सिनेमा

सिनेजीवन: अमिताभ बच्चन ने शादीशुदा पुरुषों को दी मजेदार सलाह और मां बनने के बाद पहली बार पब्लिक में दिखीं कैटरीना कैफ

इन दिनों 'कौन बनेगा करोड़पति 18' में भी अमिताभ बच्चन का अनोखा अंदाज देखने को मिल रहा है। अभिनेत्री कटरीना कैफ सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का शिकार हो गईं हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

अमिताभ बच्चन ने शादीशुदा पुरुषों को दी मजेदार सलाह, बोले-'विवाह की तिथि कभी मत भूलिएगा'

मेगास्टार अमिताभ बच्चन अपनी फिल्मों और दमदार एक्टिंग के लिए तो मशहूर हैं ही लेकिन उनकी हाजिरजवाबी भी लोगों को खूब पसंद आती है। जब भी उन्हें मौका मिलता है, वह अपनी बातों में ऐसा मजाक जोड़ देते हैं कि सामने बैठे लोग हंसने लगते हैं। इन दिनों 'कौन बनेगा करोड़पति 18' में भी अमिताभ का यही अंदाज देखने को मिल रहा है।

दरअसल, शो में अमिताभ एक कंटेस्टेंट से बात कर रहे थे। उन्होंने देखा कि कंटेस्टेंट को अपनी पहली मुलाकात और शादी की सालगिरह की तारीख अच्छी तरह याद थी। कंटेस्टेंट की इस बात से वह काफी प्रभावित हुए। इसके बाद उन्होंने मौके का फायदा उठाते हुए वहां मौजूद सभी पतियों और घर पर शो देख रहे शादीशुदा पुरुषों को एक जरूरी सलाह दे दी।

अमिताभ ने कहा, "जितने भी यहां पति लोग हैं, एक बात ध्यान से सुन लीजिए। जिस दिन आपका ब्याह हुआ था अपनी पत्नी के साथ, सारी दुनिया को भूल जाइए; उस डेट को कभी मत भूलिएगा। यह बहुत जरूरी तारीख है। पत्नियां कई बार पूछ सकती हैं कि आपको शादी की तारीख याद है या नहीं।"

अमिताभ ने कहा, 'और कहीं आपने गलती कर दी, भाई साहब, तो जूता, चप्पल, और बेलन सब चल पड़ेंगे।' उनकी यह बात सुनते ही शो का माहौल हंसी से भर गया।

मां बनने के बाद पहली बार पब्लिक में दिखीं कैटरीना कैफ, बढ़े वजन को देखकर ट्रोलर्स ने उड़ाया मजाक

 सेलिब्रिटीज की ट्रोलिंग सोशल मीडिया पर एक आम बात बन गई है, जहां उनके पहनावे, बयानों या सार्वजनिक दिखावे पर अक्सर अनावश्यक टिप्पणियां की जाती हैं। इसी बीच अभिनेत्री कटरीना कैफ सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का शिकार हो गईं।

हाल ही में अभिनेत्री कटरीना कैफ पति विक्की कौशल के साथ मुंबई में फिल्ममेकर कुकू कोहली के अंतिम संस्कार में पहुंचीं। इस दौरान वह प्रेग्नेंसी के बाद बढ़े वजन के साथ नजर आईं। उनकी तस्वीरें और वीडियो सामने आते ही कई ट्रोलर्स ने उनके लुक पर कमेंट करना शुरू कर दिया और सवाल उठाने लगे कि एक्ट्रेस को क्या हो गया है।

बता दें कि यह कपल दिवंगत फिल्ममेकर को अंतिम श्रद्धांजलि देने पहुंचा था और शोकाकुल परिवार से मिलने के बाद श्मशान घाट से रवाना हो गया। कुकू कोहली का मंगलवार (25 अगस्त) को 77 साल की उम्र में कार्डियक अरेस्ट के कारण निधन हो गया था।

ऋषिकेश मुखर्जी की पुण्यतिथि पर जैकी श्रॉफ ने किया याद, कहा-दूरदर्शी कहानीकार को दिल से नमन

चार दशकों से ज्यादा हिंदी सिनेमा में राज करने वाले निर्देशक ऋषिकेश मुखर्जी की पुण्यतिथी गुरुवार को मनाई जा रही है। इस मौके पर अभिनेता जैकी श्रॉफ ने निर्देशक को याद किया।

अभिनेता जैकी श्रॉफ ने इंस्टाग्राम पर निर्देशक की तस्वीर शेयर कर लिखा, "दूरदर्शी कहानीकार, ऋषि दा (ऋषिकेश मुखर्जी) को उनकी पुण्यतिथि पर दिल से याद करते हैं।"

 कोलकाता में जन्में ऋषिकेश मुखर्जी को भारतीय सिनेमा में ऋषि दा के नाम से जाना जाता था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक फिल्म संपादक (एडिटर) और कैमरामैन के रूप में की थी।

 वर्ष 1951 में वे मुंबई आ गए और महान फिल्मकार बिमल रॉय के साथ उनके सहायक निर्देशक और संपादक के रूप में काम किया। उन्होंने 'दो बीघा जमीन' (1953), 'परिणीता' (1953), और 'देवदास' (1955) जैसी फिल्मों में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

आशा भोसले के जन्मदिन पर उनका आखिरी रिकॉर्डेड गाना सुनेंगे फैंस, अंशुमन झा ने याद किया खास किस्सा

मशहूर गायिका आशा भोसले की आवाज ने कई पीढ़ियों को अपने गीतों से जोड़ा है। अब उनकी आवाज एक बार फिर पर्दे पर सुनाई देने वाली है। खास बात यह है कि यह गाना उनके आखिरी रिकॉर्ड किए गए फिल्मी गानों में से एक है। दरअसल, आने वाली ड्रामा-कॉमेडी फिल्म 'ओम का हरि' में आशा भोसले का गाना 'ऐ मेरी जिंदगी, तू छुपी है कहां' शामिल किया गया है। इस गाने से जुड़ी यादें फिल्म के अभिनेता और फिल्ममेकर अंशुमन झा ने साझा की हैं।

अंशुमन झा ने आईएएनएस से बात करते हुए आशा भोसले के साथ काम करने के अपने अनुभव को बताया। उन्होंने कहा, ''उनसे मिली एक सीख मेरे दिल में हमेशा रहेगी। वह गाना रिकॉर्ड करने आईं और उन्हें लगा कि इसे और बेहतर किया जा सकता है, तो उन्होंने उसे दोबारा और फिर तीसरी बार रिकॉर्ड किया।''

 उन्होंने कहा, ''आशा भोसले ने फिल्म की शूटिंग के कुछ सीन देखे थे और उन्हें वह फुटेज बहुत पसंद आया था। इसी वजह से वह गाने को दोबारा महसूस करना और उसके हर हिस्से को सही भाव के साथ पेश करना चाहती थीं। हर सुर को इमोशन्स के साथ सही तरीके से पेश करने की उनकी कोशिश और उनका प्यार भरा व्यवहार मुझे हमेशा याद रहेगा। मेरे लिए यह अनुभव सिर्फ एक महान गायिका के साथ काम करने का नहीं, बल्कि उनसे सीखने का भी था।''

 अंशुमन ने आशा भोसले से जुड़ा एक और खास किस्सा भी बताया। उन्होंने कहा, ''आशा जी ने मेरी फिल्म 'लकड़बग्घा' का ट्रेलर देखा था। ट्रेलर देखने के बाद उन्होंने मुझसे कहा था, 'इसका बहुत आशीर्वाद मिलेगा तुम्हें।' मुझे आशा जी के साथ अपने पसंदीदा कलाकारों में से एक किशोर कुमार के बारे में बात करने का भी मौका मिला था। यह बातचीत भी मेरे लिए एक खास याद बन गई।''

कॉलेज लाइब्रेरी में शूट हुआ 'अंडी बंडी' सॉन्ग, वीर पहाड़िया ने कोरियोग्राफर की जमकर तारीफ की

अभिनेता वीर पहाड़िया जल्द ही आगामी फिल्म 'प्रेम कीटाणु' में नजर आएंगे। गुरुवार को अभिनेता ने फिल्म का हालिया रिलीज सॉन्ग 'अंडी बंडी' के बीटिएस सोशल मीडिया पर शेयर किए।

इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में गाने के शूट के पल शामिल हैं। वीडियो में अभिनेता वीर पहाड़िया कोरियोग्राफर की जमकर सराहना कर रहे हैं। साथ ही, उन्होंने बताया कि गाने को कॉलेज की लाइब्रेरी में शूट किया गया।

वीडियो में वीर कहते हैं, "आज हम कॉलेज की लाइब्रेरी में गाने को शूट कर रहे हैं, गाना बहुत शानदार और हाई एनर्जी वाला है। हमने बड़े ही मजेदार तरीके से गाने को शूट किया है और हम सभी ने गाने में जान डाली है।

अभिनेता ने कोरियोग्राफर तेजस्वी की तारीफ करते हुए कहा, "तेजस्वी मैम के साथ ये मेरा चौथा गाना है, जो कि किसी भी एक्टर के लिए ये सपने जैसा है। हमने गाने को लेकर बहुत मेहनत की है। आशा करता हूं हमारे दर्शकों को हमारा काम पसंद आए।"

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए