दिल्ली विश्वविद्यालय पर छात्रों का गंभीर आरोप! कहा- लॉ फैकेल्टी ने 400 से ज्यादा छात्रों को शून्य अंक देकर किया फेल

छात्रों का कहना है कि दिल्ली विश्वविद्यालय के विधि संकाय में 400 से अधिक छात्रों को शून्य अंक देकर फेल कर दिया गया था। हालांकि अब प्रदर्शनकारी छात्र विश्वविद्यालय के आश्वासन के उपरांत नतीजों में बदलाव की उम्मीद कर रहे हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों ने लॉ फैकेल्टी के परीक्षा परिणामों में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। दिल्ली विश्वविद्यालय की लॉ फैकेल्टी में 400 से अधिक छात्रों को शून्य अंक देकर फेल कर दिया गया। इसके खिलाफ शुक्रवार को बड़ी संख्या में छात्रों ने लॉ फैकेल्टी के बाहर अपना विरोध दर्ज किया। छात्रों का कहना है कि विरोध प्रदर्शन के बाद लॉ फैकेल्टी ने अपनी गलती मानते हुए इसमें सुधार करने की बात कही है।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने शुक्रवार को लॉ फैकेल्टी के रिजल्ट में आई गड़बड़ी को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। जिसके बाद विश्विद्यालय प्रशासन ने सूचना जारी कर परिणामों की गड़बड़ी को जल्द से जल्द सुधारने की बात कही।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के मुताबिक कुछ दिन पहले लॉ फैकेल्टी के विद्यार्थियों के परीक्षाओं का परिणाम आया था। इसमें बहुत सारे विद्यार्थियों के अंकपत्र में 0 अंक या अनुपस्थित दिखा कर अनुत्तीर्ण कर दिया गया था। जिसके बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने एक गूगल फॉर्म कर छात्रों की राय ली थी। इस गूगल फॉर्म में से लगभग 400 छात्रों ने बताया कि उनको अनुत्तीर्ण करार दिया गया है।

इस पर संज्ञान लेते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने शुक्रवार को विधि संकाय में इस गड़बड़ी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया जिसके उपरांत विश्वविद्यालय प्रशासन ने रिजल्ट की गड़बड़ी को ठीक करने की सूचना निकाली।


प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे अभाविप उत्तरी विभाग के विभाग संयोजक रोहित शर्मा ने कहा कि पिछले दिनों जारी हुए विधि संकाय के परिणामों में आई गड़बड़ी को लेकर आज हमने विधि संकाय में भारी संख्या में प्रदर्शन को अंजाम दिया। इसके उपरान्त विश्वविद्यालय प्रशासन ने सूचना जारी कर सभी परिणामों में तात्कालिक सुधार लाने की बात कही है।

छात्रों का कहना है कि दिल्ली विश्वविद्यालय के विधि संकाय में 400 से अधिक छात्रों को शून्य अंक देकर फेल कर दिया गया था। हालांकि अब प्रदर्शनकारी छात्र विश्वविद्यालय के आश्वासन के उपरांत नतीजों में बदलाव की उम्मीद कर रहे हैं। छात्रों का कहना है कि लॉ फैकेल्टी दोबारा से गणना करके सही रिजल्ट जल्द ही जारी करेगा।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia