
जॉन अब्राहम अभिनीत फिल्म 'सत्यमेव जयते 2' दोगुने एक्शन, इमोशन, देशभक्ति और पंच से भरपूर होगी। इसके निर्देशक मिलाप जावेरी ने यह बात कही। 'सत्यमेव जयते' जो पिछले साल सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी इसके निर्माताओं ने इस फ्रेंचाइज की दूसरी फिल्म लाने की घोषणा की है।
जॉन ने कहा, "मुझे ओरिजनल फिल्म की कहानी बहुत पसंद आई थी और मैं कह सकता हूं कि यह ऐसी कहानी है जिसमें दर्शक एसएमजे2 के साथ जुड़ाव महसूस करेंगे। हमारा उद्देश्य एक बार फिर आज के दौर की एक प्रासंगिक कहानी के साथ दर्शकों का मनोरंजन करने का है।"
इसमें जॉन के साथ दिव्या खोसला कुमार होंगी। इसकी शूटिंग जल्द ही शुरू होंगी।
जावेरी ने कहा, "'सत्यमेव जयते 2' दोगुने एक्शन, इमोशन, पावर, देशभक्ति और पंच से भरपूर होगी। आशा करता हूं कि अगले गांधी जयंती तक हम दर्शकों के लिए एक जबरदस्त मनोरंजक फिल्म ले आएंगे जो भ्रष्टाचार के खिलाफ एक मजबूत संदेश भी देगा।"
'सत्यमेव जयते 2' के 2 अक्टूबर 2020 को रिलीज होने की उम्मीद है।
दुनिया के जाने-माने संगीतकार व गायक ए.आर.रहमान बुसान अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (बीआईएफएफ) में लाइव परफॉर्मेस करेंगे। इस महोत्सव में फिल्म '99 सॉन्ग्स' भी दिखाई जाएगी, जिसके लेखक ग्रैमी और ऑस्कर विजेता संगीतकार रहमान ही हैं। फिल्म की स्क्रीनिंग को लेकर उत्साहित रहमान ने कहा, "मैं इस समारोह का हिस्सा बनने और यहां अपनी फिल्म की स्क्रीनिंग को लेकर काफी खुश हूं।"
रहमान ने आगे कहा, "फिल्म का संगीत बेहद खास है और इसकी कहानी से इस हद तक जुड़ा हुआ है कि मैं स्क्रीनिंग से पहले इस खास समारोह में इसे दर्शकों के समक्ष लाना चाहता हूं।"
फिल्म '99 सॉन्ग' की स्क्रीनिंग यहां 9 अक्टूबर को होगी। हालांकि इससे पहले रहमान मंच पर लाइव परफॉर्म करेंगे। विश्वेश कृष्णमूर्ति द्वारा निर्देशित इस फिल्म में नवागंतुक इहान भट्ट भी हैं।
(आईएएनएस इनपुट के साथ)
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए