नवजीवन बुलेटिन: बलिया हत्याकांड को लेकर डैमेज कंट्रोल में जुटी BJP! और मुख्य आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत

बलिया हत्याकांड के मुख्य आरोपी का समर्थन करने वाले पार्टी विधायक सुरेंद्र सिंह को बीजेपी ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है और बलिया गोलीकांड के मुख्य आरोपी धीरेंद्र प्रताप सिंह को डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

user

नवजीवन डेस्क

बलिया हत्याकांड को लेकर बीजेपी डैमेज कंट्रोल में जुट गई है। मुख्य आरोपी का समर्थन करने वाले पार्टी विधायक सुरेंद्र सिंह को बीजेपी ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। खबरों के मुताबिक, विधायक सुरेंद्र सिंह के बयानों से पार्टी हाईकमान नाराज है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को फोन करके विधायक के बयान पर आपत्ति दर्ज करवाई । फोन करके जेपी नड्डा ने स्वतंत्र देव सिंह से कहा - इस बात को सुनिश्चित किया जाए कि विधायक बलिया कांड की जांच में किसी प्रकार की दखल न दें। बता दें कि विधायक सुरेंद्र सिंह ने गोलीकांड के मुख्य आरोपी धीरेंद्र प्रताप सिंह के पक्ष में बयान दिया कि उसने आत्मरक्षा में गोलियां चलाई।

बलिया गोलीकांड के मुख्य आरोपी धीरेंद्र प्रताप सिंह को डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आपको बता दें, एसटीएफ ने धीरेंद्र को लखनऊ से गिरफ्तार करने के बाद बलिया पुलिस को सौंप दिया गया था। सोमवार सुबह पुलिस ने गोलीकांड के मुख्य आरोपी का जिला अस्पताल में मेडिकल टेस्ट कराया, इसके बाद जिला अदालत में उसकी पेशी हुई। कोर्ट ने धीरेंद्र को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। न्यायिक हिरासत समाप्त होने के बाद पुलिस धीरेंद्र को रिमांड पर ले सकती है। फिलहाल उसे बलिया जेल में शिफ्ट कर दिया गया है।

दक्षिण कश्मीर का जिला पुलवामा एक बार फिर आतंकियों के निशाने पर आ गया है। यहां सुरक्षाबलों के संयुक्त दल पर आतंकी हमले की खबर सामने आई है। इस हमले में केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल का एक जवान घायल हो गया। जानकारी के अनुसार सुरक्षाबलों ने इस ​हमले के बाद इलाके को घेर लिया है। वहीं इससे एक दिन पहले आतंकवादियों द्वारा किए गए ग्रेनेड हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का एक सहायक उपनिरीक्षक और एक नागरिक घायल हो गया था।

भारत में बीते कुछ दिनों से कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में तेजी से कमी हो रही है। यही वजह है कि देश में एक्टिव मामलों की संख्या अब करीब 7 लाख 72 हजार रह गयी है। बीते 24 घण्टे में देश में कोरोना वायरस के 55 हजार से ज्यादा मामले दर्ज किया गए हैं। जबकि, एक दिन में 579 लोगों की मौत हुई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटे में देश में कोरोना वायरस के 55,722 नए मामले आये हैं। वहीं 579 लोगों की मौत हुई है। इसी के साथ देश में अब कुल कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 75,50,273 हो गयी है। जिनमें 7,72,055 मामले एक्टिव हैं। जबकि, 66,33,308 मरीज कोरोना वायरस से ठीक हो गए हैं। वहीं एक दिन में 66,339 मरीज ठीक हुए हैं। वहीं, कोरोना के चलते अब तक देश में 1,14,610 लोगों की मौत हो चुकी है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia