
नई डॉक्यूमेंट्री सीरीज़ 'लॉरेंस ऑफ़ पंजाब' को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। बीते दिन ही मेकर्स ने डॉक्यूमेंट्री सीरीज़ की रिलीज डेट का एलान किया है। डॉक्यूमेंट्री सीरीज़ को 27 अप्रैल को रिलीज किया जाएगा। अब इस सीरीज को लेकर दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। उनका सरकार से सवाल है कि अब गैंगस्टर और अपराधियों की जिंदगी पर कहानी बनाकर युवाओं को प्रेरित किया जाएगा। सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "गैंगस्टरों को हीरो बनाकर पेश किया जा रहा है, जो युवाओं के लिए खतरनाक साबित हो सकता है।" उन्होंने कहा कि पंजाब में बहुत ऐसे शहीद योद्धा और वैज्ञानिक व खिलाड़ी हैं जिन पर फिल्म बनाई जा सकती है, लेकिन इस गैंगस्टर पर ही क्यों बनाई जा रही है।
उनका कहना है कि इस गैंगस्टर ने उनके बेटे को मौत के घाट उतारा है, जिसको लेकर आज तक इंसाफ नहीं मिला। उन्होंने कहा, "लॉरेंस गैंग पर अलग-अलग अपराधों के लिए कई धाराओं में केस दर्ज हैं और उन्होंने पंजाब के कई बच्चों को मौत के घाट उतारा है। ऐसे में या तो सरकार गलत है या फिर लॉरेंस गैंग। अगर वे इतने ही निर्दोष हैं, तो जेल में क्यों रखा है; सरकार को उन्हें जेल से बाहर कर देना चाहिए। मेरा सवाल सरकार से है कि वे गैंगस्टर और अपराधियों को इतना ग्लोरिफाई क्यों किया जा रहा है। सिद्धू मूसेवाला के पिता का कहना है कि “सरकार को इस तरह की फिल्मों पर रोक लगानी चाहिए। जो लोग अपराध की राह पर चलते हैं, उन्हें महिमामंडित करना बिल्कुल गलत है। पहले ही पंजाब में युवा गलत रास्तों की ओर जा रहे हैं और ऐसी फिल्में इस समस्या को और बढ़ा सकती हैं।"
बता दें कि नई डॉक्यूमेंट्री सीरीज़ 'लॉरेंस ऑफ़ पंजाब' लॉरेंस गैंग के पीछे की कहानी को दिखाती है। मेकर्स ने एक हालिया इंटरव्यू में खुलासा किया कि सीरीज ऐसी पहचानों के निर्माण के पीछे के कारणों को समझना और पर्दे पर उतारना है। माना जा रहा है कि सीरीज में लॉरेंस गैंग से जुड़े एक केस को आधार बनाकर कहानी की तरह पिरोया गया है।
Published: undefined
यश राज फिल्म्स की फिल्म 'सैयारा' से अपना डेब्यू करने वाली अनीत पड्डा एक बार फिर निर्देशक मोहित सूरी की अपकमिंग फिल्म ‘सतरंगा’ में अहान पांडे के साथ दिखने वाली हैं, लेकिन इसी बीच अभिनेत्री पर दुखों का पहाड़ टूट चुका है क्योंकि जीवन के सबसे प्यारे इंसान ने उन्हें अलविदा कह दिया है। अनीत पड्डा ने सोशल मीडिया के जरिए अपने दादा जी के निधन की जानकारी दी है, जो काफी समय से अल्जाइमर रोग से जूझ रहे थे। अभिनेत्री ने अपने दादा के हाथ की फोटो शेयर की है और अपने इमोशन को शब्दों के जरिए जाहिर किया।
उन्होंने लिखा, "मेरे जीवन का एकमात्र प्यार। आप मुझसे दूर जा रहे थे, लेकिन मक्खन (अनीत का निकनेम) को नहीं भूले। आपने प्यार को थामे रखा, भले ही आप यादों को थामे नहीं रख सके। मैं दोनों को थामे रहूंगी। मैं हमारे साथ बिताए सभी पलों को संजोकर रखूंगी। मैं एक अच्छा इंसान बनूंगी। मैं आपके चुटकुले याद रखूंगी और जब भी मौका मिलेगा उन्हें दोहराऊंगी। मैं आपकी दयालुता और आपकी रोशनी को हर अंधेरे कमरे में ले जाऊंगी। मैं आपकी कहानियां याद रखूंगी और दुनिया को सुनाऊंगी। मैं आपके प्यार को थामे रहूंगी। आपने मुझे सबसे शुद्ध और सबसे निशर्त प्यार करना सिखाया।" अनीत पड्डा ने लिखा, "आज मैंने आकाश में सबसे चमकीला तारा देखा और मैं जान गई कि आप कहां गए। मैं आपसे प्यार करती हूं दादाजी और हमेशा अपनी सीमाओं से परे करती रहूंगी।"
अभिनेत्री के पोस्ट से साफ है कि वे अपने दादाजी के साथ कितना लगाव रखती थीं। बता दें कि सैयारा रिलीज के समय भी अभिनेत्री के दादाजी की तबीयत खराब होने के वजह से थिएटर नहीं आ पाए थे, लेकिन फोन में कुछ वीडियो को देखकर उन्होंने अनीत को पहचान लिया था और चेहरे पर बड़ी स्माइल आ गई थी। यह पल अभिनेत्री के लिए बहुत खास रहा था। फिल्म रिलीज के बाद अभिनेत्री ने खुलासा किया था कि अल्जाइमर की वजह से दादाजी को उनका नाम भी याद नहीं रहता और वे उन्हें 'हीरापुत या मक्खन' कहकर बुलाते थे। गौर करने वाली बात यह भी है कि फिल्म सैयारा में अभिनेत्री ने अल्जाइमर से पीड़ित लड़की का ही रोल प्ले किया था। यही कारण है कि यह फिल्म अनीत पड्डा के दिल के बहुत करीब रही।
Published: undefined
फिल्म निर्माता-निर्देशक सूरज बड़जात्या दर्शकों के लिए जल्द ही फैमिली-एंटरटेनर फिल्म लेकर आ रहे हैं। प्रोडक्शन हाउस ने अपनी नई फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। यह एक म्यूजिकल फैमिली एंटरटेनर होगी, जिसमें आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। सूरज बड़जात्या की फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्माण राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स मिलकर कर रहे हैं। प्रोडक्शन हाउस ने इस प्रोजेक्ट की घोषणा करते हुए बताया कि यह फिल्म एक पारिवारिक कहानी पर आधारित होगी, जो दर्शकों को भावनाओं और संगीत से जोड़ने का प्रयास करेगी।
इस फिल्म के जरिए राजश्री प्रोडक्शंस का लोकप्रिय किरदार ‘प्रेम’ करीब 12 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी करेगा। इस बार इस किरदार को पहली बार आयुष्मान खुराना निभाएंगे। अपनी अलग तरह की एक्टिंग और सादगी भरे अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले आयुष्मान इस भूमिका में नया रंग भरते नजर आएंगे। वहीं, फिल्म में आयुष्मान के साथ पहली बार शरवरी वाघ की जोड़ी बनेगी। शरवरी का किरदार पारंपरिक राजश्री हीरोइनों की छवि को गढ़ता नजर आएगा, जिसमें सादगी, मजबूती और भावनात्मक गहराई देखने को मिलेगी। दोनों कलाकारों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को लेकर भी दर्शकों में उत्सुकता है।
फिल्म का संगीत हिमेश रेशमिया दे रहे हैं, जो लंबे समय बाद सूरज बड़जात्या के साथ काम कर रहे हैं। इससे पहले दोनों ने 'प्रेम रतन धन पायो' में साथ काम किया था, जिसका संगीत काफी लोकप्रिय हुआ था। ऐसे में इस नई फिल्म के गानों को लेकर भी बड़ी उम्मीदें जताई जा रही हैं। निर्माताओं का मानना है कि यह फिल्म परिवारों को एक बार फिर सिनेमाघरों तक खींचने में सफल होगी। 'ये प्रेम मोल लिया' भावनाओं, रिश्तों और संगीत के खूबसूरत संगम के साथ एक पारिवारिक मनोरंजन के रूप में अलग पहचान बनाने की कोशिश करेगी। सूरज बड़जात्या हाल ही में 'ऊंचाई' के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुके हैं और अब वह एक बार फिर अपनी साफ-सुथरी पारिवारिक फिल्म के साथ दर्शकों के बीच लौट रहे हैं।
Published: undefined
साउथ के सुपरस्टार जूनियर एनटीआर और मशहूर निर्देशक प्रशांत नील की आने वाली बड़ी फिल्म को लेकर नया अपडेट सामने आया है। इस प्रोजेक्ट को फिलहाल अस्थायी नाम 'एनटीआर नील' दिया गया है। यह फिल्म पहले 2026 में रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसकी तारीख बदल दी गई है। जैसे ही यह खबर सामने आई, फैंस के बीच हलचल तेज हो गई। इस फिल्म को पहले से ही बड़े प्रोजेक्ट के रूप में देखा जा रहा है, इसलिए हर छोटी-बड़ी अपडेट लोगों का ध्यान खींच रही है। मेकर्स ने एक्स पोस्ट के जरिए बताया कि 'एनटीआर नील' अब 11 जून 2027 को रिलीज होगी। इस पोस्ट में एक पोस्टर भी जारी किया गया है। पोस्टर में फिल्म का नाम और नई रिलीज तारीख बड़े अक्षरों में लिखे गए। साथ ही कैप्शन में बताया गया कि 20 मई को फिल्म की पहली झलक दिखाई जाएगी।
वहीं, जूनियर एनटीआर ने भी इंस्टाग्राम पर वही पोस्टर शेयर किया। उन्होंने कैप्शन में लिखा, "उनका राज है और उनकी जमीन है, और 'एनटीआर नील' के लिए 11 जून 2027 की तारीख तय हो चुकी है।" पोस्टर को देख अंदाजा लगाया जा रहा है कि फिल्म में उनका किरदार काफी ताकतवर और प्रभावशाली रहेगा। फिल्म को लेकर लोगों में पहले से ही काफी उत्साह है। जब से इस प्रोजेक्ट की घोषणा हुई है, तभी से फैंस इसके बारे में जानने के लिए उत्सुक हैं। कुछ खबरें यह भी कह रही हैं कि फिल्म में अनिल कपूर और बीजू मेनन भी नजर आ सकते हैं, लेकिन अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इस फिल्म की शूटिंग पिछले साल शुरू हो चुकी है और इसे बड़े स्तर पर तैयार किया जा रहा है। कई बड़े निर्माता मिलकर इस फिल्म को बना रहे हैं। निर्देशक प्रशांत नील इससे पहले भी बड़ी एक्शन फिल्में बना चुके हैं, इसलिए उनसे लोगों को काफी उम्मीदें हैं।
Published: undefined
1920, हॉन्टेड 3डी और शापित जैसी हॉरर फिल्म बनाने वाले विक्रम भट्ट की नई हॉरर फिल्म 'हॉन्टेड 3डी: एकोस ऑफ द पास्ट' दस्तक देने के लिए तैयार है। मेकर्स ने फिल्म को 12 जून को रिलीज करने का फैसला लिया है और अब फिल्म का पहला मोशन पोस्टर रिलीज किया है। मोशन पोस्टर के रिलीज से दर्शकों के बीच एक्साइटमेंट बढ़ गया है, क्योंकि विक्रम भट्ट की हॉरर फिल्में वाकई लोगों के दिलों में दशहत पैदा करती हैं। 'हॉन्टेड 3डी: एकोस ऑफ द पास्ट' का मोशन पोस्टर भारतीय फिल्म निर्माता आनंद पंडित ने शेयर किया है। मोशन पोस्टर को एआई की मदद से डरावना बनने की कोशिश की गई है। शुरुआत कांच के गोले से होती है और फिर अचानक एक डरावनी गुड़िया की झलक दिखाई देती है। पोस्टर में मिमोह चक्रवर्ती की झलक भी दिखने को मिली है।
बता दें कि फिल्म में मिमोह चक्रवर्ती के अलावा चेतना पांडे, श्रुति प्रकाश, गौरव बाजपेयी, प्रणीत भट्ट और हेमंत पांडे दिखने वाले हैं। फिल्म का निर्माण आनंद पंडित, राकेश जुनेजा और प्रोमोएज मीडिया प्राइवेट लिमिटेड ने मिलकर किया है और फिल्म का निर्देशन विक्रम भट्ट ने किया है। 'हॉन्टेड 3डी: एकोस ऑफ द पास्ट' फिल्म काफी समय से रिलीज का इंतजार कर रही है। पहले फिल्म 21 नवंबर, 2025 को रिलीज होने वाली थी, लेकिन फिल्म की रिलीज को बदलकर 30 जनवरी 2026 और फिर 6 फरवरी 2026 तक टाल दिया गया। अब मेकर्स ने फिल्म को 12 जून को रिलीज करने का फैसला लिया है।
बता दें कि आगामी हॉरर फिल्म में भट्ट और अभिनेता मिमोह चक्रवर्ती 2011 में आई फिल्म 'हॉन्टेड 3डी' के बाद फिर से साथ काम कर रहे हैं। इस बार चक्रवर्ती के साथ चेतना पांडे और अन्य कलाकार भी होंगे। 'हॉन्टेड' की तरह यह नई फिल्म भी 3डी में रिलीज होगी। इस फिल्म के कुछ हिस्सों को दोबारा शूट किया गया था। सितंबर में टीजर रिलीज के साथ विक्रम भट्ट ने जानकारी दी थी कि फिल्म में दर्शकों के लिए कुछ असली लोकेशन पर शूट किया गया है। शूटिंग 12 दिनों तक चली थी लेकिन फिल्म के ज्यादातर हिस्से को वीएफएक्स की सहायता से बनाया गया है।
Published: undefined
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined