नवजीवन बुलेटिन: बिहार की नई सरकार में होंगे दो डिप्टी सीएम और यूपी-हिमाचल सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत

बिहार की नई सरकार में दो उप मुख्यमंत्री होंगे।एनडीए ने सर्वसम्मति से रेणु देवी और तारकिशोर प्रसाद को उपमुख्यमंत्री बनाने का निर्णया लिया है और उत्तर प्रदेश-हिमाचल प्रदेश में हुए सड़क हादसे में कुल 13 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

user

नवजीवन डेस्क

बिहार की नई सरकार में दो उप मुख्यमंत्री होंगे।एनडीए ने सर्वसम्मति से रेणु देवी और तारकिशोर प्रसाद को उपमुख्यमंत्री बनाने का निर्णया लिया है। सीएम नीतीश कुमार के साथ ही ये दोनों भी शपथ ग्रहण करेंगे।आपको बता दें, लागातार चौथी बार विधायक बनने के बाद रेणु देवी को इनाम मिला है। आपको बता दें, नीतीश कुमार आज शाम 4.30 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। माना जा रहा है कि मंत्री पद तय करने के लिए हर सात सीट पर दो मंत्री का गणित निकाला गया है। जिसके तहत आज करीब 16 मंत्री शपथ ले सकते हैं. इनमें 7 BJP, 7 JDU, 1 HAM और 1 VIP के कोटे से मंत्री बन सकते हैं।

उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में सड़क हादसे से कोहराम मच गया है। सोमवार को एक कार बेकाबू होकर पलट गई। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक राम अभिलाष त्रिपाठी ने बताया कि सिद्धार्थनगर के मधुबेनिया कस्बे के पास एक कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। वहीं, हिमाचल प्रदेश के मंडी में भी भीषण सड़क हादसा हुआ है। पिकअप के नदी में गिरने से 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। हादसे में पिकअप का ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि यह हादसा चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर मंडी के पास हुआ।

केदारनाथ धाम में कपाट बंद होने से पहले जोरदार बर्फबारी हुई। बर्फबारी से केदारनगरी सफेद हो गई। बर्फबारी से धाम में ठंड बढ़ गई है। केदार और बदरी धाम में ही नहीं गांगोत्री धाम में भारी बर्फ बारी हुई। यहां धाम के कपाट बंद होते ही अचानक मौसम बदला और बर्फबारी शुरू हो गई जिससे समूची गंगा घाटी बर्फ से सफेद हो गयी। मौसम के अचानक करवट बदल लेने से ठंड का अहसास होने लगा है। भाबर और पहाड़ में रविवार सुबह से बादल छाए रहे। शाम को बूंदाबांदी होने से ठंड में इजाफा हो गया। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार सोमवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़, टिहरी, देहरादून और अल्मोड़ा में तीन हजार मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाली जगहों में हल्की बारिश या बर्फ गिरने की संभावना है। 

भारत में चार महीने बाद कोरोना संक्रमितों की संख्या में गिरावट देखी गई है। देश में पिछले 24 घंटे में 30,548 नए संक्रमित मरीज आए। इससे पहले 15 जुलाई को 29,429 नए मामले दर्ज किए गए थे। अच्छी बात ये है कि बीते दिन नए संक्रमितों की संख्या से 40 फीसदी ज्यादा यानी कि 43,851 मरीज कोरोना से ठीक भी हुए हैं। वहीं 435 लोग कोरोना से जिंदगी की जंग हार गए। कोरोना मामले बढ़ने की ये संख्या दुनिया में अमेरिका और इटली के बाद सबसे ज्यादा है। वहीं मौत की संख्या दुनिया में पांचवे नंबर पर है। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, भारत में कोरोना के कुल मामले बढ़कर 88 लाख 45 हजार हो गई हैं, वहीं अब तक एक लाख 30 हजार 70 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। कुल एक्टिव केस घटकर चार लाख 65 हजार पर आ गई है। पिछले 24 घंटे में एक्टिव केस की संख्या में 13,738 की गिरावट आई है। अब तक कुल 82 लाख 49 हजार लोग कोरोना को मात देकर ठीक हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे में 43,851 मरीज कोरोना से ठीक हुए

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia