सिनेमा

सिनेजीवनः रामगोपाल वर्मा ने AI की तुलना औद्योगिक क्रांति से की और लव गिल का बॉडी शेमिंग को लेकर छलका दर्द

निर्देशक प्रियदर्शन की आगामी क्राइम थ्रिलर फिल्म 'हैवान' में अभिनेता अक्षय कुमार विलेन के रोल में नजर आएंगे। निर्देशक ने खुलासा करते हुए बताया कि अक्षय कुमार विलेन के लिए पहली पसंद नहीं थे।

रामगोपाल वर्मा ने AI की तुलना औद्योगिक क्रांति से की और लव गिल का बॉडी शेमिंग को लेकर छलका दर्द
रामगोपाल वर्मा ने AI की तुलना औद्योगिक क्रांति से की और लव गिल का बॉडी शेमिंग को लेकर छलका दर्द फोटो: Getty Images

रामगोपाल वर्मा ने AI की तुलना औद्योगिक क्रांति से की

फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा फिल्म इंडस्ट्री में फिल्मों के साथ-साथ अपने बेबाक बयानों को लेकर जाने जाते हैं। सोमवार को निर्देशक ने एआई की तुलना इंडस्ट्रियल रिवोल्यूशन से की है, जिसने कई फिजिकल जॉब्स को खत्म कर दिया था। निर्देशक ने एक्स पर एक नोट शेयर किया, जिसमें उन्होंने कहा कि अब आर्टिफशियल इंटेलिजेंस उन नौकरियों को खत्म करने लगा है, जिनमें इंसानी सोच और क्रिएटविटी की जरूरत होती है। उन्होंने लिखा, "एआई के साथ सबसे पहले उनकी नौकरियां जाएंगी, जो इसे तुरंत नहीं अपना रहे हैं। तकनीक हमेशा हमारी सुविधा के लिए बनाई गई है ताकि हमें फिजिकल परेशानियों से बचाया जा सके और हमारा समय बर्बाद होने से बचाया जा सके।"

उन्होंने लिखा, "हम सभी हमेशा से चाहते थे कि हमें ज्यादा से ज्यादा फ्री टाइम मिले और अब एआई के साथ हमारी ये इच्छा सच होने जा रही है, जो हमें हमेशा के लिए फ्री कर देगा। हम इंसानों के पास दो चीजें थीं। एक ताकत जिससे हम काम करते हैं और दूसरा दिमाग जिससे हम सोचते और कुछ नया बनाते हैं।" निर्देशक ने इंडस्ट्रियल रिवोल्यूशन और एआई की तुलना करते हुए लिखा, "इंडस्ट्रियल रिवोल्यूशन ने फिजिकल नौकरियां खत्म करनी शुरू कीं और अब एआई हमारा दिमाग खत्म कर रहा है। जल्द ही हमारे पास दोनों ही नहीं बचेंगे और ये हमारी सबसे बड़ी इच्छा के सच होने जैसा ही है।"

रामगोपाल वर्मा ने अपनी बात खत्म करते हुए लिखा, "डब्लू. डब्लू. जैकोब्स की कहानी 'द मंकीज पॉ' में एडवर्ड एबे ने हमें इसी बारे में चेतावनी दी थी कि."जो मांगते हो, उससे सावधान रहो, वो सच हो सकता है और यह अब सच हो गया है।" फिल्ममेकर रामगोपाल वर्मा इन दिनों फिल्म 'पुलिस स्टेशन में भूत' फिल्म के निर्माण में बिजी हैं। यह फिल्म निर्देशक राम गोपाल वर्मा और मनोज बाजपेयी की जोड़ी को लगभग दो दशकों के बाद एक साथ वापस ला रही है। इस जोड़ी ने पहले 'सत्या', 'शूल' और 'रोड' जैसी बेहतरीन फिल्मों में साथ काम किया है।

बिग बॉस: लव गिल का बॉडी शेमिंग को लेकर छलका दर्द

पंजाबी अभिनेत्री और मॉडल लव गिल ने 'बिग बॉस 20' के घर में आते ही अपनी जिंदगी का एक ऐसा अनुभव साझा किया, जिससे शायद बहुत से लोग खुद को जोड़ पाएंगे। शो को शुरू हुए अभी एक दिन ही हुआ है, लेकिन घर में कंटेस्टेंट्स के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हो चुका है। इसी दौरान लव ने अमन गांधी के साथ बात करते हुए बताया कि बड़े होने के दौरान उन्हें अपने शरीर और वजन को लेकर लोगों की कई तरह की बातें सुननी पड़ीं। उन्हें सिर्फ ज्यादा वजन होने पर ही नहीं बल्कि वजन कम करने के बाद भी लोगों के तानों का सामना करना पड़ा। लव ने बताया कि उन्हें बहुत दुबला होने के कारण बॉडी शेमिंग झेलनी पड़ी है।

लव ने अमन से बातचीत के दौरान अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा, ''जब मेरा वजन थोड़ा ज्यादा था, तो लोग मेरी बॉडी को लेकर कमेंट करते थे। फिर मैंने वजन कम किया, लेकिन उसके बाद भी लोगों के पास कहने के लिए कुछ न कुछ होता था।'' लव ने कहा, ''वे मुझसे कहते थे कि मैं बहुत पतली दिखती हूं या मुझसे पूछते थे कि मैंने कुछ खाया है या नहीं। ऐसा लगता था कि मैं कुछ भी करूं, लोगों के पास मेरे लुक के बारे में अपनी राय होती थी।"

लव गिल पंजाबी इंडस्ट्री में अभिनेत्री और मॉडल के तौर पर अपनी पहचान बना चुकी हैं। उन्होंने म्यूजिक वीडियो से अपने करियर की शुरुआत की थी। साल 2019 में वह पंजाबी गायक करण औजला के एक लोकप्रिय म्यूजिक वीडियो में नजर आईं। इसके बाद लव ने टेलीविजन की दुनिया में कदम रखा और पंजाबी धारावाहिक 'तू पतंग मैं डोर' में जरीना का किरदार निभाया। टेलीविजन के बाद लव ने फिल्मों में भी काम करना शुरू किया। साल 2021 में वह पंजाबी फिल्म 'कुड़ियां जवान बापू परेशान' में नजर आईं। इसके बाद उन्होंने 'हेटर्ज', 'कुलचे छोले', 'गदर 1947: इक्क विच्छोड़ा' और 'वेखी जा छेड़ी ना' जैसी फिल्मों में काम किया। अब वह 'बिग बॉस 20' में नजर आ रही हैं।

'बिग बॉस 20' की शुरुआत 6 सितंबर को हुई है। इस सीजन में मनोरंजन, संगीत, खेल और डिजिटल दुनिया से जुड़े कई चेहरे शामिल हुए हैं। लव गिल के अलावा एमसी मैरी कॉम, कनिका मान, माही विज, कुशाल तंवर, अमन गांधी, ईशा रिखी, अरिश्फा खान, काजी तौकीर, आसिफ खान, आम्रपाली दुबे, रिति तिवारी, उदिति सिंह, तन्मय सिंह उर्फ स्काउटओपी, रोहेड खान और यंग डीएसए शो का हिस्सा हैं।

इस दिन रिलीज होगी परिणीति की 'शक: ट्रस्ट नो वन'

अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा की वेब सीरीज 'शक: ट्रस्ट नो वन' रिलीज के लिए तैयार है। सोमवार को मेकर्स ने सीरीज का पहला लुक और रिलीज डेट की घोषणा की है। मेकर्स ने इंस्टाग्राम पर सीरीज का पोस्ट शेयर कर लिखा, "शक की सुई चल पड़ी है, तारीख नजदीक आ रही है। सीरीज 'शक: ट्रस्ट नो वन' 24 सितंबर से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने जा रही है।" रिलीज डेट सामने आने के बाद फैंस और फिल्म से जुड़े कलाकार काफी उत्साहित नजर आए। अभिनेत्री जेनिफर विंगट समेत कई कलाकारों ने कमेंट सेक्शन पर उत्सुकता जाहिर की। परिणीति इसमें एक ऐसी मां के रोल में हैं, जो अपने खोए हुए बच्चे को ढूंढ रही है। इस सीरीज में सोनी राजदान, अनूप सोनी, जेनिफर विंगेट, हरलीन सेठी, ध्रुव चौधरी और सुमीत व्यास भी नजर आएंगे। इस मिस्ट्री थ्रिलर सीरीज को रेंसिल डी 'सिल्वा और सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा ने बनाया है और रेंसिल डी 'सिल्वा ने ही इसे डायरेक्ट किया है।

शो में भरोसे और शक, दिल की सुनने और सच्चाई, प्यार और जुनून के बीच की बारीक लकीर को दिखाया गया है। यह प्रोजेक्ट परिणीति चोपड़ा का ओटीटी और वेब सीरीज की दुनिया में डेब्यू है। इसकी कहानी एक ऐसी मां के इर्द-गिर्द घूमती है जो अपने खोए हुए बच्चे की तलाश करती है और धीरे-धीरे अपनों के ही गहरे राजों और धोखों में उलझती चली जाती है। डायरेक्टर और को-क्रिएटर रेंसिल डी 'सिल्वा ने 'शक: ट्रस्ट नो वन' को एक थ्रिलर है, जो अनिश्चितता पर बनी है।

उन्होंने कहा, "हर खुलासे के साथ एक नया सवाल खड़ा होता है और हर रिश्ते की एक और परत सामने आती है। मुझे सबसे ज्यादा इस बात ने अपनी ओर आकर्षित किया कि हम एक मां की इमोशनल जर्नी के जरिए एक सस्पेंस भरी कहानी को पर्दे पर ला रहे हैं, जो नौ साल से हार मानने को तैयार नहीं है। मैं खुशकिस्मत हूं कि मुझे नेटफ्लिक्स के साथ इस बोल्ड, इमोशनल और कई परतों वाली कहानी पर काम करने का मौका मिला।" डी'सिल्वा ने कहा कि उन्होंने एक ऐसी दुनिया बनाने की कोशिश की है जहां दर्शक लगातार सोचते रहें कि वो जो देख रहे हैं वो सच है या नहीं और किस पर भरोसा किया जाए।

हैवान में विलेन के लिए अक्षय नहीं थे प्रियदर्शन की पहली पसंद

निर्देशक प्रियदर्शन की आगामी क्राइम थ्रिलर फिल्म 'हैवान' में अभिनेता अक्षय कुमार विलेन के रोल में नजर आएंगे। निर्देशक ने खुलासा करते हुए बताया कि अक्षय कुमार विलेन के लिए पहली पसंद नहीं थे। प्रियदर्शन ने बताया कि फिल्म में सैफ अली खान को पहले फाइनल कर लिया गया था, लेकिन विलेन के लिए खोज जारी थी। उन्होंने यह भी बताया कि विलेन को खोजना मुश्किल था, क्योंकि कई एक्टर्स ने इस रोल को करने से मना कर दिया था।

निर्देशक प्रियदर्शन ने कहा, "पहले आप तय करते हैं कि आपको स्क्रिप्ट में किसे लाना है और फिर सोचते हैं कि कैरेक्टर में कौन फिट बैठता है। साथ ही, आप इस तरह की फिल्म की मार्केट वैल्यू पर भी विचार करते हैं। कास्टिंग के दौरान ये सभी बातें मायने रखती हैं। निर्देशक ने बताया कि सैफ अली खान को ही मैंने पहले कनफर्म किया था। मैंने कई लोगों से विलेन के रोल के लिए बात की थी, लेकिन सभी ने इस रोल के लिए मना कर दिया।

प्रियदर्शन ने बताया कि 'भूत बंगला' की शूटिंग के दौरान उन्होंने अक्षय कुमार से इस तरह के रोल का जिक्र किया था। उन्होंने कहा, "जब मैं अक्षय के साथ फिल्म 'भूत बंगला' की शूटिंग कर रहा था, तो मैंने यूं ही अभिनेता से कहा कि मैं साइको किरदार की तलाश में हूं और कई लोग इसके लिए मान नहीं रहे हैं। उन्होंने तुरंत कहा, 'मैं करूंगा।" प्रियदर्शन ने कहा, "मैंने सोचा अगर वो ये करने के लिए तैयार हैं तो ठीक है। मुझे अपनी फिल्म में एक दूसरा ही अक्षय कुमार देखने को मिलेगा, जैसा मैंने पहले कभी नहीं देखा। इसी बात ने मुझे सबसे ज्यादा एक्साइटेड किया।" प्रियदर्शन ने बताया कि अक्षय कुमार उनसे अक्सर कहते थे कि वे फिल्म में साइको का किरदार निभाना चाहते थे। उन्होंने कहा, "अगर आप मुझसे पूछें तो सैफ और अक्षय के साथ ये फिल्म प्लान नहीं की गई थी, लेकिन ऐसा हो गया।"

