
सिने एंड टेलीविजन आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (सिंटा) की कमेटी को लेकर चल रहा विवाद अब संस्था के बैंक खातों और फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) तक पहुंच गया है। अभिनेत्री और सिंटा की पूर्व पदाधिकारी उपासना सिंह ने पूनम ढिल्लों और पद्मिनी कोल्हापुरे पर संस्था के फंड और बैंक अकाउंट को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।
आईएएनएस से खास बातचीत में उपासना ने दावा किया कि उन्होंने कमेटी के भंग होने के बाद फ्रीज किए गए बैंक अकाउंट को एक्सेस किया और सिंटा की एफडी का पैसा दूसरे अकाउंट में ट्रांसफर कर दिया गया।आईएएनएस से बात करते हुए उपासना ने कहा, ''हमारे पांच बैंकों में एफडी हैं और पांच बैंकों में अकाउंट हैं। जब हमारी कमेटी भंग हुई थी, तब दीपक पाराशर ट्रेजरर थे। इसलिए हमने सभी बैंकों को बताया था कि कमेटी भंग हो चुकी है। हमने उनसे कहा था कि जब नई कमेटी आए और जो भी कार्यभार संभाले, तभी अकाउंट खोले जाएं तब तक उन्हें फ्रीज रखा जाए।''
उन्होंने आगे कहा, ''अदालत का आदेश आने के बाद ही अकाउंट दोबारा खोले जाने चाहिए थे। लेकिन इसी बीच हमें पता चला कि संस्था का एक अकाउंट पहले ही खोला जा चुका था और सिंटा की एफडी से पैसा दूसरे अकाउंट में ट्रांसफर किया गया था। किसी संस्था की फिक्स्ड डिपॉजिट तोड़ने से पहले उसके सदस्यों की सहमति जरूरी होती है। आखिर बिना सदस्यों से पूछे एफडी कैसे तोड़ी जा सकती है?''
एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा ने अपनी अपकमिंग रोमांटिक थ्रिलर फिल्म 'तू है मेरी किरण' का फर्स्ट लुक शेयर कर फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ा दी है। फिल्म में सोनाक्षी के साथ उनके पति जहीर इकबाल नजर आएंगे। यह दोनों की साथ में दूसरी फिल्म है। पोस्टर सामने आते ही फिल्म की कहानी को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
सोनाक्षी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, ''आप प्यार और जुनून के बीच लकीर कहां खींचेंगे?''
पोस्टर में सोनाक्षी और जहीर एक टेबल पर साथ बैठे नजर आ रहे हैं। सोनाक्षी दूसरी तरफ देख रही हैं, जबकि जहीर उन्हें काफी गौर से देखते हुए नजर आ रहे हैं। पोस्टर का पूरा लुक फिल्म के रहस्य और रिश्ते के डार्क पहलू की ओर इशारा करता है।
पोस्टर के ऊपर अंग्रेजी में लिखा है, 'उसे एक कनेक्शन मिला, उसे एक जुनून मिल गया। पोस्टर पर फिल्म का नाम 'तू है मेरी किरण' और इसकी रिलीज डेट 23 अक्टूबर 2026 भी दी गई है।
आयुष्मान खुराना इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'उड़ता तीर' को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में वह एक पाकिस्तानी जासूस बिलाल अहमद के किरदार में नजर आएंगे, जिसे अपनी याद्दाश्त खोने के बाद यकीन होने लगता है कि वह भारतीय है।
फिल्म को लेकर उत्साहित आयुष्मान ने कहा कि वह किसी फिल्म को साइन करते समय यह नहीं देखते कि डायरेक्टर पहली फिल्म बना रहा है या दसवीं। उनके लिए सबसे ज्यादा मायने रखती है कहानी और उसे लेकर फिल्ममेकर का विजन।
बता दें कि आयुष्मान अपने करियर में लगातार ऐसी फिल्मों का हिस्सा बने है, जिनमें एंटरटेनमेंट के साथ अलग और मजबूत कहानी भी हो। 'दम लगा के हईशा', 'शुभ मंगल सावधान', 'ड्रीम गर्ल', 'शुभ मंगल ज्यादा सावधान' और 'डॉक्टर जी' जैसी फिल्मों में काम करने के बाद अब वह 'उड़ता तीर' में राइटर आकाश ए. कौशिक के साथ नजर आएंगे।
नए डायरेक्टर्स के साथ काम करने को लेकर आयुष्मान ने कहा, ''मेरे लिए स्क्रिप्ट हमेशा सबसे पहले आती है। मैं यह नहीं देखता कि कोई फिल्ममेकर अपनी पहली फिल्म डायरेक्ट कर रहा है या दसवीं। मैं यह देखता हूं कि उनके पास ऐसी कहानी और विजन है या नहीं, जो मुझे आर्कषित कर सके। मेरे करियर में सबसे यादगार अनुभव नए और अलग तरह के लोगों के साथ काम करने से आए हैं।''
अभिनेता अजय देवगन की थ्रिलर की फिल्म 'दृश्यम 3: द कन्क्लूज' रिलीज होने के लिए तैयार है। गुरुवार को फिल्म के निर्देशक अभिषेक पाठक की पत्नी और अभिनेत्री शिवालिका ओबेरॉय ने पति पर गर्व जताते हुए कहा कि इस फिल्म के पीछे कड़ी मेहनत और कई जागी रातें भी हैं।
अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर सेट की कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसमें उन्होंने बताया कि वह इस सफर को करीब से देख पाईं, यह उनके लिए सौभाग्य की बात है और साथ ही फिल्म में परिवार के एंगल के मजबूत होने का भी इशारा किया।
अभिनेत्री ने लिखा, "मैंने उस सपने को पूरा होते हुए देखा है, कड़ी मेहनत, बिना सोई रातें और उसके पीछे का जज्बा भी देखा है। कल दुनिया वो देखेगी, जो मैं अब तक देखती आ रही हूं और अगर आपने 'दृश्यम' देखी है, तो आप जानते ही हैं, जब परिवार की बात आती है, तो मेरे पति कोई मजाक नहीं करते।"
क्राइम थ्रिलर फिल्म 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' में एक बार फिर अजय देवगन विजय सलगांवकर के रोल में लौट रहे हैं। अभिषेक पाठक के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में तब्बू, श्रिया सरन, इशिता दत्ता, मृणाल जाधव, रजत कपूर, प्रकाश राज और जयदीप अहलावत भी हैं।
अभिनेत्री शिल्पा शिरोडकर हाल ही में अपने पुराने स्कूल गई थीं, जहां उन्होंने बचपने से जुड़ी यादों को ताजा किया। गुरुवार को अभिनेत्री ने अपनी इस यात्रा की झलक और अनुभव सोशल मीडिया पर शेयर किया।
अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर अपना एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वे कथक करती नजर आ रही हैं। शिल्पा शिरोडकर ने अपना अनुभव शेयर करते हुए लिखा, "35 साल बाद उसी स्कूल में फिर से डांस फ्लोर पर हूं, जहां मैंने गोपी कृष्णजी से कथक सीखा था। यहां पर आकर कितनी यादें ताजा हो गईं, वही जानी-पहचानी थाप और दिल खुशी से भर गया। फिर से डांस करके बहुत खुश हूं।"
अभिनेत्री शिल्पा शिरोडकर का यह पोस्ट काफी पसंद किया जा रहा है। उनकी बहन और अभिनेत्री नम्रता शिरोडकर ने कमेंट सेक्शन पर हार्ट इमोजी के साथ प्रतिक्रिया भी दी।
अभिनेत्री ने साल 1989 में मिथुन चक्रवर्ती और रेखा के साथ फिल्म 'भ्रष्टाचार' से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। हालांकि, बड़ी पहचान उन्हें फिल्म 'किशन कन्हैया' से मिली थी, जिसमें उनके काम को काफी सराहा गया था और साल 2000 में एम. एफ. हुसैन द्वारा निर्देशित फिल्म 'गजगामिनी' में अभिनय करने के बाद बॉलीवुड से ब्रेक ले लिया था।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए