवाई का आधार स्पष्ट करने की मांग करता है। वह कहता है कि जब तक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर यह नहीं बताते कि ग्रामीणों को हिरासत में लेने के लिए पुलिस क्यों आई थी, तबतक इन पुलिसवालों को बंधक बनाया जाएगा।

दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को लेकर जंतर-मंतर की ओर लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कई लोगों को हिरासत में लिए जाने की खबरें हैं, वहीं कई रास्तों पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर आवाजाही प्रतिबंधित कर दी है। कुछ मेट्रो सेवाओं पर भी पाबंदियों की जानकारी सामने आई है।
इस बीच, दिल्ली से सटे हरियाणा के रोहतक जिले के कबूलपुर गांव से एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में ग्रामीणों और पुलिस के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। दावा किया जा रहा है कि दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन में ग्रामीणों को शामिल होने से रोकने के लिए पुलिस उन्हें हिरासत में लेने गांव पहुंची थी। हालांकि, पुलिस का दाव यहां उलटा पड़ गया। यहां गांव वालों ने ही पुलिसकर्मी को बंधक बना लिया।
ग्रामीणों को हिरासत में लेने पहुंची पुलिस, गांववालों ने बना लिया बंधक
सामने आए वीडियो में एक शख्स पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाता नजर आ रहा है। वह कहता है कि दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ मार्च निकाला जा रहा है, न कि सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जा रहा है। उसका आरोप है कि इसी प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने के लिए रोहतक पुलिस सुबह-सुबह उसे और अन्य ग्रामीणों को हिरासत में लेने पहुंची।
वीडियो में शख्स पुलिसकर्मियों से पूछता है कि वे किस नोटिस के आधार पर कार्रवाई करने आए हैं और किस आधार पर संबंधित कानूनी धाराओं का हवाला दिया जा रहा है। इस दौरान पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों के बीच बहस होती दिखाई देती है। गांववालों ने कहा कि जबतक ये जवाब नहीं मिलेगा कि ये आए क्यों थे यहां तब तक इन्हें बंधक बनाया जाएगा।
ग्रामिणों ने कहा कि पुलिस वाले 166 धारा की बात कर रही थी अब गांव वालों ने पुलिसवालों पर ही 333 की धारा लगा दी और उन्हें बंधकर बना लिया।
पुलिस की कार्रवाई पर ग्रामीण ने उठाए सवाल
वीडियो में शख्स पुलिस से कार्रवाई का आधार स्पष्ट करने की मांग करता है। वह कहता है कि जब तक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर यह नहीं बताते कि ग्रामीणों को हिरासत में लेने के लिए पुलिस क्यों आई थी, तबतक इन पुलिसवालों को बंधक बनाया जाएगा।
शख्स ने वीडियो में बीजेपी सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि वे इस कार्रवाई का सामना करेंगे। उसका आरोप है कि प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने के लिए ग्रामीणों पर दबाव बनाया जा रहा है।
CJP के प्रदर्शन को लेकर दिल्ली में सुरक्षा इंतजाम सख्त हैं। वहीं, रोहतक के कबूलपुर गांव से सामने आए इस वीडियो ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए की जा रही कथित कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