माही विज ने बताया क्यों छोड़ा था 'सहर होने को है'

टीवी की जानी-मानी एक्ट्रेस माही विज इन दिनों 'बिग बॉस 20' को लेकर चर्चा में हैं। सलमान खान द्वारा होस्ट किए जाने वाले इस रियलिटी शो में माही की एंट्री ने उनके फैंस को काफी उत्साहित किया है। शो में आने के बाद जहां दर्शक उनके अलग-अलग अंदाज को देखने के लिए उत्सुक हैं, वहीं उनके पिछले शो 'सहर होने को है' से बाहर होने को लेकर भी कई तरह की बातें सामने आ रही थीं। ऐसी चर्चा थी कि माही ने 'बिग बॉस' का हिस्सा बनने के लिए अपना पिछला शो छोड़ा है। अब एक्ट्रेस ने खुद इस बात पर चुप्पी तोड़ी है और बताया कि दोनों फैसलों का आपस में कोई लेना-देना नहीं है।

माही विज ने कहा, ''मैं 'सहर होने को है' को जनवरी में ही छोड़ने का फैसला ले चुकी थीं। हालांकि, शो छोड़ने की प्रक्रिया में काफी समय लग गया। मेरा बाहर निकलना अचानक लिया गया फैसला नहीं था। शो के क्रिएटिव्स भी मुझे इतनी जल्दी छोड़ने के लिए तैयार नहीं थे। इसलिए शो से अलग होने में मुझे समय लगा।'' माही ने कहा, ''सच कहूं तो मैं खुद भी उस समय शो छोड़ने के लिए पूरी तरह तैयार नहीं थीं। 'सहर होने को है' मेरे दिल के काफी करीब था। मैं इस शो से भावनात्मक रूप से जुड़ी हुई थीं और इसलिए इसे छोड़ना मेरे लिए आसान नहीं था। हालांकि, मैंने 'बिग बॉस' में एंट्री लेने के लिए अपना पिछला शो नहीं छोड़ा है। 'बिग बॉस' का ऑफर मुझे काफी बाद में मिला था। मैं पहले ही अपना फैसला ले चुकी थीं और 'बिग बॉस' का फैसला बाद में आया।''

बिग बॉस 20' का हिस्सा बनने को लेकर भी माही काफी उत्साहित नजर आईं। उन्होंने कहा, ''जिंदगी में समय-समय पर कुछ नया आजमाते रहना चाहिए। 'बिग बॉस' शो को देखना मुझे काफी पसंद हैं, लेकिन खुद इसमें आने को लेकर पहले कभी इतनी सीरियस नहीं थीं। इस बार मुझे खुद समझ नहीं आया कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि मैंने शो का हिस्सा बनने के लिए हां कह दी।'' माही ने कहा, ''हर काम का एक सही समय होता है और शायद मेरे लिए 'बिग बॉस' करने का समय अब आया है। यही वजह है कि इस बार मैंने इस मौके को स्वीकार कर लिया। अब मैं यह देखने के लिए भी उत्साहित हूं कि घर के अंदर मेरा सफर किस तरह आगे बढ़ता है।'' उन्होंने कहा, '''बिग बॉस' के घर में परिस्थितियां बदलती रहती हैं। अभी मैं नहीं जानती कि घर के अंदर मेरे व्यवहार का कौन सा रूप सामने आएगा। ऐसे में दर्शकों को मेरा एक ऐसा अंदाज भी देखने को मिल सकता है, जिसे उन्होंने पहले नहीं देखा होगा।''

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए