वीडियो: सोनिया गांधी की किताब में क्या रह गया अधूरा? राहुल-प्रियंका ने मां के साथ बातचीत कर उन्हीं पुरानी यादों को किया ताजा
राहुल गांधी ने वीडियो शेयर कर कहा कि, इन पुरानी यादों को फिर से याद करने के दौरान परिवार ने उस समय की खुशियों, हंसी और दर्द को एक बार फिर महसूस किया।
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' हाल ही में लॉन्च हुई है। इस किताब में सोनिया गांधी ने अपनी निजी जिंदगी से लेकर राजनीति तक के सफर से जुड़े कई अनुभव साझा किए हैं। हालांकि, किताब के 500 से अधिक पन्नों में भी कुछ ऐसी बातें रह गई हैं, जिनका जिक्र उन्होंने नहीं किया है।
अब राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी के साथ बैठकर इन्हीं अनकही बातों और पुरानी यादों पर चर्चा की है। इस बातचीत का एक वीडियो राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर साझा किया है। वीडियो शेयर करते हुए राहुल गांधी ने अपने बचपन और परिवार से जुड़ी कुछ अहम यादों का जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि जिस तरह से योजना बनाई गई थी, चीजें वैसी नहीं हुईं और उनका सातवां जन्मदिन भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा।
राहुल गांधी ने 2004 में लिए गए एक फैसले का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस फैसले से परिवार के कुछ लोगों को राहत मिली, जबकि कुछ अन्य लोगों के लिए यह खुशी का कारण बना। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पापा की सुरक्षा वापस लेने के पीछे भी एक खास मंशा थी। राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा कि 500 से अधिक पन्नों की किताब लिखने के बाद भी कुछ ऐसी बातें हैं, जिन्हें मां ने अपनी किताब में शामिल नहीं किया है। इन्हीं पहलुओं पर राहुल और प्रियंका गांधी ने सोनिया गांधी के साथ बैठकर बातचीत की।
राहुल गांधी ने कहा कि, इन पुरानी यादों को फिर से याद करने के दौरान परिवार ने उस समय की खुशियों, हंसी और दर्द को एक बार फिर महसूस किया। उन्होंने अपनी मां की किताब का जिक्र करते हुए लिखा कि सोनिया गांधी का जीवन अपार प्रेम और भीषण त्रासदियों से भरा रहा है। उन्होंने जीवन में आई हर परिस्थिति का सामना गरिमा और साहस के साथ किया है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
